सुनेत्रा पवार बनीं NCP विधायक दल की नेता, आज लेंगी महाराष्ट्र की पहली महिला डिप्टी CM की शपथ

सुनेत्रा पवार को NCP विधायक दल का नेता चुना गया है और वह आज महाराष्ट्र की पहली महिला उप मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगी जानिए इस ऐतिहासिक फैसले के सियासी मायने

अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार महाराष्ट्र की उप मुख्यमंत्री बनने के लिए पूरी तरह तैयार हैं और इसके लिए वह शनिवार सुबह अपने बेटे पार्थ के साथ मुंबई पहुंच गईं।

मुंबई: महाराष्ट्र की राजनीति में एक बड़ा और ऐतिहासिक बदलाव देखने को मिल रहा है। अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार को सर्वसम्मति से एनसीपी विधायक दल का नेता चुना गया है और वह आज शाम 5 बजे महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगी। यह न केवल एनसीपी बल्कि पूरे राज्य की राजनीति के लिए ऐतिहासिक क्षण माना जा रहा है।

सुनेत्रा पवार शनिवार सुबह अपने बेटे पार्थ पवार के साथ मुंबई पहुंचीं, जिसके बाद राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गईं। एनसीपी के वरिष्ठ नेताओं ने उनसे मुलाकात की और इसके बाद दोपहर दो बजे हुई विधायक दल की बैठक में उन्हें आधिकारिक रूप से नेता चुन लिया गया।

विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से हुआ चयन

मुंबई स्थित विधान भवन में दोपहर 2 बजे एनसीपी विधायक दल की बैठक हुई, जिसमें पार्टी के 40 विधायक मौजूद रहे। बैठक में सुनेत्रा पवार को बिना किसी विरोध के विधायक दल का नेता चुन लिया गया। इसके बाद यह तय किया गया कि शाम 5 बजे उन्हें उपमुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी। शपथ ग्रहण समारोह मुंबई के राजभवन परिसर (लोक भवन) में आयोजित किया जाएगा। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि महायुति गठबंधन और राज्य सरकार एनसीपी के इस फैसले का पूरी तरह समर्थन करेगी।

विधायक दल की बैठक से पहले एनसीपी के दिग्गज नेता प्रफुल्ल पटेल और सुनील तटकरे ने सुनेत्रा पवार से मुलाकात की थी। माना जा रहा है कि उन्होंने ही इस फैसले को अंतिम रूप देने में अहम भूमिका निभाई। पार्टी के भीतर यह भी चर्चा रही कि सुनेत्रा पवार के नाम पर व्यापक सहमति थी, जिससे उनके चयन में कोई विवाद नहीं हुआ।

शरद पवार गुट में हलचल, गोविंद बाग में बैठक

सुनेत्रा पवार के उपमुख्यमंत्री बनने की घोषणा के बाद एनसीपी (शरद पवार गुट) में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। बारामती स्थित शरद पवार के निवास गोविंद बाग में पार्टी नेताओं की अहम बैठक शुरू हो गई है। इस बैठक में सांसद सुप्रिया सुले, विधायक रोहित पवार, युगेंद्र पवार और संदीप क्षीरसागर मौजूद हैं। माना जा रहा है कि इस बैठक में पार्टी की भविष्य की रणनीति, राजनीतिक रुख और महायुति सरकार के साथ संबंधों पर चर्चा होगी। 

इससे पहले दोनों एनसीपी गुटों के संभावित विलय की चर्चा चल रही थी, लेकिन सुनेत्रा पवार की नियुक्ति के बाद इन चर्चाओं पर फिलहाल विराम लगता दिख रहा है।

शरद पवार का बयान: ‘परिवार में कोई समस्या नहीं’

जब शरद पवार से पूछा गया कि क्या उन्हें सुनेत्रा पवार के उपमुख्यमंत्री बनने के फैसले के बारे में पहले से बताया गया था, तो उन्होंने संतुलित प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “अगर परिवार पर कोई विपदा आती है, तो परिवार एकजुट रहता है। परिवार में कोई समस्या नहीं है। उनके इस बयान को राजनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इससे यह संकेत मिलता है कि भले ही पार्टी के भीतर मतभेद हों, लेकिन पारिवारिक स्तर पर तनाव नहीं है।

सुनेत्रा पवार का उपमुख्यमंत्री बनना महाराष्ट्र की राजनीति में बड़ा बदलाव माना जा रहा है। यह फैसला न केवल एनसीपी के भीतर नेतृत्व परिवर्तन को दर्शाता है, बल्कि राज्य की सत्ता संरचना में महिलाओं की बढ़ती भूमिका को भी रेखांकित करता है।

Leave a comment