ग्रैमी अवॉर्ड्स 2027 में टेलर स्विफ्ट ने की रिकॉर्ड की बराबरी, रे को मिले सबसे ज्यादा 11 नामांकन

Grammy Awards 2027: टेलर स्विफ्ट ने लगातार पांचवीं बार एल्बम ऑफ द ईयर में नामांकन पाकर रिकॉर्ड की बराबरी की। ब्रिटिश सिंगर रे को सबसे ज्यादा 11 नामांकन मिले।

ग्रैमी अवॉर्ड्स 2027 के नामांकन में ब्रिटिश सिंगर रे 11 नॉमिनेशन के साथ सबसे आगे हैं। रोसालिया को नौ नामांकन मिले हैं। वहीं, टेलर स्विफ्ट ने लगातार पांच स्टूडियो एल्बम के लिए 'एल्बम ऑफ द ईयर' में नामांकन पाकर इतिहास रचा है।

एंटरटेनमेंट न्यूज़: दुनिया के प्रतिष्ठित म्यूजिक अवॉर्ड्स में शामिल ग्रैमी के 69वें संस्करण के लिए नामांकन घोषित हो गए हैं। रिकॉर्डिंग अकादमी ने सोमवार, 16 नवंबर 2026 को अलग-अलग कैटेगरी में चुने गए कलाकारों के नाम जारी किए। इस बार ब्रिटिश सिंगर रे ने सबसे ज्यादा नामांकन हासिल किए हैं। टेलर स्विफ्ट भी अपने नए रिकॉर्ड को लेकर चर्चा में हैं। उनके अलावा ब्रूनो मार्स, ओलिविया रोड्रिगो और फीबी ब्रिजर्स जैसे कलाकारों ने प्रमुख कैटेगरी में जगह बनाई है।

टेलर स्विफ्ट ने लगातार पांचवीं बार किया कमाल

अमेरिकी पॉप स्टार टेलर स्विफ्ट के लिए इस साल के ग्रैमी नॉमिनेशन खास बन गए हैं। उनके एल्बम 'The Life of a Showgirl' को 'Album of the Year' कैटेगरी में जगह मिली है। इसी के साथ वह लगातार पांच स्टूडियो एल्बम के लिए इस पुरस्कार की दौड़ में शामिल होने वाली दूसरी कलाकार बन गई हैं। इससे पहले अमेरिकी रैपर केंड्रिक लैमर यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं। स्विफ्ट के जिन पांच एल्बम को लगातार नामांकन मिले हैं, उनमें 'Folklore', 'Evermore', 'Midnights', 'The Tortured Poets Department' और 'The Life of a Showgirl' शामिल हैं।

टेलर स्विफ्ट को इस बार कुल पांच ग्रैमी नामांकन मिले हैं। उनका गाना 'The Fate of Ophelia' भी 'Record of the Year' की रेस में है। वहीं, 'I Knew It, I Knew You' को 'Song of the Year' में जगह मिली है।

रे ने 11 नामांकन के साथ सबको पीछे छोड़ा

ब्रिटिश सिंगर रे का असली नाम रेचल अगाथा कीन है। इस बार उनके खाते में 11 नामांकन आए हैं। उनका एल्बम 'This Music May Contain Hope.' और गाना 'Where Is My Husband!' प्रमुख पुरस्कारों की दौड़ में शामिल हैं। रे ने एक साल में सबसे ज्यादा 11 ग्रैमी नामांकन पाने वाली महिला कलाकार के रूप में बेयोंसे के रिकॉर्ड की बराबरी भी कर ली है। बेयोंसे को 2025 में इतने ही नामांकन मिले थे।

स्पेनिश सिंगर रोसालिया नौ नामांकन के साथ दूसरे स्थान पर हैं। उनके एल्बम 'LUX (Complete Works)' को भी 'Album of the Year' में नॉमिनेशन मिला है। एला लैंगली, मिरांडा लैम्बर्ट, ओलिविया रोड्रिगो और फीबी ब्रिजर्स को सात-सात नामांकन मिले हैं। ब्रूनो मार्स, लियोन थॉमस और ओलिविया डीन छह-छह नामांकन के साथ आगे हैं।

ग्रैमी 2027 की प्रमुख कैटेगरी में कौन-कौन शामिल?

ग्रैमी अवॉर्ड्स 2027 में टेलर स्विफ्ट ने की रिकॉर्ड की बराबरी, रे को मिले सबसे ज्यादा 11 नामांकन

Record of the Year: इस कैटेगरी में ओलिविया डीन का 'Man I Need', एला लैंगली का 'Choosin' Texas', ब्रूनो मार्स का 'I Just Might', रे का 'Where Is My Husband!', ओलिविया रोड्रिगो का 'The Cure', रोसालिया का 'Berghain', टेलर स्विफ्ट का 'The Fate of Ophelia' और टेम इम्पाला व जेनी का 'Dracula' शामिल हैं।

Album of the Year: फीबी ब्रिजर्स का 'Lost Weekend', ओलिविया डीन का 'The Art of Loving', एला लैंगली का 'Dandelion', ब्रूनो मार्स का 'The Romantic', रे का 'This Music May Contain Hope.', ओलिविया रोड्रिगो का 'You Seem Pretty Sad for a Girl So in Love', रोसालिया का 'LUX (Complete Works)' और टेलर स्विफ्ट का 'The Life of a Showgirl' नामांकित हैं।

Song of the Year: इस कैटेगरी में 'Berghain', 'Choosin' Texas', 'The Cure', 'Hate That I Made You Love Me', 'I Knew It, I Knew You', 'Man I Need', 'Risk It All' और 'Where Is My Husband!' को जगह मिली है।

Best New Artist: इस पुरस्कार के लिए एंजिन डी पोइट्राइन, गीस, एला लैंगली, स्लेयटर, सिएना स्पिरो, डॉन टोलिवर, रेमी वुल्फ और द वोमैक सिस्टर्स को नामांकन मिला है।

Producer of the Year, Non-Classical: टोनी बर्ग, डर्नस्ट 'डी'माइल' एमिल II, नोआ गोल्डस्टीन, मिरांडा लैम्बर्ट और माइक सबाथ इस कैटेगरी के उम्मीदवार हैं।

कब होगी वोटिंग और किस दिन मिलेंगे अवॉर्ड?

रिकॉर्डिंग अकादमी ने इस साल 12 क्षेत्रों और 100 कैटेगरी में नामांकन घोषित किए हैं। इनमें 31 अगस्त 2025 से 28 अगस्त 2026 के बीच रिलीज हुए योग्य म्यूजिक प्रोजेक्ट शामिल किए गए हैं। विजेताओं का फैसला रिकॉर्डिंग अकादमी के करीब 16 हजार वोटिंग सदस्य करेंगे। अंतिम चरण की वोटिंग 10 दिसंबर 2026 से शुरू होगी और 7 जनवरी 2027 तक चलेगी।

69वें ग्रैमी अवॉर्ड्स का आयोजन 7 फरवरी 2027 को अमेरिका के लॉस एंजिलिस स्थित क्रिप्टो डॉट कॉम एरिना में होगा। समारोह का लाइव प्रसारण ABC पर किया जाएगा, जबकि दर्शक इसे Disney+ और Hulu पर भी देख सकेंगे। फिलहाल सभी कलाकारों की नजरें अंतिम वोटिंग पर हैं। रे सबसे ज्यादा नामांकन लेकर आगे जरूर हैं, लेकिन असली नतीजे अवॉर्ड समारोह में ही सामने आएंगे।

Leave a comment