मुंबई के भांडुप में पत्नी ने तीन साथियों के साथ मिलकर पति को कर्ज दिलाने के बहाने हनीट्रैप में फंसाकर 1.73 करोड़ रुपये की ठगी कर ली। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की है।
मुंबई: भांडुप इलाके से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां पत्नी ने पति को आर्थिक मदद दिलाने का भरोसा देकर अपने ही साथियों के साथ करोड़ों की ठगी कर डाली। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने पत्नी समेत चार आरोपियों पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल सभी आरोपियों को नोटिस भेजा गया है, लेकिन गिरफ्तारी अभी बाकी है।
कर्ज दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी
भांडुप के निवासी विशाल अशोक रोडे ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत में बताया कि उनकी पत्नी पूनम रोडे एक निजी कंपनी में काम करती है। इसी दौरान उसकी दोस्ती कुछ लोगों से हुई। 2019 में पूनम ने विशाल को भरोसा दिलाया कि उसके साथी उसे बड़ा कर्ज दिलाने में मदद करेंगे।
कर्ज की सख्त जरूरत के चलते विशाल ने पत्नी की बात मान ली। शुरुआत में आरोपियों ने प्रोसेसिंग फीस के नाम पर 6.92 लाख रुपये वसूले। लेकिन लाखों देने के बाद भी कर्ज मंजूर नहीं हुआ। इस बीच विशाल को झांसे में रखने के लिए पूनम और उसके सहयोगी लगातार नए-नए बहाने बनाते रहे।
अश्लील तस्वीरों से किया ब्लैकमेल
शिकायत के अनुसार, जब विशाल ने बार-बार कर्ज को लेकर सवाल किए तो आरोपियों ने एक महिला को बीच में लाकर उससे बातचीत शुरू कराई। धीरे-धीरे बातचीत नजदीकी में बदल गई और महिला ने विशाल के साथ अश्लील तस्वीरें साझा करनी शुरू कर दीं।
इन्हीं तस्वीरों को आधार बनाकर विशाल को ब्लैकमेल किया जाने लगा। डर और बदनामी के चलते विशाल ने चुप्पी साध ली। इस बीच 2022 से लेकर अब तक पूनम ने हर महीने उसके खाते से 2.20 लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करवाए। कुल मिलाकर लगभग 82.23 लाख रुपये उसके खाते में जमा हो गए।
संपत्ति के कागजों पर भी जबरन हस्ताक्षर
मामला यहीं नहीं थमा। आरोपियों ने विशाल से उसकी संपत्ति के दस्तावेजों पर भी जबरन हस्ताक्षर करवाए। लगातार आर्थिक शोषण और दबाव के चलते विशाल मानसिक रूप से टूट चुका था। आरोपियों ने अब तक करीब 1.73 करोड़ रुपये की ठगी कर ली थी।
आखिरकार लंबे समय तक प्रताड़ना सहने के बाद विशाल ने हिम्मत जुटाई और भांडुप थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने पत्नी पूनम रोडे और उसके तीन साथियों के खिलाफ धोखाधड़ी और ब्लैकमेलिंग का मामला दर्ज कर लिया।
भांडुप पुलिस ने चार आरोपियों पर मामला दर्ज किया
भांडुप पुलिस के मुताबिक, मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी चार आरोपियों पर मामला दर्ज कर लिया गया है। हालांकि अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। सभी को पूछताछ के लिए नोटिस जारी किया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह मामला न केवल आर्थिक अपराध का उदाहरण है, बल्कि इसमें रिश्तों के नाम पर धोखा और मानसिक प्रताड़ना का पहलू भी जुड़ा हुआ है। जांच पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।