गोरखपुर में शादी समारोह के दौरान डीजे पर नाचने को लेकर हुए विवाद में 19 वर्षीय युवक की बांस-बल्ली और लाठी से पीटकर हत्या कर दी गई। घायल युवक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने पांच आरोपियों पर केस दर्ज किया है।
Uttar pradesh: गोरखपुर जिले के सिकरीगंज इलाके के हरिजनपुर गांव में एक शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। मंगलवार रात डीजे पर डांस को लेकर हुए मामूली विवाद ने अचानक उग्र रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान मुनीब चौहान (19) के रूप में हुई है। वह सहजनवां थाना क्षेत्र के चिरईयाढाड़ गांव का रहने वाला था। मुनीब अपने भाई की साली की शादी में शामिल होने हरिजनपुर गांव गया था। शादी में डीजे बज रहा था और लोग नाच रहे थे। इसी दौरान कुछ युवकों से उसकी कहासुनी हो गई।
लाठी-डंडों से बेरहमी से की पिटाई
परिजनों के मुताबिक, विवाद के बाद हरिजनपुर गांव के कुछ युवकों ने मुनीब पर बांस-बल्ली और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। वह खुद को बचाने की कोशिश करता रहा, लेकिन हमलावरों ने उसे घेर लिया। मारपीट के दौरान मुनीब जमीन पर गिर पड़ा। आरोप है कि जमीन पर गिरने के बाद भी उसे पीटा जाता रहा।
![]()
यहां तक कि उसके सीने और चेहरे पर लातें भी मारी गईं। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग एक युवक को घेरकर मारते हुए दिखाई दे रहे हैं। जब हमलावरों को लगा कि वह मर चुका है, तो वे मौके से भाग गए। गंभीर हालत में मुनीब को अस्पताल ले जाया गया, जहां बुधवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
बीएसएफ की तैयारी कर रहा था युवक
मुनीब चार भाइयों में सबसे छोटा था। उसके दो भाई जम्मू में रहते हैं और एक भाई दुबई में काम करता है। वह अपने माता-पिता के साथ गांव में रहकर बीएसएफ की तैयारी कर रहा था।
परिवार वालों ने बताया कि वह पढ़ाई और तैयारी में लगा रहता था और भविष्य में सेना में भर्ती होने का सपना देख रहा था। उसकी अचानक मौत से परिवार में मातम का माहौल है।
पांच पर केस दर्ज
मृतक की बहन सरोजा देवी ने सिकरीगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
एसपी साउथ दिनेश कुमार पुरी ने बताया कि शादी में डीजे पर नाचने के दौरान मारपीट हुई थी। घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया है और बाकी की तलाश में छापेमारी की जा रही है।










