Pune

बैडमिंटन स्टार सायना नेहवाल और पति परुपल्ली कश्यप का हुआ अलगाव, इंस्टाग्राम पर साझा किया भावुक संदेश

बैडमिंटन स्टार सायना नेहवाल और पति परुपल्ली कश्यप का हुआ अलगाव, इंस्टाग्राम पर साझा किया भावुक संदेश

भारतीय बैडमिंटन स्टार और ओलंपिक मेडलिस्ट सायना नेहवाल और उनके पति परुपल्ली कश्यप ने एक-दूसरे से अलग होने का बड़ा फैसला ले लिया है। दोनों ने लंबे समय तक रिलेशनशिप में रहने के बाद 14 दिसंबर 2018 को शादी की थी।

Saina-Kashyap Separation: भारतीय बैडमिंटन की दुनिया से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है। ओलंपिक मेडलिस्ट और भारत की दिग्गज बैडमिंटन खिलाड़ी सायना नेहवाल (Saina Nehwal) ने अपने पति और पूर्व अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी परुपल्ली कश्यप (Parupalli Kashyap) से अलग होने का फैसला लिया है। इस बात की जानकारी खुद सायना नेहवाल ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिये दी, जिसमें उन्होंने अपने फैंस और चाहने वालों से इस फैसले को सम्मान देने की अपील की है।

सायना के इस फैसले से उनके फैन्स और बैडमिंटन प्रेमियों को गहरा झटका लगा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक दोनों आपसी सहमति से अलग हो रहे हैं और इस फैसले के पीछे किसी प्रकार की कानूनी लड़ाई या विवाद नहीं है।

सायना नेहवाल ने सोशल मीडिया पर जाहिर किया दर्द

इंस्टाग्राम स्टोरी के माध्यम से सायना नेहवाल ने अपने और कश्यप के अलग होने की जानकारी साझा की। उन्होंने लिखा- जिंदगी कभी-कभी हमें अलग-अलग दिशाओं में ले जाती है। बहुत सोचने और विचार करने के बाद, परुपल्ली कश्यप और मैंने अलग होने का फैसला किया है। हम अपने और एक-दूसरे के लिए शांति, विकास और अच्छी सेहत का चयन कर रहे हैं। 

मैं उन यादों के लिए आभारी हूं और उनके लिए भविष्य में शुभकामनाएं देती हूं। सायना ने आगे अपने फैन्स से कहा कि इस मुश्किल समय में वे उनके और कश्यप की निजता का सम्मान करें।

2018 में हुई थी शादी, अब 7 साल बाद राहें जुदा

सायना और परुपल्ली कश्यप की जोड़ी भारतीय बैडमिंटन में काफी चर्चित रही है। दोनों ने एक-दूसरे को लंबे समय तक डेट करने के बाद 14 दिसंबर 2018 को शादी की थी। सायना और कश्यप दोनों ही बैडमिंटन अकादमी हैदराबाद में एक साथ ट्रेनिंग किया करते थे, जहां से इनकी दोस्ती ने प्यार का रूप लिया। लेकिन सात साल के बाद दोनों ने अब अलग होने का फैसला लिया है।

सायना नेहवाल का बैडमिंटन करियर और हाल की चुनौतियां

सायना नेहवाल, जिन्होंने 2012 लंदन ओलंपिक में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचा था, भारत की पहली महिला बैडमिंटन खिलाड़ी हैं जिन्होंने ओलंपिक में पदक जीता। 2010 और 2018 के राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीत चुकीं सायना को विश्व नंबर-1 रैंकिंग हासिल करने वाली भारत की पहली महिला शटलर होने का गौरव भी प्राप्त है।

हाल के वर्षों में सायना घुटनों की गंभीर समस्या और गठिया जैसी बीमारी से जूझ रही हैं। सितंबर 2024 में एक पॉडकास्ट में उन्होंने कहा था कि उनकी फिटनेस ठीक नहीं है और उनका कार्टिलेज भी खराब हो चुका है, जिससे घंटों प्रैक्टिस करना अब उनके लिए संभव नहीं रहा। यही वजह है कि उन्होंने धीरे-धीरे अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन से दूरी बना ली थी।

परुपल्ली कश्यप का शानदार करियर और संघर्ष

परुपल्ली कश्यप, जो खुद भी राष्ट्रमंडल खेल 2014 के स्वर्ण पदक विजेता रह चुके हैं, भारतीय पुरुष बैडमिंटन के प्रमुख नामों में से एक रहे हैं। वह 2012 ओलंपिक में क्वार्टर फाइनल तक पहुंचने वाले पहले भारतीय पुरुष खिलाड़ी बने थे। कश्यप ने अपने करियर में पूर्व ऑल इंग्लैंड चैंपियन प्रकाश पादुकोण और पुलेला गोपीचंद से ट्रेनिंग ली थी। अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ दौर में वे विश्व रैंकिंग में नंबर-6 तक पहुंचे थे। हालांकि, लगातार चोटों के चलते वह लंबे समय तक कोर्ट से दूर रहे और धीरे-धीरे अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन में उनका करियर थम गया।

सायना और कश्यप की जोड़ी को भारत में बैडमिंटन का 'पावर कपल' कहा जाता था। दोनों अक्सर साथ में टूर्नामेंट्स, प्रमोशन और सोशल मीडिया पोस्ट में नजर आते थे। ऐसे में इनके अलगाव की खबर ने खेल जगत और फैन्स को दुखी कर दिया है। फैंस सोशल मीडिया पर दोनों के लिए शुभकामनाएं दे रहे हैं और उनकी निजी जिंदगी के इस फैसले का सम्मान करने की बात कह रहे हैं।

Leave a comment