ब्यावर में माली बिल्डिंग मटेरियल के दुकानदार युवराज दगदी को शराब के पैसे न चुकाने पर बदमाशों ने पीटा और दुकान में तोड़फोड़ की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का दावा किया है।
Rajasthan: पीड़ित युवराज दगदी ने बताया कि शनिवार शाम 8 बजे उसके दुकान पर 8 से 10 युवक पहुंचे। वे शराब के लिए पैसे मांगने लगे, लेकिन युवराज ने मना कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने उसे दुकान से बाहर घसीट लिया और पाइप व लाठियों से मारपीट शुरू कर दी। हमला इतना तेज था कि दुकान में भी तोड़फोड़ हुई।
अधिकांश आरोपी चेहरे ढककर आए थे
युवराज ने बताया कि हमले के समय आधे से अधिक आरोपियों ने अपने चेहरे रूमाल से ढक रखे थे। उन्होंने खुद को किसी गैंग से जुड़ा बताया और दुकानदार को डराने का प्रयास किया। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
स्थानीय लोग और माली समाज इस घटना से आक्रोशित हैं। समाज ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए प्रशासन को ज्ञापन देने का निर्णय लिया है।
पुलिस की जांच
एसआई चेतन सिंह ने बताया कि पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया है। इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। फुटेज से आरोपियों की पहचान करने के बाद जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
पुलिस ने बताया कि आरोपी इलाके में भय और दहशत फैलाने के लिए इस तरह की वारदात करते रहते हैं। घटना के समय दुकान पर कोई और ग्राहक नहीं था, जिससे किसी अन्य को चोट नहीं लगी।










