वेस्टइंडीज के धाकड़ बल्लेबाज एविन लुईस ने इस साल की शुरुआत में 34 साल की उम्र में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। यह कदम उन्होंने तब उठाया था जब उन्हें टी20 वर्ल्ड कप के लिए टीम में शामिल नहीं किया गया।
स्पोर्ट्स न्यूज़: वेस्टइंडीज के स्टार बल्लेबाज एविन लुईस ने अपने करियर को लेकर बड़ा यू-टर्न लिया है। इस साल की शुरुआत में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान करने वाले लुईस ने अब अपने फैसले को वापस ले लिया है। हालांकि, उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वापसी का संकेत नहीं दिया है, बल्कि घरेलू क्रिकेट में खेलने का फैसला किया है।
34 वर्षीय लुईस अब वेस्टइंडीज के प्रतिष्ठित फर्स्ट-क्लास टूर्नामेंट रीजनल फोर-डे कॉम्पिटिशन में त्रिनिदाद की ओर से खेलते नजर आएंगे। यह फैसला उनके करियर के नए अध्याय की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।
टी20 वर्ल्ड कप चयन के बाद लिया था संन्यास
एविन लुईस ने टी20 वर्ल्ड कप टीम में जगह नहीं मिलने के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला किया था। उस समय यह माना गया कि चयन में अनदेखी से निराश होकर उन्होंने यह कदम उठाया। लेकिन महज दो महीने के भीतर ही उन्होंने अपना निर्णय बदल लिया और क्रिकेट में सक्रिय बने रहने का फैसला किया।
अगर एविन लुईस इस घरेलू टूर्नामेंट में हिस्सा लेते हैं, तो यह उनकी रेड बॉल क्रिकेट में लगभग 9 साल बाद वापसी होगी। उन्होंने आखिरी बार 2017 में फर्स्ट-क्लास मैच खेला था। फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में उनके आंकड़े भी अच्छे रहे हैं। उन्होंने 22 मैचों में 30.72 की औसत से 1,229 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक शामिल है। हालांकि, दिलचस्प बात यह है कि इतने अनुभव के बावजूद उन्हें कभी भी वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के लिए टेस्ट मैच खेलने का मौका नहीं मिला।
![]()
टीम में चयन को लेकर बढ़ी प्रतिस्पर्धा
त्रिनिदाद टीम के कोच रायद एमरिट ने लुईस की वापसी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनका टीम में शामिल होना सकारात्मक संकेत है। उन्होंने कहा कि टीम में कई बल्लेबाज अच्छे फॉर्म में हैं, जिससे चयन प्रक्रिया चुनौतीपूर्ण हो गई है। लुईस को जेरेमी सोलोजानो, जेड गूली, आमिर जंगू, जेसन मोहम्मद और नवीन बिदाईसी जैसे खिलाड़ियों से कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ेगा।
कोच के अनुसार, यह “अच्छी समस्या” है, क्योंकि टीम के पास कई मजबूत विकल्प मौजूद हैं। एविन लुईस को खास तौर पर लिमिटेड ओवर फॉर्मेट का विस्फोटक बल्लेबाज माना जाता है। उन्होंने अब तक 70 वनडे मैचों में 36.75 की औसत से 2279 रन बनाए हैं। टी20 इंटरनेशनल में भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा है, जहां उन्होंने 67 मैचों में 152 से अधिक के स्ट्राइक रेट से 1799 रन बनाए हैं। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी शैली उन्हें दुनिया के खतरनाक ओपनिंग बल्लेबाजों में शामिल करती है।










