गुरुग्राम नगर निगम कार्यालय को ईमेल के जरिए बम धमाके की धमकी मिलने से अफरा-तफरी मच गई। पुलिस, बम निरोधक और डॉग स्क्वायड ने परिसर खाली कराकर जांच शुरू की। शुरुआती जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
गुरुग्राम: गुरुग्राम नगर निगम कार्यालय को गुरुवार सुबह ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद अधिकारियों और कर्मचारियों को बाहर निकाल दिया गया। सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचे और पूरे परिसर की तलाशी शुरू की। पुलिस ने कार्यालय की मंजिलों, पार्किंग और अन्य स्थानों की जांच की। शुरुआती जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
ईमेल से मिली बम धमाके की धमकी
गुरुग्राम नगर निगम की आधिकारिक ईमेल आईडी पर गुरुवार सुबह 11:38 बजे धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ। इसमें नगर निगम कार्यालय को दोपहर 1:11 बजे बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। ईमेल में IED ब्लास्ट का भी उल्लेख किया गया।
धमकी की जानकारी मिलते ही नगर निगम कार्यालय में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों को तुरंत बाहर निकाला गया। कार्यालय में काम कराने पहुंचे लोगों को भी परिसर से बाहर कर दिया गया। इसके बाद पुलिस ने पूरे क्षेत्र को अपने नियंत्रण में लेकर सुरक्षा जांच शुरू कर दी।
![]()
ईमेल में कथित तौर पर इसे खालिस्तानी नेशनल आर्मी से जुड़े कुछ लोगों के नाम से भेजा गया बताया गया है। पुलिस अब ईमेल के स्रोत और इसे भेजने वाले व्यक्ति या समूह की पहचान करने में जुटी है।
पुलिस और बम स्क्वायड ने पूरे परिसर की तलाशी ली
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के साथ बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड नगर निगम कार्यालय पहुंचा। सुरक्षा टीमों ने कार्यालय की प्रत्येक मंजिल, पार्किंग क्षेत्र और अन्य संभावित स्थानों की बारीकी से जांच की।
जांच के दौरान संदिग्ध वस्तुओं की भी तलाश की गई। फिलहाल तलाशी में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिलने से पुलिस और नगर निगम प्रशासन ने राहत की सांस ली है। हालांकि, सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह जांच पूरी होने तक किसी भी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहतीं।
पुलिस की ओर से परिसर में सैनिटाइजेशन और सुरक्षा जांच की प्रक्रिया भी शुरू की गई।
ईमेल में पंजाब और क्रिकेट स्टेडियमों को भी धमकी
धमकी भरे ईमेल में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को निशाना बनाने की बात भी कही गई। इसके अलावा पंजाब के कुछ पुलिस थानों और क्रिकेट से जुड़े स्थानों पर हमले की धमकी का उल्लेख किया गया।
ईमेल में 5 और 6 सितंबर को भटिंडा तथा 13 सितंबर को क्रिकेट वाले स्थान पर हमले की बात कही गई थी। इसमें 700 किसानों का बदला भाजपा से लेने और भगवंत मान से कथित तौर पर बदला लेने जैसी बातें भी लिखी गई थीं।
इसके अलावा ईमेल में उत्तर प्रदेश के DGP यादव और उनके रिश्तेदारों को लेकर भी धमकी दी गई। इन धमकियों के बाद संबंधित राज्यों की पुलिस को अलर्ट किए जाने की बात कही गई है।
साइबर सेल ईमेल भेजने वाले की तलाश में जुटी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में किसी संदिग्ध वस्तु के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है। इसके बावजूद पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच जारी है। पुलिस इस धमकी को संभावित हॉक्स यानी फर्जी धमकी की दिशा में भी देख रही है।
पुलिस की साइबर सेल ईमेल के स्रोत और इसे भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही धमकी की वास्तविकता और इसके पीछे जिम्मेदार व्यक्ति या समूह के बारे में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।








