Dev Deepawali 2026: काशी में जलेंगे 11 लाख से ज्यादा दीये, चेत सिंह घाट पर होगा भव्य लेजर शो

Dev Deepawali 2026: काशी में देव दीपावली पर 11 लाख से ज्यादा दीये जलेंगे। चेत सिंह घाट पर भव्य लेजर शो होगा। जानें वाराणसी में उत्सव की तैयारियां।

वाराणसी में 24 नवंबर को देव दीपावली का भव्य आयोजन होगा। काशी के घाटों और कुंडों पर 11 लाख से अधिक दीये जलाने की तैयारी है। चेत सिंह घाट पर लेजर शो, गंगा महाआरती और ड्रोन शो भी आयोजित किए जाएंगे।

वाराणसी: देव दीपावली पर इस बार काशी का नजारा बेहद खास होने वाला है। गंगा किनारे के घाट लाखों दीयों की रोशनी से जगमगाएंगे, जबकि आसमान में ड्रोन शो और लेजर लाइट की चमक देखने को मिलेगी। मंगलवार, 24 नवंबर 2026 को होने वाले इस आयोजन के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को उच्चस्तरीय बैठक में सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।

24 नवंबर को 11 लाख दीयों से रोशन होगी काशी

कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर वाराणसी में देव दीपावली बड़े स्तर पर मनाई जाएगी। प्रशासन की योजना है कि इस बार गंगा के सभी पक्के घाटों, सामने के रेतीले तट और शहर के 100 से अधिक कुंडों पर 11 लाख से ज्यादा दीये जलाए जाएं। खास बात यह है कि आयोजन केवल गंगा घाटों तक सीमित नहीं रहेगा। सारनाथ, मार्कण्डेय महादेव मंदिर, शूलटंकेश्वर मंदिर और ग्रामीण क्षेत्रों के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भी दीप जलाने की व्यवस्था की जाएगी।

दीपोत्सव में महिला स्वयं सहायता समूहों की भागीदारी भी रहेगी। इन समूहों की ओर से तैयार किए गए दीयों का इस्तेमाल आयोजन में किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों से कहा कि देव दीपावली काशी की सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसलिए देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

चेत सिंह घाट पर लेजर शो, दशाश्वमेध घाट पर महाआरती

देव दीपावली की शाम गंगा किनारे कई विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। दशाश्वमेध घाट पर प्रसिद्ध गंगा महाआरती होगी। इसके बाद चेत सिंह घाट पर भव्य प्रोजेक्शन मैपिंग और लेजर शो दिखाया जाएगा। दशाश्वमेध और अस्सी घाट के सामने ड्रोन शो की भी तैयारी है। वहीं, श्रीकाशी विश्वनाथ धाम घाट के सामने ग्रीन आतिशबाजी का आयोजन प्रस्तावित है।

इन कार्यक्रमों के जरिए काशी की धार्मिक परंपराओं और आधुनिक तकनीक का अनोखा मेल देखने को मिलेगा। देव दीपावली से पहले 20 नवंबर से नमो घाट पर चार दिवसीय गंगा महोत्सव शुरू होगा। यह कार्यक्रम 23 नवंबर तक चलेगा। चारों दिन शाम को सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। मुख्यमंत्री ने स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं।

गंगा में नावों के लिए लागू होगी नई व्यवस्था

Dev Deepawali 2026: काशी में जलेंगे 11 लाख से ज्यादा दीये, चेत सिंह घाट पर होगा भव्य लेजर शो

देव दीपावली पर लाखों लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए गंगा में नावों की आवाजाही के लिए खास इंतजाम किए गए हैं। नमो घाट से अस्सी घाट तक नावों के संचालन के लिए टू-वे लेन सिस्टम लागू किया जाएगा। इसके तहत नावें नमो घाट से अस्सी घाट की ओर जाएंगी और वापस लौटते समय गंगा के रेतीले तट की तरफ निर्धारित रास्ते का इस्तेमाल करेंगी।

इसके लिए नदी में फ्लोटिंग वाटर जेट्टी की व्यवस्था की गई है। प्रशासन का उद्देश्य नावों की टक्कर और नदी में अनावश्यक भीड़ को रोकना है। इस दौरान डीजल से चलने वाली और दूसरे जिलों से आने वाली अनधिकृत नावों के संचालन पर रोक रहेगी। नाविकों को सुरक्षा नियमों की जानकारी देने के साथ प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।

घाटों की सुरक्षा के लिए 10 जोन और 27 वॉच टावर

भीड़ को संभालने के लिए पूरे घाट क्षेत्र को 10 जोन, 21 सेक्टर और 36 सब-सेक्टर में बांटा गया है। सभी क्षेत्रों में संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत 27 वॉच टावर लगाए जाएंगे। ड्रोन कैमरों से भीड़ पर नजर रखी जाएगी और जरूरत पड़ने पर त्वरित प्रतिक्रिया दल तुरंत मौके पर पहुंचेंगे।

इसके अलावा 21 प्रमुख घाटों पर एंटी-रोमियो स्क्वॉड तैनात रहेगी। जल पुलिस, गोताखोर और बचाव दल भी मौजूद रहेंगे। चेत सिंह घाट पर फ्लोटिंग रेस्क्यू स्टेशन बनाया जाएगा। श्रद्धालुओं की मदद के लिए 11 खोया-पाया केंद्र बनाए गए हैं। पर्यटक पुलिस ई-स्कूटर से गश्त करेगी, ताकि जरूरतमंद लोगों को सहायता मिल सके।

शहर में 31 पार्किंग स्थल, कई रास्तों पर बदलेगा ट्रैफिक

देव दीपावली के दौरान शहर में भारी भीड़ होने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन ने यातायात व्यवस्था में भी बदलाव करने की तैयारी की है। दूसरे जिलों से आने वाले भारी वाहनों के लिए सात प्रमुख डायवर्जन प्वाइंट तय किए गए हैं। शहर में 31 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था होगी। भीड़भाड़ वाले प्रमुख रास्तों पर ऑटो और ई-रिक्शा की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। आपातकालीन मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी व्यवस्थाएं तय समय पर पूरी कर ली जाएं। किसी भी श्रद्धालु को सुरक्षा या आवागमन से जुड़ी परेशानी नहीं होनी चाहिए।

20 से 25 नवंबर तक चलेगा विशेष सफाई अभियान

देव दीपावली के आयोजन को देखते हुए वाराणसी में 20 से 25 नवंबर तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। घाटों पर दीप जलाने के बाद तुरंत सफाई की व्यवस्था रहेगी, ताकि अगले दिन गंगा स्नान करने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी न हो। मुख्यमंत्री ने होटल संचालकों, टैक्सी चालकों और नाविकों के साथ तालमेल बनाकर काम करने को कहा है। उन्होंने पर्यटकों से उचित किराया लेने और स्थानीय लोगों की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया।

24 नवंबर को गुरु नानक जयंती भी मनाई जाएगी। इसे देखते हुए गुरुद्वारों में होने वाले कार्यक्रमों और लंगर के लिए भी प्रशासन को जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a comment