Vinayak Chaturthi 2026:आज है विनायक चतुर्थी, जानिए गणेश जी की पूजा कब और कैसे करें

Vinayak Chaturthi 2026: विनायक चतुर्थी 13 नवंबर को मनाई जाएगी। जानें गणेश पूजा का शुभ मुहूर्त, आसान पूजा विधि, व्रत के नियम और धार्मिक महत्व।

Vinayak Chaturthi 2026: आज 13 नवंबर, शुक्रवार को विनायक चतुर्थी मनाई जा रही है। इस मौके पर गणेश जी की पूजा के साथ व्रत भी रखा जाता है। पूजा में दूर्वा, फूल और लड्डू चढ़ाने की परंपरा है। जानिए आज गणपति की पूजा के लिए कौन सा समय शुभ रहेगा।

Vinayak Chaturthi 2026: घर में शादी की बात चल रही हो, नया कारोबार शुरू करना हो या कोई दूसरा शुभ काम, लोग सबसे पहले गणेश जी का नाम लेते हैं। आज शुक्रवार, 13 नवंबर को विनायक चतुर्थी है। इस मौके पर गणपति के भक्त व्रत रखकर उनकी पूजा करते हैं। हिंदू पंचांग में हर महीने शुक्ल पक्ष की चौथी तिथि को विनायक चतुर्थी आती है। मान्यता है कि इस दिन गणेश जी की आराधना करने से काम में आने वाली बाधाएं दूर होती हैं। खास बात यह है कि इस व्रत में दोपहर के समय पूजा करने की परंपरा है।

आज विनायक चतुर्थी पर गणेश पूजा का शुभ समय क्या है?

पंचांग के अनुसार, कार्तिक शुक्ल पक्ष की चतुर्थी 12 नवंबर की शाम 6 बजकर 9 मिनट से शुरू होगी। यह तिथि अगले दिन यानी 13 नवंबर को रात 8 बजकर 42 मिनट तक रहेगी। ऐसे में विनायक चतुर्थी का व्रत शुक्रवार को रखा जाएगा।

 Vinayak Chaturthi 2026:आज है विनायक चतुर्थी, जानिए गणेश जी की पूजा कब और कैसे करें

इस दिन पूजा के समय का खास ध्यान रखा जाता है। आमतौर पर विनायक चतुर्थी में गणेश जी की पूजा दोपहर के समय की जाती है। द्रिक पंचांग के अनुसार, दिल्ली में 13 नवंबर को सुबह 11 बजकर 1 मिनट से दोपहर 1 बजकर 10 मिनट तक पूजा का मुहूर्त बताया गया है।

अगर आप दिल्ली से बाहर रहते हैं तो अपने शहर के अनुसार पूजा का समय देख सकते हैं। अलग-अलग जगहों पर मुहूर्त में कुछ मिनट का अंतर हो सकता है।

गणेश जी की पूजा के लिए घर में क्या तैयारी करें?

विनायक चतुर्थी की पूजा घर के मंदिर में भी आसानी से की जा सकती है। इसके लिए बहुत ज्यादा सामान जुटाने की जरूरत नहीं है। सुबह स्नान करने के बाद मंदिर की जगह साफ कर लें। एक छोटी चौकी पर लाल या पीला कपड़ा बिछाएं और उस पर गणेश जी की मूर्ति रख दें। मूर्ति नहीं है तो तस्वीर रखकर भी पूजा कर सकते हैं।

पूजा शुरू करने से पहले फूल, दूर्वा, चावल, सिंदूर, दीपक और भोग का सामान पास रख लें। गणेश जी को मोदक और लड्डू चढ़ाने की परंपरा है। इसलिए बहुत से घरों में इस दिन पहले से ही मिठाई तैयार कर ली जाती है।

सबसे पहले गणपति का ध्यान करते हुए पूजा का संकल्प लें। इसके बाद जल, फूल और अक्षत अर्पित करें। दूर्वा को गणेश पूजा में खास माना जाता है। मान्यता है कि भगवान गणेश को दूर्वा चढ़ाना शुभ होता है। इसके बाद सिंदूर लगाएं और तैयार किया हुआ प्रसाद चढ़ा दें।

पूजा के दौरान दीपक जलाकर 'ॐ गं गणपतये नमः' मंत्र बोल सकते हैं। कई घरों में इस अवसर पर गणेश चालीसा पढ़ी जाती है तो कुछ परिवार व्रत कथा सुनते हैं। इसके बाद गणपति की आरती करें। पूजा खत्म होने पर चढ़ाया गया प्रसाद घर के लोगों में बांट दें।

विनायक चतुर्थी का व्रत कैसे रखें?

विनायक चतुर्थी पर कुछ लोग सुबह से बिना कुछ खाए गणेश जी की पूजा करते हैं। पूजा पूरी होने के बाद फलाहार किया जाता है। हालांकि, सभी घरों में ऐसा नहीं होता। कहीं व्रत के दौरान दूध और फल खाए जाते हैं तो कहीं दोपहर तक उपवास रखने की परंपरा है। इस दिन घरों में सात्विक खाना बनाया जाता है। लोग अपने परिवार में चली आ रही रीति के मुताबिक व्रत रखते हैं।

अगर किसी को देर तक भूखे रहने से परेशानी होती है तो उसे जबरदस्ती उपवास नहीं करना चाहिए। खासकर बुजुर्गों और रोज दवा खाने वालों को इस बात का ध्यान रखना जरूरी है। खाली पेट रहने पर चक्कर आने या कमजोरी महसूस होने की समस्या है तो डॉक्टर से पूछकर ही व्रत रखें।

Leave a comment