दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच लोग अपने स्मार्टफोन पर AQI जांच रहे हैं, लेकिन हर फोन अलग रीडिंग दिखाता है। ऐसा इसलिए क्योंकि अलग-अलग ब्रांड्स हवा की गुणवत्ता का डेटा अलग प्रदाताओं से लेते हैं। iPhone BreezoMeter, Samsung Weather.com, जबकि Xiaomi AccuWeather पर निर्भर करता है।
AQI Data Smartphones: दिल्ली और आसपास के इलाकों में वायु प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे लोग घर से निकलने से पहले अपने फोन पर एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) चेक कर रहे हैं। हालांकि, हर स्मार्टफोन ब्रांड अलग आंकड़े दिखाता है क्योंकि सभी कंपनियां अलग-अलग डेटा सोर्स का इस्तेमाल करती हैं। सैमसंग, वनप्लस और ओप्पो Weather.com से, जबकि ऐप्पल BreezoMeter और शाओमी AccuWeather से डेटा लेती है। यही वजह है कि हर फोन में हवा की गुणवत्ता का स्तर थोड़ा अलग दिखाई देता है।
अलग-अलग स्मार्टफोन ब्रांड लेते हैं अलग डेटा सोर्स
Samsung, OnePlus, Realme और Oppo इन कंपनियों के फोन The Weather Channel (Weather.com) से एयर क्वालिटी डेटा लेते हैं। यह प्लेटफॉर्म सरकारी मॉनिटरिंग सेंटर और ग्लोबल सैटेलाइट डेटा को मिलाकर AQI रीडिंग तैयार करता है। सैमसंग यूजर्स को GPS लोकेशन के आधार पर रियल-टाइम पॉल्यूशन डेटा दिखता है। चूंकि OnePlus, Realme और Oppo भी इसी सोर्स से जानकारी लेते हैं, इसलिए इनके AQI आंकड़े अक्सर एक जैसे होते हैं।
Apple का डेटा आता है इजरायली कंपनी से
Apple iPhone का Weather ऐप और Siri जो AQI रीडिंग दिखाते हैं, वह इजरायल की कंपनी BreezoMeter से आती है। यह कंपनी मशीन लर्निंग मॉडल्स और सैटेलाइट डेटा की मदद से PM2.5 और PM10 जैसे प्रदूषक तत्वों की मात्रा मापती है। BreezoMeter का सिस्टम हवा की दिशा, तापमान और अन्य पर्यावरणीय कारकों को मिलाकर सटीक आंकड़े प्रदान करता है। यही वजह है कि iPhone की एयर क्वालिटी रीडिंग कई बार Android डिवाइस से थोड़ी अलग दिखाई देती है।

Google और Xiaomi की डेटा सोर्सिंग
- Google Pixel: गूगल अपने पिक्सल डिवाइस और Weather सर्विस के लिए खुद का डेटा एग्रीगेशन सिस्टम इस्तेमाल करता है। यह कई सरकारी एजेंसियों और निजी स्रोतों से डेटा लेकर उसे संयोजित करता है। हालांकि गूगल की सर्विस अधिकतर शहर-स्तर (City-Level) डेटा दिखाती है, न कि हाइपरलोकल AQI रीडिंग।
- Xiaomi, Redmi और Poco: ये सभी डिवाइस AccuWeather के माध्यम से एयर क्वालिटी डेटा प्राप्त करते हैं। AccuWeather दुनियाभर के सरकारी स्टेशनों से मौसम और प्रदूषण का डेटा एकत्र करता है और उसे नियमित रूप से अपडेट करता है। इसके चलते Xiaomi डिवाइस पर दिखने वाला AQI डेटा आमतौर पर शहर या जिले के औसत स्तर को दर्शाता है।
क्यों अलग-अलग फोन में AQI रीडिंग अलग दिखती है
अगर आपने गौर किया हो, तो हर ब्रांड के फोन में हवा की गुणवत्ता का स्तर थोड़ा अलग दिखाई देता है। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि सभी कंपनियां अलग-अलग प्रदाताओं के मॉडल और डेटा स्रोतों पर निर्भर करती हैं। कुछ हाइपरलोकल सेंसर से डेटा लेते हैं, जबकि कुछ बड़े शहरों के औसत स्तर को दर्शाते हैं।
इसलिए जब आप अपने फोन में AQI देखते हैं, तो यह जरूरी नहीं कि वह आपके घर या गली का सटीक स्तर बताता हो बल्कि यह एक अनुमानित औसत (Estimated Average) होता है, जो आपके इलाके के सेंसर डेटा पर आधारित होता है।










