भारत अपने बायोफ्यूल ट्रांजिशन के अगले चरण की ओर तेजी से बढ़ रहा है। इसके तहत डीजल में 15 प्रतिशत तक आइसोब्यूटेनॉल मिलाने की योजना पर काम किया जा रहा है।
Diesel Blending Plan: भारत अपने ऊर्जा परिवर्तन (Energy Transition) कार्यक्रम के अगले चरण की ओर तेजी से बढ़ रहा है। पेट्रोल में E20 इथेनॉल ब्लेंडिंग की सफलता के बाद अब सरकार का ध्यान डीजल में 15 प्रतिशत तक आइसोब्यूटेनॉल (Isobutanol) मिश्रण पर केंद्रित है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने इस महत्वाकांक्षी योजना की विस्तृत जानकारी साझा की है।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य देश की कच्चे तेल (fossil fuel) पर निर्भरता को कम करना, ऊर्जा आत्मनिर्भरता बढ़ाना और पर्यावरण अनुकूल ईंधन विकल्पों को बढ़ावा देना है।
डीजल ब्लेंडिंग का नया चरण
नितिन गडकरी के अनुसार, भारत अब बायोफ्यूल टेक्नोलॉजी के एक नए चरण में प्रवेश कर रहा है, जहां डीजल जैसे पारंपरिक ईंधन को आंशिक रूप से वैकल्पिक जैव ईंधन से बदला जाएगा। उन्होंने बताया कि, इथेनॉल को सीधे डीजल में मिलाना तकनीकी रूप से संभव नहीं है. इसलिए इथेनॉल से आइसोब्यूटेनॉल तैयार करने की प्रक्रिया विकसित की जा रही है।
आइसोब्यूटेनॉल डीजल का एक व्यवहारिक और प्रभावी विकल्प बन सकता है. सरकार इस दिशा में 15% तक डीजल ब्लेंडिंग की अनुमति देने पर विचार कर रही है।
पायलट प्रोजेक्ट्स के नतीजे सकारात्मक
![]()
गडकरी ने बताया कि इस तकनीक पर किए गए शुरुआती परीक्षण (pilot demonstrations) उत्साहजनक रहे हैं। उन्होंने कहा कि, 100% इथेनॉल और आइसोब्यूटेनॉल पर आधारित जनरेटर सेट सफलतापूर्वक चलाए गए. इन परीक्षणों से साबित हुआ कि वैकल्पिक ईंधनों पर चलने वाले इंजन तकनीकी रूप से संभव है। प्रदर्शन और दक्षता के मामले में परिणाम संतोषजनक रहे हैं. इन प्रयोगों को भारत के स्वच्छ ऊर्जा भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
आइसोब्यूटेनॉल क्यों महत्वपूर्ण है?
आइसोब्यूटेनॉल को अगली पीढ़ी का संभावित बायोफ्यूल माना जा रहा है क्योंकि इसमें कई तकनीकी और पर्यावरणीय फायदे हैं, इसकी ऊर्जा घनता (Energy Density) अधिक होती है. यह डीजल इंजन के साथ बेहतर संगतता दिखाता है. पारंपरिक ईंधनों की तुलना में कम उत्सर्जन (emissions) करता है. लॉजिस्टिक्स और स्टोरेज के मामले में यह अपेक्षाकृत स्थिर माना जाता है विशेषज्ञों का मानना है कि यह ईंधन भविष्य में पारंपरिक डीजल पर निर्भरता को काफी हद तक कम कर सकता है।
सरकारी अधिकारियों के अनुसार, इस पहल से भारत की क्रूड ऑयल आयात निर्भरता में कमी आ सकती है। वर्तमान में भारत अपनी ऊर्जा जरूरतों का बड़ा हिस्सा आयातित तेल से पूरा करता है, जो विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव डालता है। इस नई नीति से कच्चे तेल का आयात घट सकता है. घरेलू बायोफ्यूल उद्योग को बढ़ावा मिलेगा ग्रामीण अर्थव्यवस्था और किसानों को अतिरिक्त आय के अवसर मिल सकते है।
E20 इथेनॉल ब्लेंडिंग की सफलता
यह घोषणा उस समय आई है जब भारत ने पेट्रोल में 20% इथेनॉल मिश्रण (E20) का लक्ष्य तय समय से पहले हासिल कर लिया है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, इस कार्यक्रम के परिणामस्वरूप:
- विदेशी मुद्रा में ₹1.9 लाख करोड़ से अधिक की बचत हुई
- कच्चे तेल के आयात में कमी आई
- कार्बन उत्सर्जन घटा
- किसानों के लिए नई आय के स्रोत खुले
सरकार का कहना है कि यह कार्यक्रम वैज्ञानिक अध्ययनों और वैश्विक अनुभवों पर आधारित है।









