भीलवाड़ा के छात्रों का ट्रांसफर विरोध 3 दिन से जारी है। गुरुवार को 7 छात्राओं की तबीयत बिगड़ी। SDM की समझाइश काम नहीं आई। ग्रामीण बच्चों का समर्थन कर रहे हैं, जबकि 11 को नोटिस जारी किया गया है।
Rajasthan: भीलवाड़ा के नंदराय कस्बे में गुरुवार शाम करीब 5.30 बजे राजकीय आदर्श उच्च माध्यमिक स्कूल में धरने पर बैठी 7 छात्राओं की तबीयत अचानक बिगड़ गई। छात्राएं सुबह से भूखी थीं। इसके कारण 2 छात्राएं बेहोश हो गईं और 5 अन्य बदहवास होकर रोने लगीं। स्कूल स्टाफ और साथी छात्रों ने पानी पिला कर उन्हें संभाला और स्टाफ रूम में ले जाकर डॉक्टर को बुलाया। डॉक्टरों ने चेकअप के बाद सभी छात्राओं को घर भेज दिया। स्कूल में करीब 600 छात्र पढ़ते हैं और धरने की वजह से पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
शंकरलाल जाट का ट्रांसफर
11 जनवरी को भूगोल के लेक्चरर शंकरलाल जाट का नंदराय स्कूल से राजेंद्र मार्ग स्कूल में ट्रांसफर कर दिया गया। छात्रों ने इसका विरोध करते हुए 12 जनवरी को शाम 4 बजे धरना शुरू कर दिया। जब कोई अधिकारी सुनवाई के लिए नहीं पहुंचे तो छात्र रात को धरना स्थल पर ही सो गए। ठंड के बावजूद बच्चे लगातार तीन दिन धरने पर बैठे रहे। ट्रांसफर के विरोध में छात्र 14 जनवरी को टीसी कटवाने को भी तैयार हो गए। ग्रामीण और परिजन बच्चों के समर्थन में धरने में शामिल हुए।

ग्रामीणों ने कहा, 'हम बच्चों की खुशी में ही खुश हैं। हमारी बस यही मांग है कि शंकरलाल सर वापस आएं। उन्होंने पिछले 8 साल से बच्चों को पढ़ाया है और बच्चों को उनसे पढ़ाई में उत्साह मिलता है।' छात्र भी नारे लगा रहे थे - 'शंकर सर का ट्रांसफर रद्द करो'।
SDM की समझाइश
गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे SDM तान्या रिणवा धरने पर पहुंचीं और छात्रों से बात करने लगीं। इस दौरान एक छात्र ने नारे लगाए, जिस पर SDM नाराज़ हो गई। उन्होंने छात्र से कहा कि अमेरिका की पांच नदियों के नाम बताओ। छात्र ने जवाब देने से मना किया, तो SDM ने कहा, "आप नेता मत बनो।" छात्र ने जवाब दिया कि वह पेपर में लिख देगा। SDM ने छात्रों से कहा कि उनकी मांग मान ली गई है, और कार्रवाई के बारे में बाद में बताया जाएगा। इसके बावजूद छात्र शोर करते रहे।
आगे की कार्रवाई
SDM की समझाइश के बावजूद 11 ग्रामीणों को नोटिस भेजा गया। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत नोटिस में लिखा गया है कि वे शांति भंग करने के आरोप में 16 जनवरी को उपखंड मजिस्ट्रेट के कार्यालय में पेश हों। नोटिस में 10 हजार रुपए का बॉन्ड जमा करने का निर्देश भी दिया गया है। पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं और छात्रों के धरने को शांति पूर्वक समाप्त कराने के प्रयास जारी हैं।










