जयपुर के दूदू क्षेत्र में बुधवार रात NH-48 पर पातुड़ी कट के पास तेज रफ्तार और लापरवाही एक बार फिर बड़ी त्रासदी लेकर आई। बेकाबू ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई।
Jaipur: बुधवार रात करीब 8:30 बजे NH-48 पर पातुड़ी कट के पास यह दर्दनाक हादसा हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक हाईवे पर तेज गति से आ रहा था। अचानक वाहन अनियंत्रित हुआ और सामने जा रही बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे।
दोनों युवकों की मौके पर ही मौत
हादसे में मरने वाले युवकों की पहचान बेनीखेड़ा निवासी गणेश गुर्जर और राजू गुर्जर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों को बचाया नहीं जा सका। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
सूचना मिलते ही दूदू थाना प्रभारी सीआई मुकेश कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और स्थिति को नियंत्रित किया।
दोनों शवों को दूदू अस्पताल की मोर्च्युरी में रखवाया गया। इसके बाद पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दी और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की।
ट्रक चालक की तलाश जारी
हादसे के बाद बताया जा रहा है कि ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस चालक की पहचान करने के लिए CCTV फुटेज, वाहन नंबर और स्थानीय जानकारी जुटा रही है। शुरुआती जांच में लापरवाही से ड्राइविंग की पुष्टि हुई है।
पोस्टमार्टम के बाद सौंपे जाएंगे शव
पुलिस ने बताया कि दोनों शवों का पोस्टमार्टम गुरुवार सुबह होगा। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। परिवारों में हादसे की खबर से कोहराम मचा हुआ है। गांव में शोक की लहर है।









