एनवीडिया के पूर्व सीईओ जेनसन हुआंग की वापसी की उम्मीदों को झटका लगा है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी का बोर्ड फिलहाल उन्हें दोबारा सीईओ बनाने पर विचार नहीं कर रहा है। बोर्ड का ध्यान जांच और नए नेतृत्व की नियुक्ति पर है।
वॉशिंगटन: अमेरिकी चिप निर्माता कंपनी एनवीडिया (Nvidia) में नेतृत्व को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच नया अपडेट सामने आया है। कंपनी के सह-संस्थापक जेनसन हुआंग की सीईओ पद पर वापसी की संभावनाएं फिलहाल कमजोर दिखाई दे रही हैं। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, एनवीडिया का बोर्ड हुआंग को दोबारा जिम्मेदारी सौंपने पर विचार नहीं कर रहा है।
इससे पहले उनके समर्थन में कई बड़े टेक कारोबारी और कर्मचारी सामने आए थे। हालांकि, बोर्ड की ओर से वापसी को लेकर कोई औपचारिक फैसला सार्वजनिक नहीं किया गया है।
जेनसन हुआंग की वापसी पर क्या है बोर्ड का रुख?
एनवीडिया के पूर्व सीईओ जेनसन हुआंग को दोबारा कंपनी की कमान सौंपने की चर्चा पिछले कुछ दिनों से चल रही है। हालांकि, अब सामने आई रिपोर्ट ने इन संभावनाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। समाचार एजेंसी ने मामले की जानकारी रखने वाले तीन लोगों के हवाले से बताया है कि कंपनी के निदेशक मंडल में हुआंग की वापसी पर फिलहाल विचार नहीं हो रहा है।
बोर्ड की प्राथमिकता उनके आचरण से जुड़े आरोपों की स्वतंत्र जांच और नए सीईओ की नियुक्ति बताई जा रही है। इससे पहले फाइनेंशियल टाइम्स की रिपोर्ट में दावा किया गया था कि हुआंग अपने कुछ करीबी सहयोगियों से वापसी की संभावना पर बातचीत कर रहे हैं। सिलिकॉन वैली की कई प्रभावशाली हस्तियां भी उन्हें दोबारा सीईओ बनाने के पक्ष में माहौल तैयार कर रही थीं। लेकिन अभी तक कंपनी ने ऐसा कोई संकेत नहीं दिया है कि वह अपने पूर्व प्रमुख को तुरंत वापस लाने के लिए तैयार है।
टेक दिग्गजों ने चलाया वापसी के समर्थन में अभियान
जेनसन हुआंग के इस्तीफे के बाद तकनीकी क्षेत्र की कई जानी-मानी हस्तियां उनके समर्थन में सामने आई हैं। रिपोर्टों के मुताबिक, एलन मस्क, एपिक गेम्स के सीईओ टिम स्वीनी और वाई कॉम्बिनेटर के सीईओ गैरी टैन जैसे नामों ने उनकी वापसी के अभियान का समर्थन किया है। हुआंग के समर्थन में एक ऑनलाइन याचिका भी शुरू की गई। 16 नवंबर तक इस पर 1.80 लाख से ज्यादा लोगों के हस्ताक्षर हो चुके थे।
कंपनी के कुछ कर्मचारियों ने भी उनकी वापसी की मांग की है। उनका मानना है कि एनवीडिया को इस मुकाम तक पहुंचाने में हुआंग की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। हालांकि, कर्मचारियों और उद्योग जगत की मांग के बावजूद अंतिम फैसला कंपनी के निदेशक मंडल को ही लेना है।
डोनाल्ड ट्रंप ने भी दिया हुआंग का साथ
![]()
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी जेनसन हुआंग की वापसी को लेकर सकारात्मक रुख दिखाया है। सोमवार को पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए ट्रंप ने कहा कि यदि हुआंग दोबारा एनवीडिया के सीईओ बनते हैं, तो उन्हें इससे कोई आपत्ति नहीं होगी। ट्रंप ने यह भी कहा कि संभव है हुआंग ने हाल की घटनाओं से सबक लिया हो। हालांकि, राष्ट्रपति ने कंपनी के बोर्ड को किसी खास फैसले के लिए निर्देश देने की बात नहीं कही।
दूसरी ओर, अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट की राय अलग है। उन्होंने कहा कि एनवीडिया को नए नेतृत्व के लिए कंपनी से बाहर किसी योग्य व्यक्ति की तलाश करनी चाहिए। बेसेंट ने कंपनी के कामकाज और चीन को उन्नत चिप्स की बिक्री से जुड़े अनुपालन सवालों की भी जांच जरूरी बताई।
33 साल बाद क्यों छोड़ना पड़ा था सीईओ पद?
