गोरखपुर: अक्टूबर 2026 तक तैयार होगा इंटीग्रेटेड कन्वेंशन सेंटर और एलीट क्लब

गोरखपुर में इंटीग्रेटेड कन्वेंशन सेंटर और एलीट क्लब का निर्माण अक्टूबर 2026 तक पूरा होने का लक्ष्य है। जानें प्रोजेक्ट की पूरी जानकारी, सुविधाएँ और शहर के विकास
गोरखपुर: अक्टूबर 2026 तक तैयार होगा इंटीग्रेटेड कन्वेंशन सेंटर और एलीट क्लब

गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने रामगढ़ताल के किनारे चंपा देवी पार्क में निर्माणाधीन इंटीग्रेटेड स्टेट ऑफ आर्ट कन्वेंशन सेंटर, यूपी कल्चरल हाट और एलिट क्लब की तैयारियों को तेज कर दिया है।

लखनऊ: गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने रामगढ़ताल किनारे चंपा देवी पार्क में बन रहे इंटीग्रेटेड स्टेट ऑफ आर्ट कन्वेंशन सेंटर, यूपी कल्चरल हाट और एलीट क्लब के संचालन, प्रबंधन और रख-रखाव के लिए रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल (आरएफपी) जारी कर दिया है। इच्छुक फर्मों को 20 जनवरी 2026 तक प्रस्ताव प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया है।

जीडीए की योजना के अनुसार, यह कन्वेंशन सेंटर अक्टूबर 2026 तक तैयार हो जाएगा, जबकि एलीट क्लब मई 2026 तक तैयार होकर संचालन के लिए तैयार रहेगा।

परियोजना का विवरण

चंपा देवी पार्क की लगभग 12 एकड़ भूमि पर विकसित किया जा रहा यह सेंटर प्रदेश का सबसे बड़ा कन्वेंशन हब होगा। इसकी वास्तुकला विशेष रूप से पीपल के पत्ते के आकार में डिजाइन की जा रही है। ऊपर से देखने पर यह पूरी तरह पत्ते जैसा दिखाई देगा, वहीं सामने से भी इसकी आकृति प्रतीकात्मक रूप से स्पष्ट होगी।

कन्वेंशन सेंटर की क्षमता 5000 लोगों की होगी, जो इसे न केवल गोरखपुर बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश में बड़े आयोजनों के लिए प्रमुख केंद्र बनाएगी। भवन में दो बेसमेंट पार्किंग और तीन मंजिला संरचना होगी।

सुविधाएं और आकर्षण

गोरखपुर: अक्टूबर 2026 तक तैयार होगा इंटीग्रेटेड कन्वेंशन सेंटर और एलीट क्लब

कन्वेंशन सेंटर में आधुनिक योजना और तकनीकी सुविधाओं के साथ 12 मीटिंग हॉल, एक भव्य बैंक्वेट हॉल, लाइब्रेरी और दो अत्याधुनिक ऑडिटोरियम विकसित किए जाएंगे। यह सेंटर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन, व्यापारिक मीटिंग, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सरकारी आयोजनों के लिए उपयुक्त मंच प्रदान करेगा। भवन के साथ ही 6 एकड़ भूमि पर होटल और व्यावसायिक परिसर विकसित किया जाएगा। इस परिसर में:

  • 5 स्क्रीन वाला मल्टीप्लेक्स सिनेमा
  • 267 दुकानें, 5 एंकर शॉप्स
  • 214 ऑफिस स्पेस
  • फूड कोर्ट, रेस्टोरेंट, कैफे और गेम जोन
  • 304 कमरे वाला अत्याधुनिक होटल
  • लगभग 3000 वाहनों के लिए पार्किंग सुविधा

यह एकीकृत विकास आगंतुकों, पर्यटकों, अधिकारियों और व्यवसायियों के लिए एक ही स्थान पर ठहरने, भोजन, मनोरंजन, खरीदारी और कार्य सुविधाओं का विकल्प उपलब्ध कराएगा। चंपा देवी पार्क के पहले वाटर पार्क वाले हिस्से में अब एलीट क्लब और यूपी कल्चरल हाट का निर्माण होगा। यह सांस्कृतिक बाजार लगभग 12 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया जाएगा। इसमें 40 कियोस्क, खुला प्रदर्शन स्थल और हस्तशिल्प व सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए जगह शामिल होगी।

जीडीए स्वयं निर्माण कार्य की निगरानी कर रहा है और परियोजना की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए कंसल्टेंट फर्म भी नियुक्त की गई है। निर्माण कार्य मुंबई की प्रतिष्ठित फर्म पीकेएच वेंचर्स लिमिटेड द्वारा कराया जा रहा है। इस व्यावसायिक भवन का नाम फिलहाल ‘यूपी वर्ल्ड ट्रेड सेंटर’ रखा गया है।

Leave a comment