दिल्ली लाल किला ब्लास्ट में 10 लोग मारे गए। NIA जांच में मसूद अजहर का नाम सामने आया। आरोपी डॉक्टर शाहीन सादिया अजहर से जुड़ी थीं और महिला ब्रिगेड की गतिविधियों में सक्रिय थीं।
Delhi News: दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए कार ब्लास्ट में 10 लोगों की मौत हो गई है। इस घटना की जांच अब राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को सौंपी गई है। जांच में जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी मसूद अजहर का नाम सामने आ रहा है क्योंकि गिरफ्तार डॉक्टर शाहीन उसकी बहन सादिया के संपर्क में थी। सादिया को भारत में महिला ब्रिगेड की कमान सौंपी गई थी। बताया जा रहा है कि मसूद अजहर पहले भी कई बड़े आतंकी हमलों में शामिल रहा है।
जांच में सामने आए डॉक्टरों के नाम
ब्लास्ट के दौरान कार में बैठा फिदायीन उमर मोहम्मद मारा गया था। इस मामले में फरीदाबाद से मुजम्मिल शकील और अनंतनाग के डॉक्टर आदिल अहमद को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा एक महिला डॉक्टर शाहीन का नाम भी सामने आया है। अब तक की जांच में यह बात सामने आई है कि डॉक्टर शाहीन मसूद अजहर की बहन सादिया के संपर्क में थी, जिसे भारत में महिला ब्रिगेड का नेतृत्व सौंपा गया था। शाहीन पर महिलाओं को इस ब्रिगेड से जोड़ने की जिम्मेदारी थी।
जैश-ए-मोहम्मद कनेक्शन पर शक
दिल्ली विस्फोट की जिम्मेदारी किसी आतंकी संगठन ने अभी तक नहीं ली है, लेकिन आरोपी डॉक्टर शाहीन और मसूद अजहर की बहन सादिया के बीच संपर्क मिलने से जैश-ए-मोहम्मद का कनेक्शन मजबूत होता दिख रहा है। जांच एजेंसियां इस बात की पड़ताल कर रही हैं कि इस नेटवर्क में और कितने लोग शामिल हैं।
मसूद अजहर कौन है
मसूद अजहर पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद का संस्थापक है। उसने 1999 में आईसी-814 विमान अपहरण के दौरान भारत सरकार द्वारा रिहा किए जाने के बाद इस संगठन की स्थापना की थी। यह संगठन पाकिस्तान के बहावलपुर से संचालित होता है। पाकिस्तान यह दावा करता है कि वह मसूद अजहर को पनाह नहीं दे रहा, लेकिन भारत ने कई बार सबूत दिए हैं कि वह पाकिस्तान सरकार की शह पर आजाद घूम रहा है।
भारत पर किए गए आतंकी हमले
मसूद अजहर का नाम भारत में हुए कई बड़े आतंकी हमलों से जुड़ा है। वह 2001 के संसद हमले, 2008 के मुंबई हमले, 2016 के पठानकोट एयरबेस हमले और 2019 के पुलवामा हमले में शामिल रहा है। अब दिल्ली ब्लास्ट में संदिग्धों की गिरफ्तारी के बाद भी उसका नाम इस हमले से जुड़ता दिख रहा है।
महिला ब्रिगेड से जुड़ा कनेक्शन
जैश-ए-मोहम्मद ने हाल ही में महिलाओं के लिए जमात-उल-मोमिनात नाम की एक ब्रिगेड बनाई है, जिसकी मुखिया मसूद अजहर की बहन सादिया अजहर है। सादिया का पति यूसुफ अजहर ऑपरेशन सिंदूर हमले में मारा गया था। यह ब्रिगेड धार्मिक शिक्षा के नाम पर महिलाओं को आतंकी विचारधारा की ओर ले जाने का काम कर रही है।
महिला ब्रिगेड की भूमिका
इस ब्रिगेड का फोकस अपने शीर्ष कमांडरों की पत्नियों को जोड़ने पर है। पिछले महीने पुलवामा हमले के मास्टरमाइंड उमर फारूक की पत्नी अफीरा बीबी को इसकी सलाहकार परिषद में शामिल किया गया था। फारूक 2019 में मारा गया था और अब अफीरा बीबी सादिया अजहर के साथ मिलकर जमात-उल-मोमिनात की गतिविधियों की देखरेख कर रही हैं।
डॉक्टर शाहीन को मिली थी जिम्मेदारी
फरीदाबाद के एक मेडिकल कॉलेज की डॉक्टर शाहीन सईद को भारत में महिला ब्रिगेड की इकाई स्थापित करने का काम सौंपा गया था। दिल्ली विस्फोट के बाद उसे एक असॉल्ट राइफल और गोला-बारूद के साथ गिरफ्तार किया गया। शाहीन की गिरफ्तारी के बाद यह खुलासा हुआ कि वह भारत में महिला ब्रिगेड की सक्रिय सदस्य थी और सादिया अजहर के निर्देश पर काम कर रही थी।