जेनसन हुआंग ने साल 1993 में एनवीडिया की स्थापना की थी। इसके बाद करीब 33 वर्षों तक उन्होंने कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी की जिम्मेदारी संभाली। 11 नवंबर 2026 को कंपनी के बोर्ड ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया था। इसकी सार्वजनिक घोषणा 12 नवंबर को की गई। उनका इस्तीफा निजी संबंधों और संभावित राष्ट्रीय सुरक्षा चिंताओं से जुड़ी मीडिया रिपोर्टों के बीच आया था।
रिपोर्टों में सिंगापुर की कारोबारी एलिस हुआंग के साथ उनके संबंधों और चीन से संभावित खुफिया संपर्कों को लेकर सवाल उठाए गए थे। इसके अलावा एनवीडिया की वरिष्ठ अधिकारी किम्बर्ली पॉवेल के साथ कथित संबंधों की भी चर्चा हुई। हालांकि, इन आरोपों से संबंधित सभी तथ्यों की पुष्टि नहीं हुई है। जांच में यह निर्धारित किया जाना बाकी है कि किसी गोपनीय जानकारी या अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा को नुकसान पहुंचा था या नहीं। एनवीडिया ने अपने आधिकारिक इस्तीफा संबंधी बयान में हुआंग के पद छोड़ने का कारण नहीं बताया था।
फिलहाल कौन संभाल रहा एनवीडिया की कमान?
जेनसन हुआंग के इस्तीफे के बाद एनवीडिया की मुख्य वित्त अधिकारी कोलेट क्रेस को अंतरिम सीईओ नियुक्त किया गया है। क्रेस सितंबर 2013 से कंपनी के वित्त विभाग का नेतृत्व कर रही हैं। नए स्थायी सीईओ की नियुक्ति होने तक वह दोनों जिम्मेदारियां संभालेंगी। कंपनी ने हार्वे सी. जोन्स को अपने निदेशक मंडल का नया चेयरमैन भी बनाया है।
एनवीडिया ने स्पष्ट किया है कि स्थायी सीईओ की तलाश में कंपनी के अंदर और बाहर, दोनों जगह योग्य उम्मीदवारों पर विचार किया जाएगा। फाइनेंशियल टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, ब्रिटिश चिप डिजाइन कंपनी आर्म होल्डिंग्स के सीईओ रेने हास का नाम भी संभावित उम्मीदवारों में सामने आया है। हास पहले एनवीडिया में काम कर चुके हैं। हालांकि, उनकी नियुक्ति को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
एनवीडिया के लिए क्यों महत्वपूर्ण है यह फैसला?
एनवीडिया दुनिया में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े उन्नत चिप्स की प्रमुख निर्माता कंपनियों में शामिल है। उसके उत्पादों का इस्तेमाल बड़े डेटा सेंटर, एआई मॉडल और हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग में होता है। जेनसन हुआंग ने कंपनी को ग्राफिक्स कार्ड बनाने वाली फर्म से एआई उद्योग की महत्वपूर्ण कंपनी बनाने में बड़ी भूमिका निभाई थी।
अब उनके जाने के बाद निवेशकों और कर्मचारियों की नजर नए नेतृत्व पर है। कंपनी के सामने मौजूदा ग्राहकों का भरोसा बनाए रखने, चिप्स की सप्लाई और अपनी तकनीकी योजनाओं को आगे बढ़ाने की चुनौती है।












