Mahanadi Coalfields IPO: ₹136 तक प्राइस बैंड तय, 19 नवंबर से निवेश का मौका, जानें GMP और लिस्टिंग डेट

Mahanadi Coalfields IPO: ₹129-136 का प्राइस बैंड तय। IPO 19 नवंबर को खुलेगा और 23 नवंबर को बंद होगा। जानें आज का GMP, लॉट साइज और 27 नवंबर की लिस्टिंग डेट।

कोल इंडिया की सहायक कंपनी महानदी कोलफील्ड्स का ₹8,981 करोड़ का IPO 19 नवंबर से खुलेगा। कंपनी ने ₹129 से ₹136 का प्राइस बैंड तय किया है। ग्रे मार्केट में शेयर ₹7 प्रीमियम पर है।

बिजनेस न्यूज़: शेयर बाजार में निवेश करने वालों के लिए एक और सरकारी कंपनी का बड़ा आईपीओ आने वाला है। कोल इंडिया की सहायक कंपनी महानदी कोलफील्ड्स (Mahanadi Coalfields) ने अपने पहले सार्वजनिक निर्गम की तारीख और प्राइस बैंड घोषित कर दिया है। करीब 8,981 करोड़ रुपये का यह आईपीओ 19 नवंबर 2026 को खुलेगा। निवेशक 23 नवंबर तक आवेदन कर सकेंगे। कंपनी करीब 90 हजार करोड़ रुपये के मूल्यांकन पर बाजार में उतरने की तैयारी कर रही है।

महानदी कोलफील्ड्स IPO में कितने रुपये लगाने होंगे?

महानदी कोलफील्ड्स ने अपने आईपीओ के लिए 129 से 136 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड रखा है। इसका मतलब है कि निवेशक इसी दायरे में शेयर खरीदने के लिए बोली लगा सकेंगे। रिटेल निवेशकों के लिए एक लॉट में 110 शेयर रखे गए हैं। अगर कोई निवेशक ऊपरी प्राइस बैंड यानी 136 रुपये पर आवेदन करता है, तो उसे एक लॉट के लिए 14,960 रुपये लगाने होंगे।

आईपीओ में एंकर निवेशकों के लिए बोली 18 नवंबर को खुलेगी। इसके अगले दिन आम निवेशकों के लिए सब्सक्रिप्शन शुरू होगा और 23 नवंबर को बंद हो जाएगा। फिलहाल शेयर अलॉटमेंट की संभावित तारीख 25 नवंबर है। जिन निवेशकों को शेयर नहीं मिलेंगे, उनके पैसे लौटाने और सफल आवेदकों के डीमैट खातों में शेयर जमा करने की प्रक्रिया 26 नवंबर को पूरी होने की उम्मीद है। कंपनी के शेयर 27 नवंबर 2026 को बीएसई और एनएसई पर लिस्ट हो सकते हैं।

महानदी कोलफील्ड्स IPO का GMP कितना है?

आईपीओ खुलने से पहले ही ग्रे मार्केट में महानदी कोलफील्ड्स के शेयरों की चर्चा शुरू हो गई है। 16 नवंबर की सुबह IPO ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म Investorgain के अनुसार, महानदी कोलफील्ड्स का ग्रे मार्केट प्रीमियम यानी GMP लगभग 7 रुपये था। इस आधार पर शेयर की संभावित लिस्टिंग कीमत 143 रुपये बनती है। यह 136 रुपये के अपर प्राइस बैंड से करीब 5.15 फीसदी ज्यादा है।

हालांकि, GMP कोई आधिकारिक आंकड़ा नहीं है। यह अनौपचारिक बाजार में चल रही मांग का संकेत देता है और हर दिन बदल सकता है। इसलिए केवल ग्रे मार्केट प्रीमियम देखकर आईपीओ में पैसा लगाना सही नहीं माना जाता। वास्तविक लिस्टिंग कीमत बाजार की मांग और दूसरे कारकों पर निर्भर करेगी।

Mahanadi Coalfields IPO: ₹136 तक प्राइस बैंड तय, 19 नवंबर से निवेश का मौका, जानें GMP और लिस्टिंग डेट

पूरी तरह OFS होगा 8,981 करोड़ रुपये का आईपीओ

महानदी कोलफील्ड्स का आईपीओ पूरी तरह ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए लाया जा रहा है। इसके तहत प्रमोटर कंपनी कोल इंडिया अपनी 66.18 करोड़ इक्विटी शेयरों की बिक्री करेगी। यह महानदी कोलफील्ड्स की कुल इक्विटी पूंजी का करीब 10 फीसदी हिस्सा है। कंपनी इस इश्यू में कोई नया शेयर जारी नहीं करेगी। इसका मतलब है कि शेयर बिक्री से मिलने वाली रकम महानदी कोलफील्ड्स के बजाय कोल इंडिया को जाएगी। इसमें आईपीओ से संबंधित खर्च घटाए जाएंगे।

आईपीओ में पात्र कर्मचारियों के लिए 5 फीसदी शेयर आरक्षित रखे गए हैं। उन्हें अंतिम इश्यू प्राइस पर 6 रुपये प्रति शेयर की छूट भी मिलेगी। इसके अलावा कोल इंडिया के पात्र शेयरधारकों के लिए 10 फीसदी हिस्सा आरक्षित किया गया है।

कोल इंडिया की तीसरी सहायक कंपनी बनेगी लिस्टेड

महानदी कोलफील्ड्स इस साल शेयर बाजार में आने वाली कोल इंडिया की तीसरी सहायक कंपनी बनने की तैयारी में है। इससे पहले भारत कोकिंग कोल और सेंट्रल माइन प्लानिंग एंड डिजाइन इंस्टीट्यूट (CMPDI) बाजार में लिस्ट हो चुकी हैं। सरकारी कंपनियों में हिस्सेदारी बिक्री की योजना के तहत इन कंपनियों को बाजार में लाया जा रहा है।

महानदी कोलफील्ड्स ओडिशा की प्रमुख कोयला उत्पादक कंपनियों में शामिल है। कंपनी का मुख्यालय संबलपुर में है और इसका कारोबार तालचेर तथा आईबी वैली कोयला क्षेत्रों में फैला हुआ है। कंपनी मुख्य रूप से बिजली उत्पादन में इस्तेमाल होने वाले कोयले की आपूर्ति करती है। इसके अलावा सीमेंट, स्टील और दूसरे औद्योगिक क्षेत्रों में भी इसका कोयला इस्तेमाल होता है।

कंपनी की कमाई और मुनाफा कितना बढ़ा?

महानदी कोलफील्ड्स के वित्तीय नतीजों में भी सुधार देखने को मिला है। वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड शुद्ध मुनाफा 4,879 करोड़ रुपये रहा। पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले इसमें करीब 6.7 फीसदी की बढ़ोतरी हुई। वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी ने 218.31 मिलियन टन कच्चे कोयले का उत्पादन किया था। 

यह कोल इंडिया के कुल उत्पादन का लगभग 28.4 फीसदी और देश के घरेलू कोयला उत्पादन का करीब 21 फीसदी था। इन आंकड़ों से देश के कोयला उत्पादन और बिजली क्षेत्र में कंपनी की बड़ी भूमिका का पता चलता है।

Leave a comment