पश्चिम बंगाल की सियासत में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने राज्य में अपना चुनावी अभियान तेज करते हुए शनिवार को उत्तर 24 परगना में एक विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया। इ
West Bengal Amit Shah Rally: पश्चिम बंगाल में भाजपा ने अपने चुनावी अभियान का बिगुल फूंक दिया है और इसी क्रम में शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तर 24 परगना में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया। अपने भाषण में उन्होंने सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि अब टीएमसी की विदाई का समय आ गया है। शाह ने ममता सरकार पर घुसपैठियों को संरक्षण देने का भी आरोप लगाया और कार्यकर्ताओं से राज्य में बदलाव के लिए पूरी ताकत लगाने का आह्वान किया।
बंगाल में BJP का चुनावी बिगुल, शाह का बड़ा हमला
उत्तर 24 परगना में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए अमित शाह ने टीएमसी पर भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण और घुसपैठियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता अब बदलाव चाहती है और आने वाले चुनाव में टीएमसी को उखाड़ फेंकेगी। शाह ने कहा, “टीएमसी की राजनीति ने बंगाल की पहचान को कमजोर किया है। अब जनता देशभक्त सरकार चाहती है।”
उन्होंने ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी सरकार केवल वोट बैंक की राजनीति कर रही है और राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। शाह ने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर भाजपा का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया।
‘वंदे मातरम’ पर विवाद, टीएमसी पर आरोप
अमित शाह ने अपने भाषण में ‘वंदे मातरम’ के मुद्दे को भी जोर-शोर से उठाया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष ‘वंदे मातरम’ की 150वीं वर्षगांठ है और केंद्र सरकार पूरे देश में इसे भव्य रूप से मनाने जा रही है। शाह ने आरोप लगाया कि संसद में जब ‘वंदे मातरम’ पर चर्चा हुई तो टीएमसी सांसदों ने इसका विरोध किया। उन्होंने कहा, “बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय की धरती पर जन्मे गीत का विरोध करना बंगाल की संस्कृति और राष्ट्र की अस्मिता का अपमान है।
उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी और टीएमसी सिर्फ घुसपैठियों को खुश करने के लिए ‘वंदे मातरम’ का विरोध कर रही हैं। शाह ने बंगाल की जनता से अपील की कि वे ऐसी पार्टी को सत्ता से बाहर करें जो देश के गौरव का अपमान करती है।

आनंदपुर अग्निकांड पर शाह का तीखा बयान
अमित शाह ने हाल ही में हुए आनंदपुर अग्निकांड का मुद्दा भी उठाया, जिसमें 25 लोगों की मौत हो गई थी और कई लोग लापता हैं। उन्होंने इसे महज दुर्घटना नहीं, बल्कि गंभीर लापरवाही और साजिश का परिणाम बताया। उन्होंने सवाल उठाया कि मोमो फैक्ट्री का मालिक कौन था, उसमें किसका पैसा लगा था और उसे अब तक गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया? शाह ने आरोप लगाया कि अगर पीड़ित घुसपैठिए होते तो ममता सरकार की प्रतिक्रिया अलग होती।
उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से इस मामले में निष्पक्ष न्यायिक जांच कराने की मांग की और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही। शाह ने यह भी आरोप लगाया कि जब भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी और सामिक भट्टाचार्य पीड़ितों के परिवारों से मिलने गए, तो पुलिस ने उनके कार्यकर्ताओं पर बर्बरता की।
आंकड़ों के जरिए ममता सरकार को चेतावनी
अमित शाह ने अपने भाषण में चुनावी आंकड़े गिनाकर टीएमसी को सीधी चुनौती दी। उन्होंने कहा कि 2014 में भाजपा को बंगाल में केवल दो लोकसभा सीटें मिली थीं, लेकिन 2019 में यह संख्या बढ़कर 18 हो गई और पार्टी को 41 प्रतिशत वोट मिले। उन्होंने दावा किया कि 2021 विधानसभा चुनाव में भाजपा को 38 प्रतिशत वोट और 77 सीटें मिलीं, जिससे सुवेंदु अधिकारी विपक्ष के नेता बने।
शाह ने भविष्यवाणी की कि आगामी चुनाव में भाजपा का वोट शेयर 50 प्रतिशत से ऊपर जाएगा और पार्टी प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने ममता बनर्जी पर तंज कसते हुए कहा, “जब भगवान राम ने रामसेतु बनाया था, तब रावण भी यही सोचता था कि उसे कोई नहीं हरा सकता।












