दिल्ली का खान मार्केट भारत का सबसे महंगा खुदरा बाजार बना हुआ है। कुशमैन एंड वेकफील्ड की 2026 की रिपोर्ट में इसे दुनिया में 24वां स्थान मिला है। यहां दुकानों का किराया सालभर में 14 प्रतिशत बढ़ा है।
नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली का खान मार्केट एक बार फिर दुनिया के सबसे महंगे शॉपिंग बाजारों की सूची में शामिल हुआ है। रियल एस्टेट कंसल्टेंसी कंपनी कुशमैन एंड वेकफील्ड (Cushman & Wakefield) की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, खान मार्केट दुनिया के सबसे महंगे खुदरा बाजारों में 24वें स्थान पर बरकरार है। यहां दुकानों का औसत प्रमुख किराया करीब 1,875 रुपये प्रति वर्ग फुट मासिक पहुंच गया है। वहीं, न्यूयॉर्क की अपर फिफ्थ एवेन्यू दुनिया का सबसे महंगा रिटेल बाजार बन गई है।
खान मार्केट में एक साल में 14 प्रतिशत बढ़ा किराया
दिल्ली के खान मार्केट में दुकान या शोरूम खोलना अब पहले से ज्यादा महंगा हो गया है। कुशमैन एंड वेकफील्ड की 'मेन स्ट्रीट्स अक्रॉस द वर्ल्ड 2026' रिपोर्ट के अनुसार, यहां खुदरा दुकानों का प्रमुख किराया पिछले एक साल में 14 प्रतिशत बढ़ा है। रिपोर्ट में खान मार्केट का सालाना किराया 238 डॉलर प्रति वर्ग फुट बताया गया है। भारतीय मुद्रा में यह करीब 1,875 रुपये प्रति वर्ग फुट प्रति महीने के बराबर है।
महंगे किराये के बावजूद यहां दुकान लेने की मांग मजबूत बनी हुई है। बड़े ब्रांड और प्रीमियम उत्पाद बेचने वाली कंपनियां ऐसे बाजारों में मौजूदगी चाहती हैं, जहां ग्राहकों की आवाजाही अच्छी हो और कारोबार को पहचान मिले। खान मार्केट भारत का सबसे महंगा प्रमुख खुदरा बाजार है। लगातार दूसरे साल यह वैश्विक रैंकिंग में 24वें स्थान पर बना हुआ है।
दुनिया में सबसे महंगा बना न्यूयॉर्क का अपर फिफ्थ एवेन्यू
इस साल की रिपोर्ट में न्यूयॉर्क के अपर फिफ्थ एवेन्यू ने दुनिया के सबसे महंगे खुदरा बाजार का खिताब हासिल किया है। यह बाजार पिछले साल तीसरे स्थान पर था, लेकिन किराये में जबरदस्त बढ़ोतरी के बाद पहले नंबर पर पहुंच गया। यहां सालाना किराया 35 प्रतिशत बढ़कर 2,700 डॉलर प्रति वर्ग फुट हो गया है। साल 2023 के बाद पहली बार अपर फिफ्थ एवेन्यू ने वैश्विक सूची में पहला स्थान हासिल किया है।
लंदन की न्यू बॉन्ड स्ट्रीट 2,230 डॉलर प्रति वर्ग फुट सालाना किराये के साथ दूसरे स्थान पर रही। वहीं, इटली के मिलान शहर की विया मोंटेनापोलियोने 2,160 डॉलर किराये के साथ तीसरे स्थान पर है। दिलचस्प बात यह है कि लंदन और मिलान के इन बाजारों में पिछले एक साल के दौरान किराया लगभग स्थिर रहा। इसके बावजूद दोनों दुनिया के सबसे महंगे कारोबारी इलाकों में शामिल हैं।
दुनिया के 147 बाजारों की हुई जांच
![]()
कुशमैन एंड वेकफील्ड ने अपनी रिपोर्ट का 36वां संस्करण जारी किया है। इसमें दुनिया के 147 प्रमुख खुदरा बाजारों के किराये और कारोबारी गतिविधियों का अध्ययन किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, वैश्विक स्तर पर दुकानों का किराया स्थानीय मुद्रा में औसतन 3 प्रतिशत बढ़ा है। हालांकि, पिछले साल यह बढ़ोतरी 4.3 प्रतिशत थी।
सर्वे में शामिल 49 प्रतिशत बाजारों में किराया बढ़ा, जबकि 19 प्रतिशत बाजारों में गिरावट दर्ज हुई। बाकी 32 प्रतिशत बाजारों में किराये में कोई खास बदलाव नहीं हुआ। इससे पता चलता है कि दुनिया भर में किराया बढ़ने की रफ्तार कुछ धीमी हुई है, लेकिन बड़े कारोबारी इलाकों में अच्छी जगह हासिल करने की प्रतिस्पर्धा अब भी बनी हुई है।
भारत के दूसरे बाजारों में भी बढ़ रही मांग
रिपोर्ट में भारतीय रिटेल बाजार की मजबूत स्थिति का भी जिक्र किया गया है। खान मार्केट के अलावा गुरुग्राम, मुंबई, चेन्नई और पुणे के प्रमुख शॉपिंग इलाकों में भी किराये बढ़े हैं। एशिया-प्रशांत क्षेत्र की सूची में गुरुग्राम का गैलेरिया मार्केट और दिल्ली का कनॉट प्लेस भी शामिल हैं। गैलेरिया मार्केट में प्रमुख किराया करीब 1,375 रुपये और कनॉट प्लेस में 1,325 रुपये प्रति वर्ग फुट मासिक बताया गया है।
मुंबई के लिंकिंग रोड में किराये में सालाना 28 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़ोतरी दर्ज की गई। यह एशिया-प्रशांत क्षेत्र के प्रमुख बाजारों में सबसे तेज बढ़ोतरी में शामिल रही। कंपनी के मुताबिक, भारतीय शहरों में खरीदारी की मजबूत मांग और प्रीमियम ब्रांडों का विस्तार इस तेजी की बड़ी वजह है।
महंगे बाजारों में दुकान लेने की होड़ क्यों?
कुशमैन एंड वेकफील्ड के अंतरराष्ट्रीय रिसर्च प्रमुख डॉ. डोमिनिक ब्राउन के अनुसार, वैश्विक स्तर पर किराये की बढ़ोतरी धीमी जरूर हुई है, लेकिन बेहतरीन लोकेशन पर दुकान हासिल करने की प्रतिस्पर्धा कम नहीं हुई। उनका कहना है कि जिन बाजारों में ग्राहकों की मांग ज्यादा और खाली दुकानों की संख्या सीमित होती है, वहां किराया तेजी से बढ़ सकता है। न्यूयॉर्क का फिफ्थ एवेन्यू इसका उदाहरण है।
वहीं, कंपनी के भारत में रिटेल कारोबार प्रमुख मिलिन रोहिनेश के मुताबिक, देश में मजबूत खपत और बड़े ब्रांडों का विस्तार खुदरा कारोबार को सहारा दे रहा है। उन्होंने कहा कि खान मार्केट की वैश्विक रैंकिंग दिखाती है कि भारतीय शॉपिंग बाजारों की पहचान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ रही है।











