अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने अक्टूबर 2025 के Player of the Month पुरस्कारों का ऐलान कर दिया है। इस महीने का मेन्स और वूमेन्स प्लेयर ऑफ द मंथ दोनों अवॉर्ड साउथ अफ्रीका के खिलाड़ियों के नाम रहा।
स्पोर्ट्स न्यूज़: साउथ अफ्रीका के उभरते ऑलराउंडर सेनुरन मुथुसामी को अक्टूबर 2025 के लिए ICC मेन्स प्लेयर ऑफ द मंथ चुना गया है। बाएं हाथ के इस स्पिनर ने पाकिस्तान के स्पिनर नोमान अली और अफगानिस्तान के दिग्गज स्पिनर राशिद खान को पीछे छोड़ते हुए यह प्रतिष्ठित पुरस्कार हासिल किया।मुथुसामी को यह अवॉर्ड साउथ अफ्रीका के पाकिस्तान टेस्ट दौरे में बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन के लिए दिया गया।
31 साल के मुथुसामी के लिए यह पहला ICC प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड है, जिसे पाकर वह बेहद खुश हैं। मुथुसामी ने कहा कि ICC द्वारा इस पुरस्कार से सम्मानित किए जाने पर बहुत अच्छा लग रहा है।
सेनुरन मुथुसामी ने जीता मेन्स प्लेयर ऑफ द मंथ
साउथ अफ्रीका के 31 वर्षीय ऑलराउंडर सेनुरन मुथुसामी ने पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज में अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर ICC मेन्स प्लेयर ऑफ द मंथ का पुरस्कार अपने नाम किया। बाएं हाथ के स्पिनर और मध्य क्रम के बल्लेबाज मुथुसामी ने पाकिस्तान के स्पिनर नोमान अली और अफगानिस्तान के दिग्गज राशिद खान को पछाड़कर यह सम्मान जीता।

मुथुसामी ने इस सीरीज में 106 रन बनाए और 11 विकेट अपने नाम किए। उन्होंने पहली पारी में 6 और दूसरी पारी में 5 विकेट झटके। इसके अलावा, दूसरे टेस्ट में निचले क्रम से नाबाद 89 रन बनाकर टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। इस प्रदर्शन के लिए उन्हें Player of the Series का अवॉर्ड भी मिला।
मुथुसामी ने कहा, ICC द्वारा Player of the Month चुने जाने पर बहुत खुशी हुई। यह सम्मान खासकर टेस्ट क्रिकेट में मिला, जो हर खिलाड़ी के लिए गर्व की बात है। मैं अपनी टीम और साथियों को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं। उन्होंने आगे कहा कि पाकिस्तान में इतनी प्रतिस्पर्धी सीरीज का हिस्सा बनना उनके लिए सौभाग्य की बात रही और आने वाले समय में भी वह टीम के लिए योगदान देने के लिए उत्साहित हैं।
लौरा वोल्वार्ड्ट बनी वूमेन्स प्लेयर ऑफ द मंथ

महिला क्रिकेट में भी साउथ अफ्रीका ने अपनी ताकत दिखाई। महिला कैटेगिरी का Player of the Month पुरस्कार साउथ अफ्रीका की कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट को दिया गया। ICC Women’s World Cup 2025 में लौरा ने सबसे अधिक रन बनाए और टीम के लिए शानदार प्रदर्शन किया। लौरा वोल्वार्ड्ट ने वर्ल्ड कप में 571 रन बनाए, जिसमें उन्होंने कई मैचों में निर्णायक पारियां खेलकर टीम को जीत दिलाई। उनकी बल्लेबाजी तकनीक और स्थिर प्रदर्शन ने उन्हें अक्टूबर महीने के लिए यह अवॉर्ड दिलाया।
सेनुरन मुथुसामी और लौरा वोल्वार्ड्ट का यह प्रदर्शन साउथ अफ्रीका की टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। मुथुसामी की स्पिन और बल्लेबाजी की क्षमता टेस्ट टीम में उन्हें स्थायी स्थान दिला चुकी है, जबकि लौरा वोल्वार्ड्ट की नेतृत्व क्षमता और रन मशीन बनने की शैली महिला क्रिकेट टीम की सफलता में अहम योगदान दे रही है।










