India Canada Relations: पीएम मोदी के दौरे से पहले ट्रेड डील पर कनाडाई राजदूत का बड़ा बयान, जल्द बनेगी सहमति

India Canada Relations: पीएम मोदी के दिसंबर दौरे से पहले कनाडाई राजदूत क्रिस्टोफर कूटर ने ट्रेड डील पर भरोसा जताया। जानें CEPA समझौते पर ताजा अपडेट।

भारत में कनाडा के उच्चायुक्त क्रिस्टोफर कूटर ने दोनों देशों के रिश्तों में तेजी से सुधार की बात कही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दिसंबर में पीएम मोदी की कनाडा यात्रा से पहले CEPA व्यापार समझौते का अंतिम मसौदा तैयार हो जाएगा।

नई दिल्ली: भारत और कनाडा के बीच पिछले कुछ समय से बेहतर हो रहे रिश्तों को लेकर कनाडाई उच्चायुक्त क्रिस्टोफर कूटर ने अहम बयान दिया है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के संबंध अब केवल पुरानी कड़वाहट भुलाकर नई शुरुआत करने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि सहयोग काफी आगे बढ़ चुका है। कूटर ने उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 11-12 दिसंबर की प्रस्तावित कनाडा यात्रा तक व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (CEPA) पर बातचीत पूरी हो सकती है।

पीएम मोदी के दौरे से पहले ट्रेड डील पर बड़ी उम्मीद

भारत में कनाडा के उच्चायुक्त क्रिस्टोफर कूटर ने टाइम्स ऑफ इंडिया के साथ बातचीत में दोनों देशों के व्यापारिक संबंधों को लेकर भरोसा जताया है। उनका कहना है कि भारत और कनाडा व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते को अंतिम रूप देने के काफी करीब पहुंच गए हैं। दोनों देशों के बीच इस सप्ताह व्यापार वार्ता का छठा दौर शुरू हुआ है। 

बुधवार, 11 नवंबर को केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कनाडा के अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंत्री मनिंदर सिद्धू से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने ऐसा समझौता तैयार करने पर जोर दिया, जिससे व्यापार और निवेश के नए अवसर पैदा हों। कूटर के मुताबिक, अगर बातचीत तय दिशा में आगे बढ़ती है, तो प्रधानमंत्री मोदी की दिसंबर यात्रा के दौरान समझौते पर वार्ता पूरी होने की घोषणा की जा सकती है। 

हालांकि, उन्होंने साफ किया कि अंतिम मसौदा तैयार होने के बाद भी समझौते को कानूनी मंजूरी मिलने में समय लगेगा। कनाडा में इस प्रक्रिया से प्रांतीय सरकारें भी जुड़ी हैं। दोनों देशों की औपचारिक मंजूरी के बाद ही समझौता लागू हो सकेगा।

'यह सिर्फ रीसेट नहीं, उससे कहीं आगे की बात है'

भारत-कनाडा संबंधों में आए बदलाव को लेकर कूटर ने कहा कि दोनों देशों ने अपेक्षा से कहीं तेजी से प्रगति की है। उन्होंने बताया कि जब वह सितंबर 2025 में भारत आए थे, तब रिश्तों में सुधार की प्रक्रिया शुरुआती दौर में थी। उस समय यह स्पष्ट नहीं था कि बातचीत कितनी तेजी से आगे बढ़ेगी या फिर दोनों देश दोबारा पीछे हट जाएंगे।

कूटर के मुताबिक, कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच लगातार बातचीत से हालात बदले। दोनों सरकारों ने व्यापार, ऊर्जा, सुरक्षा और तकनीक जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए कदम उठाए। उन्होंने पिछले महीने कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद की भारत यात्रा का भी जिक्र किया। कूटर के अनुसार, उस दौरान प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात में दोनों देशों के संबंधों में आई तेजी पर चर्चा हुई।

कूटर ने कहा कि रिश्तों में हुआ यह बदलाव केवल सामान्य कूटनीतिक सुधार नहीं है, बल्कि दोनों देशों के बीच सहयोग का दायरा पहले से ज्यादा व्यापक हुआ है।

भारत-कनाडा ट्रेड डील से कारोबारियों को क्या फायदा होगा?

