'डबल इंजन नहीं, धुआं फेंकने वाली मशीन है BJP सरकार' – सचिन पायलट का सियासी हमला

राजस्थान के नेता सचिन पायलट ने BJP सरकार पर जोरदार हमला किया, कहा ‘डबल इंजन नहीं, धुआं फेंकने वाली मशीन है यह सरकार’। जानिए उनके बयान के पीछे की राजनीति
'डबल इंजन नहीं, धुआं फेंकने वाली मशीन है BJP सरकार' – सचिन पायलट का सियासी हमला

राजस्थान की राजनीति एक बार फिर गरमाई हुई है। इस बार कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने सत्तारूढ़ भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। 

टोंक: राजस्थान में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने सत्तारूढ़ भाजपा सरकार पर फिर से कड़ा हमला किया है। टोंक जिले के दौरे के दौरान पायलट ने केंद्र और राज्य की दोनों सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा, यह डबल इंजन की सरकार नहीं, बल्कि धुआं फेंकने वाली मशीन है। काम कुछ नहीं, दिखावा बहुत। उनके इस बयान से राजनीतिक माहौल गर्मा गया है और वे जनता के बीच अपनी पार्टी की सशक्त छवि बनाने की कोशिश कर रहे हैं।

सरकार पर किया तीखा प्रहार

पायलट ने कहा कि राज्य की भाजपा सरकार सिर्फ प्रचार में व्यस्त है, ज़मीनी स्तर पर कोई ठोस काम नहीं हो रहा। उन्होंने कहा, यह सरकार सिर्फ धुंआ उगल रही है, काम के नाम पर जमीन पर कुछ नजर नहीं आता। चुनाव के वादों का कोई हिसाब नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि  यह सरकार डबल इंजन नहीं, डबल मुखौटा है एक दिल्ली में और एक राजस्थान में दोनों जनता को भ्रमित करने में लगे हैं।

दिल्ली को खुश करने में जुटी है राज्य सरकार

'डबल इंजन नहीं, धुआं फेंकने वाली मशीन है BJP सरकार' – सचिन पायलट का सियासी हमला

राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए पायलट ने कहा, “राजस्थान सरकार दिल्ली के नेताओं को खुश करने में ही मशगूल है। आम जनता की समस्याएं सरकार की प्राथमिकता में ही नहीं हैं। सरकारी मशीनरी का उपयोग सिर्फ सत्ता बचाने और संगठन के आंतरिक समीकरण साधने में किया जा रहा है।उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने पिछली कांग्रेस सरकार की कई जनकल्याणकारी योजनाओं को बंद कर दिया है या उन्हें अधर में लटका रखा है, जिससे ग्रामीण और गरीब तबके को सीधा नुकसान हो रहा है।

बेलगाम अफसरशाही पर नाराजगी

सचिन पायलट ने राज्य की अफसरशाही पर भी कड़े सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि आज हालत ये हैं कि अफसर मनमर्जी कर रहे हैं। न मंत्रियों की सुनवाई है, न जनप्रतिनिधियों की। अफसरशाही बेलगाम हो चुकी है और जनता की समस्याओं का कोई हल नहीं निकल पा रहा। पायलट ने चेताया कि अगर सरकार ने प्रशासन को जवाबदेह नहीं बनाया तो आने वाले समय में इसका भारी खामियाजा भुगतना पड़ सकता है।

पाकिस्तान और चीन को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना

पायलट ने सीमा पार फायरिंग और पाकिस्तान की गतिविधियों को लेकर केंद्र सरकार की रणनीति पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा, सीजफायर की बात करते हैं और कुछ घंटे बाद ही गोलाबारी शुरू हो जाती है। इस दोहरे व्यवहार को आखिर कब तक सहन किया जाएगा? उन्होंने पाकिस्तान को आतंकियों का गढ़ बताते हुए कहा कि अब चीन और तुर्की जैसे देश भी उसका समर्थन कर रहे हैं, जो चिंता का विषय है। हमें सिर्फ सीमाओं पर नहीं, रणनीतिक दृष्टिकोण से भी सतर्क रहने की जरूरत है।

'डबल इंजन नहीं, धुआं फेंकने वाली मशीन है BJP सरकार' – सचिन पायलट का सियासी हमला

भारत-पाक तुलना पर दी कड़ी प्रतिक्रिया

भारत और पाकिस्तान की तुलना पर पायलट ने दो टूक कहा कि हमारी अर्थव्यवस्था, सैन्य शक्ति और वैश्विक साख पाकिस्तान से 11 गुना अधिक है। फिर भी बार-बार उस देश से तुलना करना हमारी रणनीति की कमजोरी दर्शाता है। हमें अपनी नीतियों में स्पष्टता और आत्मविश्वास दिखाना होगा। अपने दौरे के दौरान सचिन पायलट ने टोंक विधानसभा क्षेत्र के 10 गांवों का दौरा किया। वहां उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। बिजली कटौती, पेयजल संकट, सड़क मरम्मत, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की कमी जैसे मुद्दे सामने आए।

पायलट ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को इन समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए और जनता को भरोसा दिलाया कि वे अपनी आवाज उठाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि अगले चुनावों में जनता सच को समझेगी और कांग्रेस को फिर से मौका देगी।

Leave a comment