अभिनेता इमरान खान हाल ही में फिल्म ‘हैप्पी पटेल’ में नजर आए हैं। इस फिल्म के जरिए इमरान ने करीब 10 साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी की है, हालांकि इसमें उनका केवल कैमियो रोल है।
एंटरटेनमेंट न्यूज़: बॉलीवुड अभिनेता इमरान खान एक बार फिर सुर्खियों में हैं। करीब 10 साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी करने वाले इमरान हाल ही में फिल्म ‘हैप्पी पटेल’ में कैमियो रोल में नजर आए हैं। भले ही उनकी भूमिका छोटी हो, लेकिन उनकी वापसी ने फैंस के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है। अब इमरान खान ने खुलकर बताया है कि उन्होंने लंबे समय तक फिल्मों से दूरी क्यों बनाए रखी और आखिर ‘हैप्पी पटेल’ में उनकी एंट्री कैसे हुई।
मैं सुपरस्टार बनने की दौड़ में नहीं हूं: इमरान खान
हाल ही में पीटीआई (PTI) को दिए इंटरव्यू में इमरान खान ने अपने करियर को लेकर बेहद साफ और अलग सोच साझा की। उन्होंने कहा, हर किसी का करियर को देखने का नजरिया अलग होता है। मैं खुद को सुपरस्टार बनाने या टॉप एक्टर्स की लिस्ट में आने की कोशिश में नहीं हूं। जब तक मुझे कोई कहानी सच में पसंद नहीं आती, मैं फिल्म करने का फैसला नहीं करता।
इमरान ने बताया कि बीते दो सालों में उन्होंने कई स्क्रिप्ट्स पढ़ीं, लेकिन उनमें से कोई भी उन्हें इतनी पसंद नहीं आई कि वह फिल्मों में वापसी कर सकें। उनके मुताबिक, अब वह फिल्मों को पहले से ज्यादा गंभीरता और आत्मिक जुड़ाव के साथ देखते हैं।
फिल्मों में वापसी का बदला हुआ नजरिया
इमरान खान ने स्वीकार किया कि 2023 के अंत में जब उन्होंने एक लंबे ब्रेक के बाद इंडस्ट्री और लोगों से दोबारा जुड़ना शुरू किया, तो कई लोगों को हैरानी हुई। उन्होंने कहा, लोगों ने मजाक में कहा अरे, ये आदमी जिंदा है! और फिर मुझसे संपर्क करना शुरू किया। लेकिन इस दौरान मेरा नजरिया पूरी तरह बदल चुका था।
इमरान का मानना है कि वह तभी किसी प्रोजेक्ट का हिस्सा बनेंगे, जब उन्हें यह डर महसूस होगा कि अगर उन्होंने यह फिल्म नहीं की, तो कुछ खास छूट जाएगा।

‘हैप्पी पटेल’ में कैसे हुई एंट्री?
इमरान खान ने यह भी बताया कि ‘हैप्पी पटेल’ में उनकी एंट्री किसी ऑडिशन या स्क्रिप्ट मीटिंग के जरिए नहीं हुई थी। उन्होंने कहा, मैंने सुना कि वीर और उनकी दोस्त मिथिला मिलकर एक मजेदार कॉमेडी स्पाई फिल्म बना रहे हैं। मैंने न तो स्क्रिप्ट सुनी थी और न ही कहानी, लेकिन दोस्तों से इसके बारे में सुनकर ही मुझे उत्सुकता हो गई।
इमरान ने आगे बताया कि उन्होंने सीधे फिल्म के निर्देशक वीर को मैसेज किया और कहा कि वह इस प्रोजेक्ट का हिस्सा बनना चाहते हैं। मैंने उनसे कहा—आप लोग इतना मजेदार काम कर रहे हैं, क्या मैं भी आपके साथ आकर मस्ती कर सकता हूं? इसके बाद उन्होंने मेरे लिए एक छोटा सा रोल लिखा, जो पहले स्क्रिप्ट में था ही नहीं।
फिल्में मैं दोस्तों के साथ मस्ती के लिए करता हूं
इमरान खान का फिल्मों को लेकर नजरिया काफी दिलचस्प है। उन्होंने कहा कि उनके लिए फिल्म निर्माण एक तरह का क्रिएटिव खेल है। मैं फिल्में इसलिए बनाता हूं ताकि दोस्तों के साथ समय बिता सकूं। हम सब मिलकर किरदार निभाते हैं, मेकअप करते हैं और कुछ नया रचते हैं। मेरे लिए आर्ट वहीं पैदा होती है, जहां प्यार और मजा हो।
इमरान खान आखिरी बार 2015 में फिल्म ‘कट्टी बट्टी’ में नजर आए थे। इसके बाद उन्होंने फिल्मों से दूरी बना ली थी। अपने करियर में इमरान ने ‘जाने तू…या जाने ना’, ‘आई हेट लव स्टोरीज’, ‘ब्रेक के बाद’ जैसी चर्चित फिल्मों में काम किया और एक खास पहचान बनाई।











