भारत सरकार ने विदेशी नागरिकों के लिए वीजा प्रक्रिया आसान बनाने का फैसला किया है। अब मुख्य वीजा कैटेगरी 13 की जगह नौ होंगी। आवेदन फॉर्म में भी 65 से 70 प्रतिशत कम जानकारी देनी होगी।
नई दिल्ली: भारत घूमने, पढ़ाई करने, इलाज कराने या कारोबार के सिलसिले में आने वाले विदेशी नागरिकों के लिए अच्छी खबर है। केंद्र सरकार ने वीजा नियमों में कई अहम बदलाव किए हैं। गृह मंत्रालय ने बुधवार, 11 नवंबर 2026 को बताया कि वीजा की मुख्य श्रेणियां घटाकर नौ और सब-कैटेगरी 23 कर दी गई हैं। इसके साथ आवेदन फॉर्म भी छोटा किया गया है, ताकि विदेशी नागरिकों को कम जानकारी भरनी पड़े और आवेदन करने में आसानी हो।
अब 13 की जगह सिर्फ 9 वीजा कैटेगरी होंगी
भारत आने वाले विदेशी नागरिकों को अब अपनी यात्रा के उद्देश्य के अनुसार वीजा चुनने में पहले से कम परेशानी होगी। सरकार ने उन वीजा श्रेणियों को एक साथ कर दिया है, जिनका इस्तेमाल लगभग एक जैसे कामों के लिए किया जाता था। गृह मंत्रालय के मुताबिक, पहले मुख्य वीजा कैटेगरी की संख्या 13 थी, जिसे घटाकर नौ कर दिया गया है। इसी तरह सब-कैटेगरी 49 से कम करके 23 कर दी गई हैं।
नई व्यवस्था में बिजनेस, डिप्लोमैटिक, वर्क, जर्नलिस्ट, मेडिकल, ऑफिशियल, स्टूडेंट, विजिटर और मिसलेनियस वीजा शामिल हैं। सरकार ने यह फैसला विकसित देशों की वीजा व्यवस्था और अंतरराष्ट्रीय मानकों का अध्ययन करने के बाद लिया है। इसका उद्देश्य वीजा आवेदन में होने वाली उलझन कम करना और अलग-अलग यात्राओं के लिए स्पष्ट नियम उपलब्ध कराना है।
दो चरणों में सरकार ने बदली वीजा व्यवस्था
भारतीय वीजा प्रणाली को आसान बनाने की शुरुआत अक्टूबर 2025 में हुई थी। उस समय मुख्य श्रेणियों की संख्या 22 से घटाकर 13 की गई थी। वहीं, सब-कैटेगरी 63 से घटाकर 49 कर दी गई थीं। इसके बाद 27 अगस्त 2026 को दूसरे चरण में वीजा श्रेणियों की संख्या और कम करने का फैसला लिया गया। अब सरकार ने आवेदन फॉर्म में भी बदलाव किया है। पहले विदेशी नागरिकों को कई तरह की जानकारियां देनी पड़ती थीं। नए फॉर्म में जरूरी विवरण रखकर बाकी कॉलम कम किए गए हैं।
गृह मंत्रालय का कहना है कि सभी 23 श्रेणियों और उपश्रेणियों के आवेदन फॉर्म में 65 से 70 प्रतिशत तक कॉलम घटाए गए हैं। इससे आवेदन भरने में लगने वाला समय कम होने की उम्मीद है।
टूरिस्ट वीजा का नाम बदला, अब मिलेगा विजिटर वीजा
![]()
नई व्यवस्था में पर्यटक वीजा का नाम बदलकर विजिटर वीजा कर दिया गया है। इसे V-1 और V-2 नाम की दो श्रेणियों में बांटा गया है। V-1 वीजा कम समय के लिए भारत आने वाले लोगों को मिलेगा। इसमें पर्यटन के साथ बिजनेस मीटिंग, मेडिकल सलाह, वेलनेस कार्यक्रम, कम अवधि के इलाज और भारतीय संगीत, कला या भाषा से जुड़े छोटे कोर्स शामिल हैं। यह वीजा 30 दिनों के लिए कई बार प्रवेश की सुविधा के साथ दिया जाएगा।
वहीं, V-2 वीजा लंबी अवधि के लिए होगा। पात्रता और नियमों के आधार पर इसकी अवधि एक, पांच या दस साल हो सकती है। पर्वतारोहण के लिए छह महीने का मल्टीपल एंट्री वीजा देने का भी प्रावधान है।
मेडिकल और स्टूडेंट वीजा में क्या बदलाव किए गए?
भारत में इलाज कराने आने वाले विदेशी लोगों के लिए वीजा के नियम पहले से आसान किए गए हैं। अब सामान्य इलाज के लिए M-1 वीजा मिलेगा, जबकि आयुर्वेद, योग और दूसरी आयुष चिकित्सा पद्धतियों से इलाज कराने वाले लोग M-3 वीजा के लिए आवेदन कर सकेंगे। दोनों वीजा आमतौर पर एक साल के लिए जारी किए जा सकेंगे। इस दौरान मरीज जरूरत पड़ने पर कई बार भारत आ-जा सकेंगे।
अगर कोई मरीज अपने साथ परिवार के सदस्य या किसी देखभाल करने वाले व्यक्ति को लाना चाहता है, तो उसके लिए भी अलग व्यवस्था की गई है। सामान्य इलाज के लिए आने वाले मरीज के साथ M-2 और आयुष चिकित्सा के लिए आने वाले मरीज के साथ M-4 वीजा के तहत भारत आया जा सकेगा। विदेश से भारत पढ़ने आने वाले छात्रों के लिए भी वीजा की श्रेणियां तय की गई हैं। स्कूल से लेकर कॉलेज और पोस्ट ग्रेजुएशन तक की पढ़ाई के लिए S-1 वीजा रखा गया है। वहीं, पीएचडी करने, रिसर्च, इंटर्नशिप या स्टूडेंट एक्सचेंज प्रोग्राम में हिस्सा लेने वालों को S-2 वीजा मिलेगा।
जो विदेशी छात्र Study in India पोर्टल के जरिए भारतीय शिक्षण संस्थानों में दाखिला लेते हैं, उन्हें पात्रता और निर्धारित शर्तें पूरी करने पर पांच साल या कोर्स पूरा होने तक ई-वीजा मिल सकता है।
भारत में कारोबार करने वालों के लिए क्या बदला?
भारत में बिजनेस करने आने वाले विदेशी नागरिकों के लिए भी वीजा की प्रक्रिया को नए तरीके से बांटा गया है। अब बिजनेस वीजा की दो श्रेणियां B-1 और B-2 होंगी। अगर कोई विदेशी नागरिक भारत में अपना कारोबार शुरू करना चाहता है या किसी कंपनी से जुड़े लंबे समय के व्यावसायिक काम के लिए आ रहा है, तो उसके लिए B-1 वीजा का प्रावधान है। इसमें नया उद्योग लगाने या व्यावसायिक संस्थान खोलने वाले लोग भी शामिल होंगे।
वहीं, B-2 वीजा उन लोगों के लिए रखा गया है, जो किसी खास काम के सिलसिले में थोड़े समय के लिए भारत आते हैं। इसमें कॉन्ट्रैक्ट से जुड़े काम, कॉन्फ्रेंस में हिस्सा लेना, खेल प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम और फिल्म की शूटिंग जैसी गतिविधियां शामिल हैं।













