दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर जन सुनवाई के दौरान हमला हुआ। एक शख्स ने उन्हें थप्पड़ मारा। आरोपी को हिरासत में लिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। नेताओं ने घटना की कड़ी निंदा की।
Delhi: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर बुधवार को एक चौंकाने वाली घटना घटी। यह घटना उस समय हुई जब मुख्यमंत्री अपने आवास पर साप्ताहिक जन सुनवाई कर रही थीं। अधिकारियों के मुताबिक, जैसे ही एक शख्स अपनी शिकायत लेकर पहुंचा, उसने अचानक मुख्यमंत्री को थप्पड़ मार दिया। मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत आरोपी को काबू कर लिया और हिरासत में ले लिया।
आरोपी ने शिकायत लेकर पहुंचने का बनाया बहाना
मुख्यमंत्री आवास के अधिकारियों ने बताया कि आरोपी जन सुनवाई के बहाने अंदर आया। पहले उसने रेखा गुप्ता को कुछ कागज़ दिए। इसके बाद वह अचानक चिल्लाने लगा और देखते ही देखते मुख्यमंत्री को थप्पड़ जड़ दिया। इस घटना से वहां मौजूद लोग और सुरक्षाकर्मी हक्का-बक्का रह गए।
आरोपी हिरासत में, पुलिस कर रही पूछताछ
घटना के तुरंत बाद आरोपी को पकड़कर सिविल लाइंस थाने ले जाया गया। शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी की उम्र लगभग 35 साल है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसके पीछे असल मकसद क्या था।
बीजेपी नेताओं की प्रतिक्रिया
दिल्ली बीजेपी प्रवक्ता प्रवीण शंकर ने घटना की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि आरोपी जन सुनवाई का बहाना बनाकर आया था। उसने मुख्यमंत्री को कागज़ देने के बाद अचानक हमला कर दिया। बीजेपी नेताओं ने इस हमले की कड़ी निंदा की है।
बीजेपी नेता रमेश बिधूड़ी ने कहा कि यह हमला शायद जानबूझकर जन सुनवाई को डिरेल करने की कोशिश थी। उन्होंने इसे लोकतंत्र पर हमला बताया।
बीजेपी नेता तेजिंदर बग्गा ने ट्वीट कर कहा कि वह इस खबर से हैरान हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सुरक्षा पर चिंता जताई और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। बग्गा ने लिखा कि बजरंग बली उनकी रक्षा करें।
आम आदमी पार्टी ने भी जताई चिंता
इस घटना की निंदा केवल बीजेपी ने ही नहीं बल्कि आम आदमी पार्टी ने भी की। पार्टी के नेता अनुराग ढांडा ने कहा कि इस तरह की घटनाएं बेहद गंभीर हैं। उन्होंने बताया कि दिल्ली पुलिस मामले की जांच कर रही है और सच सामने आने के बाद ही पूरी तस्वीर साफ होगी।
आरोपी कौन है और क्यों किया हमला
फिलहाल पुलिस ने आरोपी की पहचान उजागर नहीं की है। शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि आरोपी की उम्र करीब 35 साल है। वह खुद को शिकायतकर्ता बताकर अंदर आया था। लेकिन उसने अचानक मुख्यमंत्री पर हमला कर दिया। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी की मंशा क्या थी। क्या यह हमला व्यक्तिगत नाराजगी के चलते किया गया या इसके पीछे कोई राजनीतिक कारण है।