देशभर में E20 यानी 20 फीसदी एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल को लेकर चल रही बहस के बीच पेट्रोलियम मंत्रालय ने सरकार का पक्ष सामने रखा है। मंत्रालय ने उन सवालों के जवाब देने की कोशिश की है, जो पिछले कई महीनों से वाहन मालिकों के मन में बने हुए हैं।
बिजनेस न्यूज़: भारत में E20 पेट्रोल (20 फीसदी एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल) को लेकर वाहन मालिकों के बीच लगातार सवाल उठ रहे हैं। कई लोग जानना चाहते हैं कि पेट्रोल पंपों पर शुद्ध पेट्रोल या E10 पेट्रोल का विकल्प क्यों उपलब्ध नहीं है, क्या E20 महंगा है, पुरानी गाड़ियों पर इसका असर पड़ेगा या नहीं और सरकार एथेनॉल ब्लेंडिंग नीति को क्यों जारी रखे हुए है।
इन सभी सवालों पर पेट्रोलियम मंत्रालय ने सरकार का पक्ष स्पष्ट किया है। मंत्रालय का कहना है कि E20 का उद्देश्य केवल पेट्रोल की कीमत कम करना नहीं है, बल्कि भारत की ऊर्जा सुरक्षा मजबूत करना, आयातित कच्चे तेल पर निर्भरता घटाना और घरेलू स्तर पर ईंधन उत्पादन को बढ़ावा देना है।
70 डॉलर प्रति बैरल क्रूड पर E20 की लागत अधिक हो सकती है
सरकार ने माना है कि कुछ परिस्थितियों में E20 पेट्रोल की लागत सामान्य पेट्रोल से अधिक हो सकती है। मंत्रालय के अनुसार, यदि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत लगभग 70 डॉलर प्रति बैरल रहती है, तो मक्के से तैयार एथेनॉल की कीमत, परिवहन, भंडारण और अन्य खर्च जोड़ने के बाद E20 तैयार करना महंगा पड़ सकता है।
सरकार के मुताबिक, मक्के से बनने वाले एथेनॉल की खरीद कीमत लगभग 71.86 रुपये प्रति लीटर है। हालांकि, सरकार का तर्क है कि यदि भविष्य में कच्चे तेल की कीमत 120-130 डॉलर प्रति बैरल तक बढ़ती है, तो एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल भारत के लिए आर्थिक रूप से अधिक फायदेमंद साबित हो सकता है।
पेट्रोल पंपों पर शुद्ध पेट्रोल क्यों नहीं मिल रहा?
सबसे बड़ा सवाल यह है कि ग्राहकों को शुद्ध पेट्रोल या अलग-अलग ब्लेंडिंग वाले विकल्प क्यों नहीं दिए जा रहे हैं। मंत्रालय का कहना है कि भारत में एक लाख से अधिक पेट्रोल पंप हैं। यदि हर पेट्रोल पंप पर शुद्ध पेट्रोल, E10 और E20 के लिए अलग-अलग स्टोरेज और सप्लाई व्यवस्था करनी पड़े, तो पूरी फ्यूल सप्लाई चेन अधिक जटिल और महंगी हो जाएगी।
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि प्रीमियम पेट्रोल को शुद्ध पेट्रोल का विकल्प नहीं माना जा सकता, क्योंकि इसमें मुख्य ईंधन के साथ विशेष एडिटिव मिलाए जाते हैं।
![]()
E20 नीति से पीछे क्यों नहीं हटना चाहती सरकार?
सरकार के अनुसार, एथेनॉल ब्लेंडिंग कार्यक्रम में पिछले वर्षों में बड़े पैमाने पर निवेश हुआ है। एथेनॉल प्लांट, डिस्टिलरी और स्टोरेज सुविधाओं के निर्माण के लिए बैंकों और उद्योगों ने भारी निवेश किया है। मंत्रालय का कहना है कि यदि अब E20 से वापस E10 या शुद्ध पेट्रोल व्यवस्था पर लौटा जाता है, तो किसानों, उद्योगों और वित्तीय संस्थानों से जुड़े निवेश पर असर पड़ सकता है।
सरकार के अनुसार, E20 का सबसे बड़ा लाभ यह है कि पेट्रोल में इस्तेमाल होने वाला लगभग 20 फीसदी हिस्सा घरेलू स्तर पर तैयार एथेनॉल होता है। इससे भारत की विदेशी तेल बाजार पर निर्भरता कम होती है। मंत्रालय का दावा है कि एथेनॉल ब्लेंडिंग कार्यक्रम के कारण, लगभग 1.97 लाख करोड़ रुपये की विदेशी मुद्रा बचत हुई।
करीब 316 लाख टन कच्चे तेल के आयात में कमी आई। लगभग 952 लाख टन कार्बन उत्सर्जन कम हुआ। किसानों को 1.66 लाख करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया गया। सरकार का कहना है कि एथेनॉल उत्पादन ने किसानों को ऊर्जा क्षेत्र से जोड़ते हुए उन्हें "ऊर्जादाता" की भूमिका भी दी है।
क्या E20 से पुरानी गाड़ियों को नुकसान होगा?
E20 लागू होने के बाद सबसे अधिक चिंता पुराने वाहनों को लेकर जताई गई है। कई वाहन मालिकों को डर है कि इससे इंजन, रबर पार्ट्स या फ्यूल सिस्टम पर असर पड़ सकता है। मंत्रालय ने इन आशंकाओं को खारिज करते हुए कहा कि E20 लागू करने से पहले व्यापक वैज्ञानिक परीक्षण किए गए हैं। सरकार के अनुसार, 40 हजार किलोमीटर से अधिक की टेस्टिंग के बाद नीति को आगे बढ़ाया गया।
मंत्रालय ने बताया कि मारुति सुजुकी ने वित्त वर्ष 2025-26 में करोड़ों वाहनों की सर्विस की, जिनमें बड़ी संख्या ऐसी गाड़ियों की थी जो E20 सर्टिफाइड नहीं थीं। इसके बावजूद बड़े पैमाने पर इंजन खराब होने या पार्ट्स में गंभीर समस्या की शिकायत नहीं मिली। हीरो मोटोकॉर्प के अनुभव का भी सरकार ने उदाहरण दिया और कहा कि दोपहिया वाहनों में भी कोई व्यापक समस्या सामने नहीं आई है।
भारत में E20 ब्लेंडिंग का सफर
सरकार ने माना है कि कुछ वाहनों में E20 इस्तेमाल करने से माइलेज में 3 से 5 फीसदी तक कमी आ सकती है। इसका कारण एथेनॉल की ऊर्जा क्षमता पेट्रोल की तुलना में कम होना है। हालांकि, मंत्रालय का कहना है कि E20 की ऑक्टेन रेटिंग अधिक होती है, जिससे इंजन की दक्षता बेहतर हो सकती है और लंबे समय में कार्बन उत्सर्जन कम करने में मदद मिलती है। सरकार के अनुसार, एथेनॉल मिश्रण धीरे-धीरे बढ़ाया गया है:
- 2020-21: 8.1 प्रतिशत
- 2021-22: 10 प्रतिशत
- 2022-23: 12.1 प्रतिशत
- 2023-24: 14.6 प्रतिशत
- 2024-25: 19.2 प्रतिशत
- 2025-26 में 20 प्रतिशत के लक्ष्य तक पहुंच
सरकार का कहना है कि E20 नीति लंबे समय की योजना का हिस्सा है और फिलहाल शुद्ध पेट्रोल या E10 को अलग विकल्प के रूप में उपलब्ध कराने की कोई योजना नहीं है।












