Columbus

Bigg Boss: शहनाज गिल से सनी लियोनी तक, ‘बिग बॉस’ से मिली पहचान ने बदल दी इन सितारों की जिंदगी

Bigg Boss: शहनाज गिल से सनी लियोनी तक, ‘बिग बॉस’ से मिली पहचान ने बदल दी इन सितारों की जिंदगी

‘बिग बॉस’ रियलिटी शो ने अब तक कई ऐसे कंटेस्टेंट दिए हैं, जिन्होंने शो में रहते हुए अपनी पहचान बनाई और बाहर आकर करियर में बड़ी सफलता हासिल की। हाल के सीजनों में शहनाज़ गिल, असीम रियाज़ और तेजस्वी प्रकाश जैसे नाम खासे लोकप्रिय हुए।

Bigg Boss Fame Celebrities: भारत का मशहूर रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ हर साल दर्शकों के बीच सुर्खियों में रहता है। विवादों, ड्रामा, हंसी-मजाक और भावनाओं से भरे इस शो में आए कंटेस्टेंट्स अक्सर घर-घर में पहचान बना लेते हैं। हाल ही में शो का 19वां सीजन शुरू हुआ है और नए प्रतिभागी अपनी पहचान बनाने की कोशिश कर रहे हैं। 

लेकिन इसके पिछले सीजन में भी कई सितारे ऐसे रहे, जिन्होंने यहां से शोहरत पाई और आज भी लाइमलाइट में बने हुए हैं। आइए जानते हैं उन सितारों के बारे में, जिन्होंने ‘बिग बॉस’ से अपनी अलग पहचान बनाई और अब कहां हैं।

सनी लियोनी (Bigg Boss Season 5)

कनाडा से आईं सनी लियोनी ने जब ‘बिग बॉस 5’ में एंट्री की थी, तब उन्होंने पूरे देश का ध्यान अपनी ओर खींचा। शो के दौरान निर्देशक महेश भट्ट उनसे मिलने घर में आए थे और यहीं से सनी को बॉलीवुड में कदम रखने का मौका मिला। उन्हें भट्ट कैंप की फिल्म ‘जिस्म 2’ ऑफर हुई। इसके बाद उन्होंने कई हिंदी फिल्मों में काम किया और कई सुपरहिट आइटम नंबर भी किए। आज भी सनी बॉलीवुड के साथ-साथ इंटरनेशनल प्रोजेक्ट्स में एक्टिव हैं और जल्द ही वह एक इंग्लिश फिल्म में भी दिखाई देंगी।

शहनाज गिल (Bigg Boss Season 13)

पंजाबी इंडस्ट्री की मशहूर सिंगर और एक्ट्रेस शहनाज गिल को असली पहचान ‘बिग बॉस 13’ से मिली। अपने चुलबुले और बिंदास अंदाज से शहनाज ने दर्शकों का दिल जीत लिया। इस शो के बाद उन्होंने सीधे बॉलीवुड में एंट्री की और सलमान खान की फिल्म ‘किसी का भाई किसी की जान’ और ‘थैंक यू फॉर कमिंग’ में नजर आईं।

शहनाज की शो में बनी दोस्ती और खास रिश्ता सिद्धार्थ शुक्ला के साथ काफी चर्चा में रहा। सिद्धार्थ के निधन के बाद शहनाज गहरे सदमे में चली गई थीं, लेकिन अब उन्होंने खुद को संभाला है और फिल्मों व म्यूजिक वीडियोज़ के जरिए अपनी अलग पहचान बनाए रखी है।

अर्शी खान (Bigg Boss Season 11)

‘बिग बॉस 11’ में आईं अर्शी खान अपने मजाकिया और बेबाक अंदाज के लिए जानी गईं। शो में उनकी एंट्री ने खूब हलचल मचाई और वह लगातार सुर्खियों में रहीं। इस शो के बाद अर्शी ने कई पंजाबी म्यूजिक वीडियोज़ किए और टीवी इंडस्ट्री में भी सक्रिय रहीं। आज भी वह एक्टिंग और एंटरटेनमेंट की दुनिया में अपनी जगह बनाए हुए हैं।

मोनालिसा (Bigg Boss Season 10)

भोजपुरी फिल्मों की जानी-मानी अभिनेत्री मोनालिसा ‘बिग बॉस 10’ का हिस्सा बनी थीं। इस शो ने उन्हें पूरे देश में लोकप्रिय बना दिया। इसके बाद वह टीवी के मशहूर सुपरनैचुरल शो ‘नज़र’ में नजर आईं, जहां उनकी भूमिका को काफी पसंद किया गया। मोनालिसा सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहती हैं और अपनी ग्लैमरस तस्वीरों से चर्चा में रहती हैं।

सिद्धार्थ शुक्ला (Bigg Boss Season 13)

टीवी इंडस्ट्री के मशहूर चेहरे और मॉडल सिद्धार्थ शुक्ला ‘बिग बॉस 13’ के सबसे ज्यादा पॉपुलर कंटेस्टेंट्स में से एक रहे। वह शो के विजेता भी बने। उनका व्यक्तित्व, बेबाकी और शो में शहनाज गिल के साथ उनकी केमिस्ट्री ने दर्शकों को बेहद प्रभावित किया। हालांकि, 2 सितंबर 2021 को सिद्धार्थ का हार्ट अटैक से अचानक निधन हो गया। उनकी मौत से टीवी इंडस्ट्री और उनके फैन्स को गहरा सदमा लगा। खासकर शहनाज गिल के लिए यह एक बड़ा झटका था। सिद्धार्थ के फैंस आज भी उन्हें याद करते हैं और उनकी यादें सोशल मीडिया पर जिंदा हैं।

Leave a comment