Air India Partner Pay: एयर इंडिया ने टिकट बुकिंग के लिए शुरू किया नया पेमेंट सिस्टम, ट्रैवल एजेंसियों को मिलेगी सुविधा

Air India Partner Pay: एयर इंडिया ने ट्रैवल एजेंसियों और कॉर्पोरेट ग्राहकों के लिए नया पेमेंट सिस्टम शुरू किया। अब एक प्रीपेड अकाउंट से टिकट बुकिंग का भुगतान

एयर इंडिया ने ट्रैवल एजेंसियों और कॉर्पोरेट ग्राहकों के लिए 'पार्टनर पे' नाम से नई सुविधा शुरू की है। इसके जरिए एजेंसियां एक ही प्रीपेड अकाउंट से एयर इंडिया के टिकटों का भुगतान कर सकेंगी, भले ही बुकिंग अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर की गई हो। कंपनी का दावा है कि UATP नेटवर्क पर ऐसी सुविधा देने वाली वह भारत की पहली एयरलाइन है।

बिजनेस डेस्क: अगर कोई ट्रैवल एजेंसी रोजाना बड़ी संख्या में एयर इंडिया के टिकट बुक करती है, तो उसे अब हर प्लेटफॉर्म के लिए अलग पेमेंट व्यवस्था संभालने की परेशानी कम हो सकती है। एयर इंडिया ने सोमवार, 16 नवंबर को इसी काम के लिए 'Air India Partner Pay' लॉन्च किया है। टाटा ग्रुप की इस एयरलाइन ने नई सेवा शुरू करने के लिए अंतरराष्ट्रीय पेमेंट नेटवर्क UATP के साथ साझेदारी की है। 

इसके तहत एजेंसियां पहले अपने अकाउंट में पैसे जमा करेंगी और फिर उसी रकम से टिकट बुकिंग का भुगतान कर सकेंगी। एयर इंडिया का कहना है कि इससे लेनदेन का हिसाब रखना आसान होगा और भुगतान में लगने वाला समय भी कम हो सकता है।

एयर इंडिया का नया पेमेंट सिस्टम कैसे काम करेगा?

किसी ट्रैवल एजेंसी को रोजाना कई यात्रियों के टिकट बुक करने पड़ते हैं। कुछ टिकट एक प्लेटफॉर्म से बुक होते हैं तो कुछ दूसरे माध्यम से। ऐसे में हर बुकिंग का भुगतान और उसका रिकॉर्ड संभालना कई बार मुश्किल हो जाता है। एयर इंडिया ने इसी परेशानी को कम करने के लिए पार्टनर पे की शुरुआत की है। इस सुविधा से जुड़ने वाली एजेंसी को एक प्रीपेड अकाउंट मिलेगा। उसमें पहले पैसे जमा किए जाएंगे और फिर उसी रकम से एयर इंडिया की टिकट बुकिंग का भुगतान किया जा सकेगा।

मान लीजिए किसी एजेंसी को एक दिन में 50 यात्रियों के टिकट बुक करने हैं। सभी टिकट एक ही प्लेटफॉर्म से बुक हों, यह जरूरी नहीं है। लेकिन पार्टनर पे से भुगतान करने पर एजेंसी अलग-अलग पेमेंट व्यवस्था संभालने से बच सकेगी। इसमें अकाउंट का बैलेंस तुरंत बढ़ाने की सुविधा भी दी गई है। अगर टिकट बुक करते समय पैसे कम पड़ जाएं तो एजेंसी अकाउंट में दोबारा रकम जोड़ सकेगी। इससे बैलेंस की कमी के कारण बुकिंग रुकने की परेशानी कम हो सकती है।

Air India Partner Pay: एयर इंडिया ने टिकट बुकिंग के लिए शुरू किया नया पेमेंट सिस्टम, ट्रैवल एजेंसियों को मिलेगी सुविधा

ऐसा पेमेंट प्रोग्राम शुरू करने वाली पहली भारतीय एयरलाइन बनी

एयर इंडिया ने इस सुविधा के लिए UATP के साथ हाथ मिलाया है। यह एक अंतरराष्ट्रीय पेमेंट नेटवर्क है, जो विमानन और ट्रैवल कारोबार में भुगतान से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध कराता है। कंपनी के मुताबिक, UATP की ओर से प्रबंधित इस तरह का पेमेंट प्रोग्राम शुरू करने वाली एयर इंडिया देश की पहली एयरलाइन बन गई है।

इसका इस्तेमाल ट्रैवल एजेंसियां, ट्रैवल मैनेजमेंट कंपनियां और कॉर्पोरेट ग्राहक कर सकेंगे। छोटी और मध्यम आकार की कंपनियों को भी इस सुविधा से जोड़ने की योजना है। हालांकि, आम यात्रियों को यह समझना जरूरी है कि पार्टनर पे कोई नया यूपीआई ऐप या टिकट खरीदने का अलग विकल्प नहीं है। इसे एयर इंडिया के कारोबारी साझेदारों के लिए तैयार किया गया है। सामान्य यात्री पहले की तरह एयरलाइन की वेबसाइट, मोबाइल ऐप या ट्रैवल एजेंट के जरिए टिकट बुक कर सकेंगे।

बैंक गारंटी देने की जरूरत नहीं, खर्च का हिसाब भी मिलेगा

पार्टनर पे की एक खास बात यह है कि इसमें बैंक गारंटी की अनिवार्यता नहीं रखी गई है। एयर इंडिया के अनुसार, प्रोग्राम से जुड़ने वाले पात्र कारोबारी साझेदारों को इस भुगतान व्यवस्था के लिए अलग से बैंक गारंटी देने की जरूरत नहीं होगी। छोटी ट्रैवल एजेंसियों के लिए यह राहत की बात हो सकती है। उन्हें भुगतान का इंतजाम करने के लिए अतिरिक्त बैंकिंग औपचारिकताओं से कम गुजरना पड़ेगा। हालांकि, प्रीपेड सिस्टम होने के कारण टिकट बुकिंग से पहले अकाउंट में पर्याप्त रकम रखना जरूरी होगा।

नई सुविधा में खर्च का पूरा रिकॉर्ड देखने की व्यवस्था भी मिलेगी। एजेंसी ने कब और किस बुकिंग के लिए कितना भुगतान किया, इसकी जानकारी एक ही जगह उपलब्ध होगी। इससे अकाउंट संभालने वाली टीम का काम कुछ आसान हो सकता है। महीने के आखिर में अलग-अलग बुकिंग और भुगतान का मिलान करने में भी मदद मिलेगी। एयर इंडिया को उम्मीद है कि इस बदलाव से पेमेंट और टिकट वितरण से जुड़ी लागत कम करने में सहायता मिलेगी।

Leave a comment