मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 29 अक्टूबर को बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के समर्थन में जोरदार चुनाव प्रचार किया। उन्होंने बांका जिले की कटोरिया विधानसभा, भागलपुर जिले की नाथनगर विधानसभा और मधेपुरा जिले की आलमनगर विधानसभा में जनसभाएं कीं, जहां भारी संख्या में लोग जुटे।
पटना: बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को राज्य के कई जिलों में चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए विपक्ष पर तीखे हमले किए और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की उपलब्धियों को जनता के सामने रखा। उन्होंने कहा कि “बिहार में विकास की अपार संभावनाएं हैं, और अगर कोई दल इसे साकार कर सकता है, तो वह केवल एनडीए है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बांका जिले की कटोरिया, भागलपुर की नाथनगर, और मधेपुरा की आलमनगर विधानसभा सीटों पर विशाल जनसभाएं कीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज पूरी दुनिया भारत को सम्मान की दृष्टि से देख रही है।
बिहार की धरती में है विकास की अनंत संभावनाएं
सभा को संबोधित करते हुए सीएम यादव ने कहा कि “बिहार के लोगों में अपार ऊर्जा है। यह धरती भगवान बुद्ध, महावीर स्वामी और माता सीता की है। यहां के लोग मेहनती हैं और अगर सही दिशा मिले, तो बिहार भारत के अग्रणी राज्यों में शुमार हो सकता है।” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने किसानों, महिलाओं और युवाओं के लिए ऐतिहासिक योजनाएं लागू की हैं, जिससे बिहार में भी करोड़ों लोग लाभान्वित हो रहे हैं।
उन्होंने बताया कि बिहार में 74 लाख किसानों को किसान सम्मान निधि का लाभ मिल रहा है। साथ ही महिलाओं को 10-10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। उन्होंने कहा, “हमारी बहनें घर की रीढ़ हैं। वे अपने परिवार के लिए हर त्याग करती हैं। यही वजह है कि हमारी सरकार उन्हें सशक्त बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।

विपक्ष पर कड़ा प्रहार – किस मुंह से वोट मांग रहे हैं
डॉ. यादव ने अपने भाषण में कांग्रेस और विपक्षी दलों पर तीखे वार किए। उन्होंने कहा, कांग्रेस पार्टी ने भगवान श्रीराम और माता सीता के अस्तित्व तक पर सवाल उठाए। वे कोर्ट में जाकर कहते हैं कि राम का कोई प्रमाण नहीं है। अब वही लोग जनता से आशीर्वाद मांग रहे हैं, तो आखिर किस मुंह से मांग रहे हैं? उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में अयोध्या में श्रीराम मंदिर का निर्माण हुआ है, काशी विश्वनाथ धाम का कायाकल्प हुआ है, और उज्जैन में बाबा महाकाल लोक जैसी भव्य परियोजनाएं पूरी हुई हैं। “यही सांस्कृतिक राष्ट्रवाद का नया भारत है, जहां आस्था और विकास दोनों साथ चलते हैं,” उन्होंने जोड़ा।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने अपने जीवन का उदाहरण देते हुए कहा, मेरे घर में कोई विधायक, सांसद या मंत्री नहीं था। मैं एक किसान और यादव परिवार से आता हूं। लेकिन भारतीय जनता पार्टी वह संगठन है, जो हर वर्ग के व्यक्ति को आगे बढ़ने का अवसर देता है। उन्होंने कहा कि भाजपा जातिवाद से ऊपर उठकर “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र पर काम कर रही है।
कटोरिया में उन्होंने NDA प्रत्याशी पूरन लाल को “पूरनमासी का चांद” बताते हुए समर्थन देने की अपील की। नाथनगर से मिथुन यादव और आलमनगर से नरेंद्र नारायण के पक्ष में वोट मांगते हुए कहा कि “कमल का फूल ही बिहार को विकास की मुख्यधारा से जोड़े रख सकता है।
छठ पूजा ने दिखाया सनातन संस्कृति का सामर्थ्य
डॉ. मोहन यादव ने छठ पर्व का उल्लेख करते हुए कहा कि इस वर्ष देश ही नहीं, विदेशों में भी छठ पूजा की गूंज सुनाई दी। उन्होंने कहा, माताएं और बहनें अपने परिवार के कल्याण के लिए उपवास रखती हैं। यही हमारी सनातन संस्कृति की शक्ति है, जो हर परिस्थिति में भारतीयता को जीवित रखती है। उन्होंने कहा कि बिहार की भूमि सदैव पूजनीय रही है — “यहां से भगवान बुद्ध, महावीर, माता सीता और भगवान श्रीकृष्ण के पुत्र सांब तक का संबंध जुड़ा है। इस धरती ने भारतीय संस्कृति को दिशा दी है।










