सतना के रामवन पथ गमन हाईवे पर भैंसों से भरे कंटेनर और ट्रक की टक्कर में कई भैंसों की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक फरार हो गया। पुलिस को अवैध पशु परिवहन की आशंका है और जांच जारी है।
Madhya Pradesh: सतना शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत तिघरा मोड़ के पास मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया। रामवन पथ गमन हाईवे पर भैंसों से भरे एक कंटेनर और सामने से आ रहे अनाज लदे ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
हादसा सुबह करीब चार बजे हुआ, जब सड़क पर यातायात अपेक्षाकृत कम था। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन हाईवे से नीचे उतरकर पलट गए। कंटेनर क्रमांक MP 20 JJ 1308 और ट्रक क्रमांक MP 21 ZD 9367 पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
कंटेनर में ठूंसकर भरी गई थीं भैंसें
टक्कर के बाद कंटेनर में भरी गई भैंसें बुरी तरह फंस गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कंटेनर में 50 से अधिक भैंसों को बेहद तंग हालत में भरा गया था। हादसे के बाद कई भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई गंभीर रूप से घायल हो गईं।
हाईवे किनारे घायल और मृत जानवरों के बिखर जाने से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानवरों की करुण चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और राहगीरों ने सिटी कोतवाली पुलिस को जानकारी दी। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और लोगों की मदद से घायल भैंसों को कंटेनर से बाहर निकलवाया।
कुछ भैंसों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने हाईवे पर यातायात को नियंत्रित कर स्थिति को सामान्य कराया। दुर्घटना के कारण कुछ देर तक सड़क पर आवागमन बाधित रहा।
हादसे के बाद चालक फरार
हादसे के बाद कंटेनर का चालक मौके से फरार हो गया। चालक के भागने से पुलिस को शक है कि मामला सामान्य दुर्घटना से जुड़ा नहीं है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि भैंसों को सतना से जबलपुर की ओर ले जाया जा रहा था।
जिस तरह से जानवरों को क्षमता से अधिक और अमानवीय तरीके से कंटेनर में भरा गया था, उससे पशु तस्करी की आशंका जताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि यह अवैध पशु परिवहन का मामला हो सकता है।
मालिक की तलाश जारी
पुलिस अब कंटेनर के मालिक और फरार चालक की पहचान में जुटी है। साथ ही पशुओं के परिवहन से जुड़े दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी गई है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि जानवरों का परिवहन कानूनी था या नहीं।
सिटी कोतवाली पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। चालक और वाहन मालिक के सामने आते ही पशु क्रूरता और अन्य धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।










