आईसीसी की ताजा वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में भारतीय टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा का राज खत्म हो गया है। शीर्ष स्थान अब न्यूजीलैंड के डैरिल मिचेल के नाम हो गया है। मिचेल ने हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे में अपना सातवां शतक जमाकर यह उपलब्धि हासिल की।
ICC ODI Batting Rankings: भारतीय टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा का आईसीसी की ताजा वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में नंबर-1 का राज अब खत्म हो गया है। रोहित शर्मा ने कुछ समय पहले सिडनी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शतक जमाकर यह शीर्ष स्थान हासिल किया था। आईसीसी की ताजा बल्लेबाजी रैंकिंग में अब न्यूज़ीलैंड के डैरिल मिचेल नंबर-1 बल्लेबाज बन गए हैं।
डैरिल मिचेल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे में शतक जमाया, जो उनके वनडे करियर का सातवां शतक था। वेस्टइंडीज के खिलाफ इस शतक ने मिचेल को रोहित शर्मा को पीछे छोड़ने और नंबर-1 स्थान हासिल करने में मदद की। इस उपलब्धि के साथ ही डैरिल मिचेल ने वनडे क्रिकेट में इतिहास रच दिया।
डैरिल मिचेल ने रोहित शर्मा को पछाड़ा
डैरिल मिचेल का यह करियर का पहला मौका है जब वे वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में शीर्ष स्थान हासिल करने में सफल हुए। इससे पहले न्यूजीलैंड के ग्लेन टर्नर 1979 में इस मुकाम तक पहुंचे थे। मिचेल के अलावा कई न्यूजीलैंड के दिग्गज बल्लेबाज जैसे मार्टिन क्रो, एंड्रयू जोंस, रोजर टोस, नाथन एस्टल, केन विलियमसन, मार्टिन गप्टिल और रॉस टेलर टॉप-5 तक तो पहुंचे, लेकिन नंबर-1 तक नहीं जा सके। मिचेल का वेस्टइंडीज के खिलाफ शतक उनके लिए निर्णायक साबित हुआ और इसने रोहित शर्मा को पीछे छोड़ते हुए इतिहास रच दिया।

आईसीसी की ताजा वनडे रैंकिंग में पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने भी दमदार प्रदर्शन किया। पाकिस्तान ने हाल ही में श्रीलंका के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप किया। मोहम्मद रिजवान पांच स्थान की छलांग लगाकर 22वें नंबर पर पहुंचे। फखर जमान भी पांच स्थान ऊपर उठकर 26वें नंबर पर पहुंचे।
गेंदबाजों की रैंकिंग में भी पाकिस्तान के खिलाड़ी चमके
अब्रार अहमद ने 11 स्थान की छलांग लगाई और 9वें नंबर पर पहुंचे। तेज गेंदबाज हैरिस रउफ पांच स्थान ऊपर उठकर 23वें स्थान पर पहुंचे। अफगानिस्तान के राशिद खान आईसीसी की वनडे गेंदबाजी रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर कायम हैं। टीम इंडिया और साउथ अफ्रीका के बीच कोलकाता टेस्ट के बाद टेस्ट रैंकिंग में भी बड़े बदलाव देखे गए।
साउथ अफ्रीका के कप्तान टेंबा बावुमा दूसरी पारी में नाबाद 55 रन बनाकर पहली बार टॉप-5 टेस्ट बल्लेबाजों में शामिल हुए। भारत के कप्तान शुभमन गिल गर्दन की चोट के बावजूद दो स्थान की छलांग लगाकर 11वें नंबर पर पहुंचे। बांग्लादेश के खिलाड़ियों को भी आयरलैंड के खिलाफ प्रदर्शन के कारण फायदा मिला। कप्तान नजमुल हुसैन शांतो चार स्थान ऊपर उठकर 34वें नंबर पर पहुंचे। महामुदुल हसन जॉय ने 19 स्थान की छलांग लगाकर 74वां नंबर हासिल किया।
जसप्रीत बुमराह टेस्ट गेंदबाजी में नंबर-1 पर
आईसीसी टेस्ट गेंदबाजी रैंकिंग में भारत के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह शीर्ष स्थान पर बरकरार हैं। उन्होंने ईडन गार्डन्स में छह विकेट चटकाए। कुलदीप यादव दो स्थान ऊपर उठकर करियर का सर्वोत्तम 13वां स्थान हासिल किया। रवींद्र जडेजा चार स्थान ऊपर उठकर 15वें स्थान पर पहुंचे। मार्को यानसेन 11वें और साइमन हार्मर 20 स्थान की छलांग लगाकर 24वें स्थान पर काबिज हुए।
टी20 रैंकिंग में न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने भी दम दिखाया। टिम रोबिंसन आठ स्थान ऊपर उठकर 15वें नंबर पर पहुंचे। डेवोन कॉनवे सात स्थान की छलांग लगाकर 48वें स्थान पर आए। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज जैकब डफी एक स्थान ऊपर चढ़कर दूसरे नंबर पर काबिज हुए।








