झारखंड के दुमका जिले के सरैयाहाट थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी 13 वर्षीय बेटी की हत्या कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे 68 वर्षीय ग्रामीण पर भी हमला किया गया, जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।
दुमका: झारखंड के दुमका जिले के सरैयाहाट थाना क्षेत्र के बेलूडीह गांव में शनिवार शाम दोहरे हत्याकांड की घटना सामने आई। आरोप है कि एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग बेटी की हत्या कर दी और उसे बचाने आए एक बुजुर्ग ग्रामीण पर भी जानलेवा हमला किया। घायल बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बेटी की हत्या के बाद बुजुर्ग पर भी किया हमला
पुलिस के अनुसार, बेलूडीह गांव निवासी मनोज मंडल पर आरोप है कि उसने अपनी 13 वर्षीय बेटी पुड़की कुमारी पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के दौरान पास में मौजूद 68 वर्षीय सरजू मंडल बच्ची को बचाने के लिए पहुंचे, लेकिन आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया।
हमले में गंभीर रूप से घायल सरजू मंडल को इलाज के लिए देवघर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही सरैयाहाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी मनोज मंडल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आरोपी से पूछताछ जारी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद घटना के कारणों और अन्य पहलुओं की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।
प्रारंभिक जांच में सामने आई यह जानकारी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी किसी बात को लेकर अपनी बेटी के साथ मारपीट कर रहा था। इसी दौरान खेत में काम कर रहे सरजू मंडल ने हस्तक्षेप कर बच्ची को बचाने की कोशिश की। आरोप है कि इसके बाद मनोज मंडल ने उन पर भी हमला कर दिया।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटना के पीछे की वास्तविक वजह और परिस्थितियों का पता लगाने के लिए परिजनों तथा स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है.
गांव में शोक और सनसनी का माहौल
दोहरे हत्याकांड की इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग घटना से स्तब्ध हैं। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच पूरी होने तक आधिकारिक जानकारी का इंतजार करने की अपील की है।
मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।











