पुर्तगाल के दिग्गज फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने 40 साल की उम्र में एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। उन्होंने FIFA वर्ल्ड कप क्वालिफायर्स में सर्वाधिक गोल करने का कीर्तिमान तोड़ दिया।
स्पोर्ट्स न्यूज़: 40 साल की उम्र में भी फुटबॉल के दिग्गज क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने अपने करियर में एक और रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। पुर्तगाल ने FIFA वर्ल्ड कप क्वालिफायर्स के हंगरी के खिलाफ मैच में रोनाल्डो की शानदार प्रदर्शन के दम पर 2 गोल किए। इन गोलों के साथ रोनाल्डो ने वर्ल्ड कप क्वालिफायर्स में सर्वाधिक गोल करने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
मंगलवार को लिस्बन के जोस अल्वाडे स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में रोनाल्डो ने हंगरी के खिलाफ पहला गोल 22वें मिनट में किया। यह उनका करियर का 947वां गोल था। हाफ टाइम से ठीक पहले 45वें मिनट में उन्होंने दूसरा गोल कर 948वां गोल बनाया। इन दोनों गोलों के साथ रोनाल्डो की वर्ल्ड कप क्वालिफायर्स में गोल संख्या 41 तक पहुंच गई, जिससे उन्होंने ग्वाटेमाला के कार्लोस रुइज (39 गोल) को पीछे छोड़ दिया।
लियोनेल मेसी से आगे निकले रोनाल्डो
क्रिस्टियानो रोनाल्डो अब FIFA वर्ल्ड कप क्वालिफायर्स के इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने अर्जेंटीना के चिर-प्रतिद्वंद्वी लियोनेल मेसी (36 गोल) से 5 गोल अधिक कर लिए हैं। इसके अलावा इस सूची में ईरान के अली देई (35 गोल) और पोलैंड के रॉबर्ट लेवांडोव्स्की (33 गोल) भी शामिल हैं।
रोनाल्डो की यह उपलब्धि उनके 40वें जन्मदिन के समय पर आई है, जो यह साबित करती है कि उम्र केवल एक संख्या है और खेल के प्रति उनका समर्पण और मेहनत अब भी कमाल की है।
मैच का संक्षिप्त विवरण
पुर्तगाल ने इस मैच में शुरूआत में चुनौती का सामना किया।
- 8वें मिनट में हंगरी ने बढ़त हासिल की।
- 22वें मिनट में रोनाल्डो ने पहला गोल करके स्कोर 1-1 किया।
- हाफ टाइम से ठीक पहले 45वें मिनट में रोनाल्डो ने दूसरा गोल कर टीम को 2-1 से आगे कर दिया।
हालांकि, मैच के इंजरी टाइम में हंगरी ने बराबरी करवा दी, जिससे खेल का रोमांच अंतिम मिनट तक कायम रहा। मैच के बाद पुर्तगाल के कोच रॉबर्टो मार्टिनेज ने निराशा व्यक्त की। उन्होंने कहा, हमने आखिरी 10 मिनट में खेल को अच्छी तरह से मैनेज नहीं किया। अगर आप खेल को खत्म नहीं कर पाते हैं, तो आपको उसे अंत तक मैनेज करना आना चाहिए। आज हम खेलना बंद कर गए और हंगरी ने बराबरी कर ली।