भारत और कनाडा के बीच व्यापार समझौता होता है तो दोनों देशों के कारोबारियों के लिए नए रास्ते खुल सकते हैं। अभी कई सामानों के आयात-निर्यात में शुल्क और दूसरे नियमों की वजह से परेशानी आती है। प्रस्तावित CEPA समझौते में इन्हीं दिक्कतों को कम करने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि भारतीय कंपनियां कनाडा में और वहां की कंपनियां भारत में आसानी से कारोबार कर सकें।

कनाडा सरकार के आंकड़ों पर नजर डालें तो 2025 में दोनों देशों के बीच सामान और सेवाओं का कुल कारोबार करीब 30.4 अरब कनाडाई डॉलर का रहा था। अब भारत और कनाडा की कोशिश है कि 2030 तक यह आंकड़ा बढ़कर सालाना 70 अरब कनाडाई डॉलर तक पहुंच जाए। इसके लिए खेती से जुड़े उत्पाद, ऊर्जा, नई तकनीक, निवेश और सेवा क्षेत्र को लेकर बातचीत चल रही है।

भारत में कनाडा के उच्चायुक्त क्रिस्टोफर कूटर के मुताबिक, दोनों देश मुख्य व्यापार समझौते के साथ कुछ दूसरे समझौतों पर भी चर्चा कर रहे हैं। इनमें कारोबार के सिलसिले में एक देश से दूसरे देश जाने वाले लोगों और पेशेवरों की आवाजाही आसान बनाने जैसे मुद्दे शामिल हैं।

कूटर ने यह भी संकेत दिया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संभावित कनाडा यात्रा के दौरान अंतरिक्ष क्षेत्र में आपसी सहयोग को लेकर कुछ घोषणाएं हो सकती हैं। हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि दोनों देश किन परियोजनाओं पर साथ काम करेंगे और इनमें कितना निवेश होगा।

India Canada Relations: पीएम मोदी के दौरे से पहले ट्रेड डील पर कनाडाई राजदूत का बड़ा बयान, जल्द बनेगी सहमति

भारतीय छात्रों के लिए कनाडा में पढ़ाई के कितने मौके हैं?

कनाडा में पढ़ने की तैयारी कर रहे भारतीय छात्रों के बीच पिछले कुछ समय से वीजा और स्टडी परमिट के नियमों को लेकर चिंता बनी हुई है। विदेशी छात्रों की संख्या सीमित करने के फैसले के बाद कई परिवारों को लगने लगा था कि अब कनाडा में दाखिला लेना पहले से काफी मुश्किल हो जाएगा। इस पर कनाडा के उच्चायुक्त क्रिस्टोफर कूटर ने कहा कि उनका देश भारतीय छात्रों के लिए दरवाजे बंद नहीं कर रहा है। 

उनके मुताबिक, कनाडा में करीब तीन लाख भारतीय छात्र पढ़ाई कर रहे हैं। सरकार की कोशिश ऐसे छात्रों को रोकने की नहीं है, जो वास्तव में अच्छी शिक्षा हासिल करने के लिए वहां जाना चाहते हैं। कूटर ने बताया कि बीते वर्षों में कुछ शिक्षण संस्थान ऐसे भी सामने आए थे, जहां पढ़ाई से ज्यादा जोर छात्रों को कनाडा में स्थायी रूप से बसने का रास्ता दिखाने पर दिया जाता था। इसी वजह से सरकार को अंतरराष्ट्रीय छात्रों से जुड़े नियमों में बदलाव करने पड़े।

उन्होंने कहा कि विदेशी छात्रों के लिए तय सीमा अभी पूरी नहीं हुई है। ऐसे में जरूरी योग्यता रखने वाले भारतीय विद्यार्थी कनाडा में पढ़ाई के लिए आवेदन कर सकते हैं।

हालांकि, छात्रों को केवल किसी एजेंट या कॉलेज के दावे पर भरोसा करके फैसला नहीं लेना चाहिए। आवेदन से पहले यह जरूर देखना चाहिए कि संबंधित संस्थान को अंतरराष्ट्रीय छात्रों को दाखिला देने की अनुमति है या नहीं। स्टडी परमिट के मौजूदा नियम और जरूरी दस्तावेज भी कनाडा सरकार की आधिकारिक वेबसाइट से जांच लेने चाहिए।

दिसंबर में पीएम मोदी और मार्क कार्नी की मुलाकात क्यों अहम?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिसंबर 2026 में प्रस्तावित कनाडा यात्रा पर भी दोनों देशों के कारोबारियों की नजर है। मीडिया रिपोर्टों में 11 और 12 दिसंबर की संभावित तारीखें बताई गई हैं। इस दौरे में प्रधानमंत्री मोदी और कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के बीच व्यापार समझौते सहित कई मुद्दों पर बातचीत होने की उम्मीद है।

भारत और कनाडा के रिश्तों में पिछले कुछ वर्षों में काफी तनाव रहा था। इसका असर दोनों देशों के राजनीतिक संबंधों के साथ व्यापारिक बातचीत पर भी पड़ा। हालांकि, मार्क कार्नी के प्रधानमंत्री बनने के बाद रिश्तों को बेहतर बनाने की कोशिशें तेज हुई हैं।

Leave a comment