बिहार में खेल विभाग के अलग होने के बाद से राज्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजनों की रफ्तार तेज हुई है। इसी कड़ी में अब राजगीर स्टेडियम एक और बड़े आयोजन की मेजबानी करने जा रहा है।
Asia Rugby 2025: बिहार की धरती पहली बार एक ऐतिहासिक अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन की साक्षी बनने जा रही है। Asia Rugby Under-20 Sevens Championship 2025 का आयोजन 9 और 10 अगस्त को राजगीर स्टेडियम, नालंदा में किया जाएगा। यह आयोजन न सिर्फ बिहार बल्कि भारत के खेल इतिहास में एक नई उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
इस टूर्नामेंट में एशिया के 9 देशों की 8 पुरुष और 8 महिला रग्बी टीमें हिस्सा लेंगी। यह पहली बार है जब बिहार अंतरराष्ट्रीय रग्बी आयोजन की मेज़बानी करेगा। भारत, चीन, यूएई, हांगकांग, श्रीलंका, कज़ाकिस्तान, उज्बेकिस्तान, मलेशिया और नेपाल जैसे देशों की युवा टीमें इस आयोजन में शामिल होंगी।
बिहार में खेलों की नई पहचान
खेल विभाग के अपर मुख्य सचिव बी. राजेन्द्र ने प्रेस वार्ता में जानकारी दी कि टूर्नामेंट में 20 वर्ष से कम आयु के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 5 अगस्त को राजगीर स्टेडियम का मुआयना किया था और तैयारियों की समीक्षा की थी। आयोजन को सफल बनाने के लिए सुरक्षा और आवागमन की विशेष व्यवस्था की गई है।
चीन की टीम के खिलाड़ी पहले ही पटना एयरपोर्ट पहुंच चुके हैं, जिन्हें विशेष एस्कॉर्ट टीम के माध्यम से राजगीर ले जाया गया। वहीं नेपाल की टीम सड़क मार्ग से पहुंच रही है।
इन देशों की टीमें होंगी शामिल
- भारत: पुरुष व महिला दोनों टीमें
- चीन: पुरुष व महिला
- हांगकांग: पुरुष व महिला
- यूएई: पुरुष व महिला
- उज़्बेकिस्तान: पुरुष व महिला
- कज़ाकिस्तान: पुरुष व महिला
- श्रीलंका: पुरुष व महिला
- मलेशिया: केवल पुरुष टीम
- नेपाल: केवल महिला टीम
भारत की टीम और कप्तान
भारत की पुरुष टीम की कप्तानी सुमित कुमार राय करेंगे, जो पश्चिम बंगाल से हैं। वहीं महिला टीम की कप्तान मुंद्रिका शुक्ला होंगी, जो राजस्थान की रहने वाली हैं। दोनों टीमों में देश के विभिन्न राज्यों के प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ी शामिल हैं। बिहार से भी इस बार रग्बी में 6 खिलाड़ी भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। इनमें महिला टीम में:
- आरती कुमारी (पटना)
- अंशु कुमारी (सुपौल)
- अल्पना कुमारी (नालंदा)
- गुड़िया कुमारी (मुजफ्फरपुर)
- और पुरुष टीम में:
- गोल्डन कुमार (पटना)
- सागर प्रकाश (पटना)
रग्बी क्या है? जानिए खेल की विशेषताएं
भारतीय रग्बी खेल संघ के अध्यक्ष राहुल बोस, जो स्वयं एक पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी और अभिनेता हैं, ने बताया कि रग्बी एक लोकप्रिय और रोमांचक टीम खेल है, जो एक अंडाकार गेंद से खेला जाता है। इसमें दो टीमें एक-दूसरे के खिलाफ प्रतिस्पर्धा करती हैं और ‘ट्राईलाइन’ के पीछे गेंद ले जाकर अंक अर्जित करती हैं, जिसे 'ट्राई' कहा जाता है।
राहुल बोस ने कहा, रग्बी अब सिर्फ ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया या न्यूजीलैंड तक सीमित नहीं रहा। भारत में भी अब यह खेल तेजी से लोकप्रिय हो रहा है और लगभग हर राज्य में इसकी पहुंच बन रही है।