IBPS ने क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों में ऑफिस असिस्टेंट और ऑफिसर के कुल 13,441 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। योग्य उम्मीदवार 21 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया ibps.in पर पूरी होगी।
नई दिल्ली: इंस्टीट्यूट ऑफ बैंकिंग पर्सोनेल सिलेक्शन (IBPS) ने RRB 2026 भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू कर दिए हैं। इस भर्ती के तहत ऑफिस असिस्टेंट समेत ऑफिसर के कुल 13,441 पद भरे जाएंगे। योग्य उम्मीदवार 21 सितंबर 2026 तक IBPS की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
1 सितंबर से शुरू हुई आवेदन प्रक्रिया
IBPS की ओर से क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों में विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 1 सितंबर 2026 से शुरू की गई है। बैंकिंग सेक्टर में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए यह भर्ती महत्वपूर्ण अवसर है। इच्छुक अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट ibps.in पर जाकर ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं।
![]()
उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले भर्ती से संबंधित पात्रता और आयु सीमा की शर्तों को ध्यान से जांच लेना चाहिए। आवेदन की अंतिम तारीख 21 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। अंतिम समय में वेबसाइट पर अधिक लोड या तकनीकी परेशानी से बचने के लिए अभ्यर्थियों को समय रहते आवेदन पूरा करने की सलाह दी जाती है।
ऑफिस असिस्टेंट के 7,993 पद
इस भर्ती अभियान के तहत ऑफिस असिस्टेंट (Office Assistant) के सबसे अधिक 7,993 पद निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा ऑफिसर स्केल I के 4,256 पद हैं। ऑफिसर स्केल II में जनरल बैंकिंग के 666, IT के 79, CA के 99, लॉ के 48, ट्रेजरी मैनेजर के 18, मार्केटिंग ऑफिसर के 16 और एग्रीकल्चर ऑफिसर के 48 पद शामिल हैं।
वहीं, ऑफिसर स्केल III के लिए 220 पद रखे गए हैं। इस तरह भर्ती के तहत कुल 13,441 रिक्त पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
अलग-अलग पदों के लिए अलग आयु सीमा
ऑफिस असिस्टेंट पद के लिए उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम 28 वर्ष निर्धारित है। ऑफिसर स्केल I के लिए आयु सीमा 18 से 30 वर्ष, ऑफिसर स्केल II के लिए 21 से 32 वर्ष और ऑफिसर स्केल III के लिए 21 से 40 वर्ष है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
शैक्षणिक योग्यता पद के अनुसार अलग-अलग है। संबंधित पदों के लिए इलेक्ट्रॉनिक्स/संचार, कंप्यूटर साइंस, सूचना प्रौद्योगिकी, CA, MBA, LLB, कृषि, बागवानी, डेयरी, पशु/पशु चिकित्सा विज्ञान और इंजीनियरिंग सहित निर्धारित डिग्री की आवश्यकता है।
ऐसे भरें ऑनलाइन फॉर्म
आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को सबसे पहले IBPS की आधिकारिक वेबसाइट ibps.in पर जाना होगा। इसके बाद भर्ती से संबंधित आवेदन लिंक पर क्लिक करके Click here for New Registration विकल्प चुनना होगा। रजिस्ट्रेशन के दौरान मांगी गई जानकारी भरने के बाद लॉगिन करके आवेदन फॉर्म पूरा करना होगा।
इसके बाद उम्मीदवार को निर्धारित प्रारूप में अपना हस्ताक्षर और फोटोग्राफ अपलोड करना होगा। आवेदन शुल्क का ऑनलाइन भुगतान करने के बाद फॉर्म को अंतिम रूप से सबमिट करना होगा। आवेदन पूरा होने के बाद उम्मीदवार को भरे हुए फॉर्म का प्रिंटआउट निकालकर सुरक्षित रखना चाहिए। प्रिंट लेने की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।
आवेदन शुल्क कितना है?
इस भर्ती के लिए जनरल, OBC और EWS वर्ग के उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क के रूप में 850 रुपये जमा करने होंगे। वहीं, SC, ST और PH वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 175 रुपये निर्धारित किया गया है। शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से किया जा सकता है।
उम्मीदवारों को आवेदन सबमिट करने से पहले फॉर्म में दर्ज सभी जानकारी और अपलोड किए गए दस्तावेजों की अच्छी तरह जांच कर लेनी चाहिए, ताकि आवेदन में किसी प्रकार की त्रुटि न रह जाए।








