Bhopal Khushbu Murder Case: हिजाब, बुर्के वाला आधार कार्ड और बॉयफ्रेंड कासिम की गिरफ्तारी से उठा नया रहस्य

Bhopal Khushbu Murder Case: हिजाब, बुर्के वाला आधार कार्ड और बॉयफ्रेंड कासिम की गिरफ्तारी से उठा नया रहस्य

भोपाल की मॉडल खुशबू अहिरवार की संदिग्ध मौत का मामला अब और गहराता जा रहा है। पुलिस ने उसके बॉयफ्रेंड कासिम अहमद को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में जो सबूत सामने आए हैं, उन्होंने इस केस को नए मोड़ पर ला खड़ा किया है।

Bhopal Khushbu Murder Case: मॉडल खुशबू अहिरवार की संदिग्ध मौत मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। पुलिस ने उसके बॉयफ्रेंड कासिम को गिरफ्तार कर लिया है और उस फ्लैट की तलाशी ली है, जहां दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। तलाशी के दौरान पुलिस को कुछ चौंकाने वाले सबूत मिले हैं। सूत्रों के मुताबिक, खुशबू के बैग से एक हिजाब बरामद हुआ है, जबकि फ्लैट से मिले आधार कार्ड में उसकी तस्वीर बुर्के में लगी हुई है। 

फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इन चीजों के पीछे क्या वजह थी और खुशबू की मौत के हालात क्या थे। मामले की जांच जारी है और पुलिस जल्द ही इसकी विस्तृत रिपोर्ट पेश करेगी।

कासिम गिरफ्तार, फ्लैट से मिले चौंकाने वाले सबूत

पुलिस ने उस फ्लैट की तलाशी ली है जहां खुशबू और कासिम लिव-इन रिलेशन में रहते थे। तलाशी के दौरान खुशबू के बैग से हिजाब, और उसके नाम पर बना आधार कार्ड बरामद हुआ, जिसमें वह बुर्के में नजर आ रही थी। इन चीजों ने पुलिस को शक में डाल दिया है कि कहीं कासिम ने खुशबू की पहचान या धर्म बदलने का प्रयास तो नहीं किया था।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांच में यह भी सामने आया है कि आधार कार्ड में खुशबू की फोटो एडिट की गई थी। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह बदलाव किसने और कब करवाया।

परिवार ने लगाया धर्म परिवर्तन और हिंसा का आरोप

खुशबू अहिरवार के परिवार ने कासिम पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने और शारीरिक हिंसा के आरोप लगाए हैं। परिवार का कहना है कि कासिम ने पहले खुद को राहुल बताकर खुशबू से दोस्ती की थी। जब खुशबू को उसकी असली पहचान — कासिम अहमद — का पता चला, तो उसने रिश्ता खत्म करने की कोशिश की।

इसके बाद कासिम ने उस पर शादी और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डालना शुरू कर दिया। खुशबू की बहन तारा अहिरवार ने बताया कि “कासिम उसे पीटता था, गालियां देता था और जबरदस्ती शादी के लिए कहता था।”

‘राहुल’ बनकर किया प्यार, फिर कासिम बन गया खौफ

खुशबू की बहन तारा ने पुलिस को बताया कि उनकी बहन 2022 में पढ़ाई के लिए भोपाल आई थी। वह मॉडलिंग भी करती थी ताकि खर्चे पूरे कर सके। इसी दौरान उसकी मुलाकात “राहुल” नाम के एक युवक से हुई, जो बाद में कासिम अहमद निकला। कासिम ने न सिर्फ अपना नाम छिपाया बल्कि उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगा। परिवार के मुताबिक, खुशबू जब आखिरी बार दिवाली पर घर आई थी, तो वह बेहद परेशान लग रही थी।

खुशबू की बहन तारा ने बताया कि 8 नवंबर की रात को खुशबू ने उसे फोन किया था। उसने कहा, “कासिम मुझे जबरदस्ती उज्जैन ले जा रहा है, अपनी मां से मिलाने के लिए। मैं नहीं जाना चाहती। इसके कुछ देर बाद फोन कट गया। अगले दिन, 9 नवंबर को, तारा को बड़ी बहन प्रीति अहिरवार का फोन आया कि उज्जैन से लौटते वक्त खुशबू की मौत हो गई। परिवार ने बताया कि बस में खुशबू का शरीर अकड़ गया था, और जब तक मदद मिलती, उसकी मौत हो चुकी थी।

कासिम ने दी सफाई, पुलिस ने दर्ज किया केस

कासिम ने पुलिस पूछताछ में सभी आरोपों से इनकार किया है। वह कह रहा है कि खुशबू की मौत एक हादसा थी, न कि किसी हिंसा या दबाव की वजह से।हालांकि, पुलिस को परिवार की शिकायत और सबूतों के आधार पर गंभीर धाराओं में मामला दर्ज करना पड़ा है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), और 351(2), मध्य प्रदेश फ्रीडम ऑफ रिलिजन एक्ट, 2021 की धारा 35, तथा SC-ST एक्ट की धारा 3(2)(5)(k) के तहत केस दर्ज किया है।

पुलिस का कहना है कि जांच अब इस बात पर केंद्रित है कि क्या खुशबू का धर्म परिवर्तन करवाने की कोशिश की गई थी। आधार कार्ड में बदलाव, बुर्के में तस्वीर और हिजाब की बरामदगी इस दिशा में महत्वपूर्ण सुराग माने जा रहे हैं। साथ ही, पुलिस डिजिटल साक्ष्य और कॉल रिकॉर्ड भी खंगाल रही है।

Leave a comment