Dia Mirza Diwali Controversy: दिवाली पर दीया मिर्जा की एक अपील से मचा विवाद, BMC ने हटाया वीडियो तो अभिनेत्री ने दिया जवाब

Dia Mirza Diwali Controversy: दिवाली पर ग्रीन दिवाली मनाने की दीया मिर्जा की अपील से विवाद खड़ा हो गया। BMC ने वीडियो हटाया तो अभिनेत्री ने जवाब दिया। जानें

दिवाली से पहले दीया मिर्जा के एक वीडियो पर विवाद हो गया है। वीडियो में उन्होंने लोगों से पटाखे कम जलाने की बात कही थी। भाजपा नेताओं ने इस पर आपत्ति जताई तो मुंबई नगर निगम ने वीडियो हटा दिया। अब अभिनेत्री ने बताया है कि उन्होंने यह अपील क्यों की थी।

एंटरटेनमेंट न्यूज़: अभिनेत्री दीया मिर्जा ने दिवाली पर लोगों से पटाखे कम जलाने को कहा था, लेकिन उनकी यही बात अब विवाद की वजह बन गई है। दरअसल, मुंबई नगर निगम (BMC) ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर दीया का एक वीडियो शेयर किया था। इसमें वह लोगों से दिवाली मनाने के साथ प्रदूषण का भी ध्यान रखने को कह रही थीं। 

वीडियो सामने आने के बाद भाजपा के कुछ नेताओं ने इसका विरोध किया। इसके बाद नगर निगम ने वीडियो अपने अकाउंट से हटा लिया। इस पूरे मामले पर अब दीया मिर्जा ने भी अपनी बात कही है।

दीया मिर्जा के दिवाली वाले वीडियो पर कैसे शुरू हुआ विवाद?

दिवाली के मौके पर मुंबई में बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए BMC ने लोगों को जागरूक करने के लिए एक अभियान शुरू किया था। इसमें फिल्मी सितारों और खेल जगत की हस्तियों से अपील कराई गई कि लोग त्योहार मनाते समय हवा और ध्वनि प्रदूषण का ध्यान रखें। इसी अभियान के तहत दीया मिर्जा का वीडियो रविवार, 1 नवंबर को सोशल मीडिया पर शेयर किया गया। इसमें उन्होंने लोगों से सड़कों और सार्वजनिक जगहों पर पटाखे नहीं जलाने और पर्यावरण का ध्यान रखते हुए दिवाली मनाने की बात कही थी।

वीडियो सामने आने के बाद मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम ने आपत्ति जताई। उन्होंने BMC को टैग करते हुए कहा कि लोगों को दीया मिर्जा से दिवाली मनाने का तरीका सीखने की जरूरत नहीं है। हमारी परंपराएं हमारी संस्कृति का हिस्सा हैं। अमित साटम के इस बयान के कुछ घंटे बाद BMC ने अभिनेत्री का वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट से हटा दिया। हालांकि, माधुरी दीक्षित, निशिगंधा वाड और क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे के ऐसे ही जागरूकता वाले वीडियो सोशल मीडिया पर बने रहे।

नितेश राणे ने दीया मिर्जा पर लगाए गंभीर आरोप

महाराष्ट्र सरकार के मंत्री नितेश राणे ने भी दीया मिर्जा के इस अभियान पर नाराजगी जताई। उन्होंने सवाल किया कि अभिनेत्री दिवाली और होली जैसे त्योहारों पर पर्यावरण की बात करती हैं, लेकिन दूसरे धर्मों के त्योहारों पर इस तरह की सलाह क्यों नहीं देतीं। समाचार एजेंसी से बातचीत में राणे ने कहा कि दीया मिर्जा ईद, मुहर्रम या बकरीद पर ऐसी अपील करती नजर नहीं आतीं। उन्होंने अभिनेत्री पर सनातन धर्म के खिलाफ होने का आरोप भी लगाया।

राणे ने कहा कि वह इस मामले को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के सामने उठाएंगे। साथ ही भविष्य में ऐसे विवादों को रोकने को लेकर भी बातचीत करेंगे। वहीं, मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े ने भी दीया मिर्जा पर हिंदू विरोधी होने का आरोप लगाया। उन्होंने अभिनेत्री को ब्लैकलिस्ट किए जाने की बात कही। हालांकि, उनके इस बयान के अलावा किसी औपचारिक प्रतिबंध की पुष्टि नहीं हुई है।

Dia Mirza Diwali Controversy: दिवाली पर दीया मिर्जा की एक अपील से मचा विवाद, BMC ने हटाया वीडियो तो अभिनेत्री ने दिया जवाब

दीया मिर्जा बोलीं- बॉम्बे हाई कोर्ट के निर्देश पर बना वीडियो

राजनीतिक विवाद बढ़ने के बाद दीया मिर्जा ने अपनी बात रखी। अभिनेत्री ने कहा कि यह वीडियो उन्होंने किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं, बल्कि लोगों को प्रदूषण के प्रति जागरूक करने के लिए रिकॉर्ड किया था। एएनआई से बातचीत में उन्होंने सवाल उठाया कि बॉम्बे हाई कोर्ट और BMC के जनहित से जुड़े अभियान के लिए बनाए गए वीडियो की आलोचना क्यों की जा रही है।

दीया ने कहा कि वायु प्रदूषण लोगों की सेहत से जुड़ा मामला है। इसे कम करने के लिए किए जा रहे प्रयासों का स्वागत किया जाना चाहिए। अभिनेत्री ने यह भी साफ किया कि उन्होंने इस अभियान में हिस्सा लेने के लिए कोई पैसा नहीं लिया था। उनका कहना था कि वह लंबे समय से पर्यावरण से जुड़े मुद्दों पर काम कर रही हैं और लोगों को साफ हवा के महत्व के बारे में जागरूक करती रही हैं।

वीडियो हटाने पर विपक्ष ने भी उठाए सवाल

दीया मिर्जा का वीडियो हटाए जाने के बाद विपक्षी नेताओं ने भी BMC के फैसले पर सवाल उठाए हैं। शिवसेना उद्धव गुट की नेता और मुंबई की पूर्व मेयर किशोरी पेडणेकर ने आरोप लगाया कि नगर निगम ने राजनीतिक दबाव में फैसला लिया। वहीं, अन्य विपक्षी नेताओं ने सवाल किया कि जब दूसरे कलाकार भी प्रदूषण कम करने की अपील कर रहे थे, तो केवल दीया मिर्जा का वीडियो क्यों हटाया गया

Leave a comment