साल 2020 का दौर अनिल अंबानी के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं था। एक वक्त जो दुनिया के सबसे अमीर लोगों की लिस्ट में शामिल थे, उन्होंने खुद कोर्ट में खड़े होकर कहा कि उनके पास वकील की फीस तक भरने के पैसे नहीं हैं। उन्होंने लंदन की एक अदालत में अपने दिवालिया होने की घोषणा की थी। तब उनके ऊपर तीन चीनी बैंकों से लिए गए 700 मिलियन डॉलर के कर्ज की देनदारी थी। अदालत ने उन्हें ब्याज समेत 717 मिलियन डॉलर चुकाने का आदेश दिया था।
कोर्ट में कहा– खर्च चलाने लायक भी नहीं हैं पैसे
लंदन कोर्ट में हुई सुनवाई के दौरान अनिल अंबानी ने जो हलफनामा दिया, उसने सभी को चौंका दिया था। उन्होंने कहा था कि उनकी कुल संपत्ति शून्य है और वे अपनी जीवनशैली का खर्च भी खुद नहीं चला पा रहे हैं। उस वक्त ऐसा लगा कि एक समय के उद्योगपति का पूरा साम्राज्य ढह चुका है। मगर इसी बीच एक चीज ऐसी थी, जिसे लेकर अनिल अंबानी ने कभी भी बेचने या गिरवी रखने तक का विचार नहीं किया।
जिसे पिता धीरूभाई अंबानी से विरासत में पाया
यह बात हो रही है अनिल अंबानी के 17 मंजिला लग्जरी बंगले ‘एबोड’ की, जो मुंबई के पॉश इलाके पाली हिल में स्थित है। यह प्रॉपर्टी उन्हें अपने पिता और रिलायंस के संस्थापक धीरूभाई अंबानी से विरासत में मिली थी। संकट के समय जब कंपनियों के शेयरों की कीमतें गिर गईं, कर्ज का बोझ सिर पर था, तब भी इस बंगले को बेचना उनके मन में कभी नहीं आया।
‘एबोड’– वो घर जो किसी महल से कम नहीं
अनिल अंबानी का यह घर 16,000 स्क्वायर फीट में फैला है। इसे मुंबई के सबसे महंगे निजी घरों में गिना जाता है। इस आलीशान इमारत में एक हेलीपैड, बड़ा सा स्विमिंग पूल, स्पा, जिम, विशाल गैराज, हाई-टेक सिक्योरिटी सिस्टम और पूरी तरह ऑटोमैटेड इंटीरियर है। इसमें एक खास फ्लोर मेहमानों के लिए और एक फ्लोर सिर्फ होम थिएटर के लिए है।
अनिल अंबानी इस घर में अपनी पत्नी टीना अंबानी और बेटों जय अनमोल और जय अंशुल अंबानी के साथ रहते हैं। प्रॉपर्टी मार्केट के जानकारों का मानना है कि इस घर की मौजूदा कीमत लगभग 5000 करोड़ रुपये के आसपास है।
लग्जरी की दीवारों में बंद है अंबानी परिवार की विरासत
एबोड सिर्फ एक बंगला नहीं, बल्कि अंबानी परिवार की विरासत और पहचान है। इसे कभी किसी मीडिया इंटरेक्शन में नहीं दिखाया गया, लेकिन इससे जुड़ी जानकारियां समय-समय पर सामने आती रही हैं। यह मुंबई की उन कुछ प्राइवेट प्रॉपर्टीज़ में से है जो करोड़ों की कीमत के बावजूद नीलामी या लिस्टिंग से दूर रही।
प्राइवेट जेट भी है अंबानी के पास
उनके पास एक शानदार प्राइवेट जेट भी है जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 311 करोड़ रुपये है। इस जेट का इस्तेमाल वे बिजनेस ट्रैवल्स और फैमिली ट्रिप्स के लिए करते रहे हैं। कई बार उन्हें अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों और बैठकों में इसी जेट से सफर करते देखा गया है।
फिर से मजबूत हो रही हैं कंपनियां
अनिल अंबानी की दो प्रमुख कंपनियां रिलायंस पावर और रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर अब धीरे-धीरे दोबारा उठ खड़ी हो रही हैं। इन कंपनियों को कुछ नए प्रोजेक्ट्स मिले हैं, जिससे शेयरों की कीमत में तेजी आई है। इससे कर्ज का बोझ थोड़ा कम हुआ है और निवेशकों का भरोसा भी बढ़ा है।
अब क्या है नेटवर्थ
हालांकि, अनिल अंबानी ने खुद को "नेटवर्थ जीरो" बताया था, लेकिन रिपोर्ट्स की मानें तो आज उनके और टीना अंबानी की संयुक्त कुल संपत्ति करीब 2500 करोड़ रुपये से अधिक हो चुकी है। यह संकेत है कि तमाम आर्थिक संकटों के बावजूद अंबानी परिवार धीरे-धीरे पुराने स्वरूप में लौट रहा है।
बिना बिके खड़ा रहा 5000 करोड़ का 'एबोड'
जिस समय कई लोग अपने खर्च चलाने के लिए प्रॉपर्टी बेच देते हैं, उस वक्त अनिल अंबानी ने अपने सबसे कीमती घर को सुरक्षित रखा। एबोड केवल एक आलीशान निवास नहीं, बल्कि अंबानी परिवार की उस सोच का प्रतीक है जिसमें विरासत को आर्थिक तंगी से ऊपर माना गया। यही वजह है कि आज भी यह बंगला पूरे शान से मुंबई के पॉश इलाके में खड़ा है।