बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) में हालिया चुनावी विवाद और प्रशासनिक अस्थिरता के बाद नए अध्यक्ष तमीम इकबाल ने बड़ी प्रतिक्रिया दी है। मीरपुर के शेर-ए-बांग्ला नेशनल स्टेडियम में आयोजित अपनी पहली आधिकारिक बैठक के बाद तमीम ने मीडिया से बातचीत में स्पष्ट किया कि बोर्ड अपनी पिछली गलतियों से सीखकर आगे बढ़ेगा और खोई हुई प्रतिष्ठा को दोबारा स्थापित करेगा।
स्पोर्ट्स न्यूज़: बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के नए अध्यक्ष Tamim Iqbal ने मंगलवार को मीरपुर के शेर-ए-बांग्ला नेशनल स्टेडियम में बोर्ड की एड-हॉक कार्यकारी कमेटी के साथ अपनी पहली आधिकारिक बैठक की। बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए तमीम इकबाल ने बोर्ड की विश्वसनियता को वापस लाने और इसे मजबूत करने की जरूरत पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि नई एड-हॉक कमेटी के साथ मिलकर वे पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने के लिए काम करेंगे, ताकि बांग्लादेश क्रिकेट में सुधार और विश्वास बहाल किया जा सके।
‘खोई हुई प्रतिष्ठा वापस लाना हमारी जिम्मेदारी’
तमीम इकबाल ने कहा, “मुझे पूरा विश्वास है कि पिछले डेढ़ साल में जो क्रिकेट की प्रतिष्ठा को नुकसान हुआ, उसे हमें मिलकर ठीक करना होगा। हमें बांग्लादेश क्रिकेट में गर्व लौटाना है। चाहे हम अच्छा प्रदर्शन करें या न करें, आलोचना हमेशा रहेगी, लेकिन हम चाहते हैं कि क्रिकेट हमारे देश के लिए गर्व का जरिया बने।
उन्होंने यह भी कहा कि बीसीबी में काम करने वाले और काम कर चुके सभी लोग यह महसूस करें कि यहां काम करना सम्मान की बात है। तमीम ने स्पष्ट किया कि अब समय है पुराने गौरव को वापस लाने का।
![]()
बेहतर के लिए बदलाव और खिलाड़ियों का सम्मान
तमीम ने बोर्ड के सुधार को लेकर अपने दृष्टिकोण साझा करते हुए कहा, “हम सिर्फ बातों में नहीं, बल्कि अच्छे बदलाव के लिए काम करेंगे। गलतियां होंगी, हमारी टीम से भी होंगी, लेकिन उनसे सीखना और सुधार करना हमारा मुख्य उद्देश्य है। खिलाड़ियों और सभी स्टेकहोल्डर्स का सम्मान हमारी प्राथमिकता होगी। उनका कहना था कि पारदर्शिता, जवाबदेही और भरोसा बहाली इस समय बोर्ड की सबसे बड़ी जरूरत हैं।
बांग्लादेश के नेशनल स्पोर्ट्स काउंसिल ने एड-हॉक कमेटी को 90 दिनों के भीतर बीसीबी के नए चुनाव कराने की जिम्मेदारी दी है। तमीम ने कहा, “हम इस जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी से निभाएंगे। हमारी कोशिश होगी कि तीन महीने के भीतर स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव संपन्न हो। चुनाव के दौरान सबको शामिल करना हमारी प्राथमिकता होगी।
तमीम ने यह भी कहा कि चुनाव में मौजूदा बोर्ड सदस्य, खिलाड़ी और आयोजक शामिल होंगे। उनका मकसद ऐसा माहौल बनाना है, जिसमें सभी स्टेकहोल्डर निष्पक्ष रूप से भाग ले सकें। उन्होंने यह भरोसा दिलाया कि बोर्ड की रोजमर्रा की गतिविधियों, टूर्नामेंट्स और आगामी आईसीसी बैठक में बांग्लादेश का प्रतिनिधित्व भी प्रभावी ढंग से किया जाएगा।












