IND vs NZ 2nd T20I: ईशान किशन और सूर्यकुमार यादव का तूफान, भारत ने न्यूजीलैंड को 7 विकेट से हराया

IND vs NZ 2nd T20I Highlights: ईशान किशन और सूर्यकुमार यादव की तूफानी बल्लेबाजी की बदौलत भारत ने न्यूजीलैंड को 7 विकेट से हराया। जानिए मैच के महत्वपूर्ण मोड़

भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए दूसरे टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए एक हाई-स्कोरिंग मैच में मेहमान टीम को करारी शिकस्त दी। 

स्पोर्ट्स न्यूज़: रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में शुक्रवार को ओस के बीच चौकों-छक्कों की बारिश हुई और दर्शकों को पैसा वसूल हाई-स्कोरिंग मैच देखने को मिला। भारतीय सलामी जोड़ी के फेल होने के बाद ईशान किशन (76) और कप्तान सूर्यकुमार यादव (82) की आतिशी पारियों की बदौलत भारत ने दूसरे टी20 में न्यूज़ीलैंड को 7 विकेट से हराया, यह जीत 15.2 ओवर में आई। इस जीत के साथ भारत ने 5 मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त हासिल कर ली है।

न्यूजीलैंड ने रखा 209 रन का विशाल लक्ष्य

भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। हालांकि, यह निर्णय शुरुआती ओवरों में भारी पड़ता नजर आया। न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। पहले ओवर में ही कीवी बल्लेबाजों ने 18 रन बटोर लिए।

डेवोन कॉनवे और टिम सिफर्ट ने तेज शुरुआत की, लेकिन चौथे ओवर में हर्षित राणा ने कॉनवे को आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद वरुण चक्रवर्ती ने अपनी पहली ही गेंद पर टिम सिफर्ट को आउट कर मैच में वापसी कराई। सिफर्ट ने 13 गेंदों में 24 रन बनाए।

रचिन रविंद्र और सेंटनर की अहम पारियां

IND vs NZ 2nd T20I: ईशान किशन और सूर्यकुमार यादव का तूफान, भारत ने न्यूजीलैंड को 7 विकेट से हराया

लगातार विकेट गिरने के बावजूद न्यूजीलैंड की आक्रामकता कम नहीं हुई। रचिन रविंद्र ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 20 गेंदों में 36 रन बनाए, जिसमें चार छक्के शामिल थे। ग्लेन फिलिप्स (19 रन) और डेरिल मिशेल (12 रन) ने भी तेजी से रन जोड़े।कप्तान मिशेल सेंटनर ने जिम्मेदारी संभालते हुए 27 गेंदों पर नाबाद 47 रन की पारी खेली। उनकी इस पारी की बदौलत न्यूजीलैंड ने निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट पर 208 रन बनाए और भारत के सामने 209 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा।

रायपुर में ओस ने गेंदबाजों की मुश्किलें बढ़ा दीं। हर कुछ ओवरों में मैदान से ओस हटानी पड़ी। अर्शदीप सिंह का पहला ओवर काफी महंगा साबित हुआ, जिसमें उन्होंने 18 रन लुटाए। हालांकि, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव को एक-एक विकेट मिला। हार्दिक पांड्या ने किफायती गेंदबाजी करते हुए एक ओवर में सिर्फ सात रन दिए।

भारत की खराब शुरुआत

209 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। पहले ही दो ओवरों में भारत के दोनों सलामी बल्लेबाज पवेलियन लौट गए। संजू सैमसन ने 6 रन बनाए, जबकि पिछले मैच के हीरो अभिषेक शर्मा खाता भी नहीं खोल सके। महज सात गेंदों में दो विकेट गिरने से भारत दबाव में आ गया।

इसके बाद ईशान किशन और कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मोर्चा संभाला। ईशान किशन ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया और न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर करारा हमला बोला। उन्होंने सिर्फ 21 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। ईशान ने 32 गेंदों पर 76 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 11 चौके और 4 छक्के शामिल थे। उनकी स्ट्राइक रेट 237 से ज्यादा रही। ईशान की इस पारी ने मैच का रुख पूरी तरह भारत के पक्ष में मोड़ दिया।

IND vs NZ 2nd T20I: ईशान किशन और सूर्यकुमार यादव का तूफान, भारत ने न्यूजीलैंड को 7 विकेट से हराया

सूर्यकुमार यादव की कप्तानी पारी

ईशान किशन के साथ कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी गियर बदला और चौकों-छक्कों की झड़ी लगा दी। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 48 गेंदों में 122 रन की साझेदारी हुई। ईशा सोढ़ी ने ईशान को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा, लेकिन तब तक भारत जीत की राह पर काफी आगे निकल चुका था। सूर्यकुमार यादव ने 14 महीने और 23 पारियों के बाद टी20 इंटरनेशनल में अर्धशतक जमाया। उन्होंने 37 गेंदों में 82 रन की नाबाद पारी खेली, जिसमें 9 चौके और 4 छक्के शामिल थे।

दूसरे छोर पर शिवम दुबे ने भी शानदार समर्थन दिया। उन्होंने आते ही स्पिन गेंदबाजों को निशाने पर लिया और तेजी से रन बटोरे। दुबे 18 गेंदों में 36 रन बनाकर नाबाद लौटे। सूर्यकुमार और दुबे की साझेदारी ने भारत को आसानी से लक्ष्य तक पहुंचा दिया। भारत ने 15.2 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 211 रन बनाकर मुकाबला 7 विकेट से जीत लिया। यह मैच भारतीय धरती पर खेला गया 100वां टी20 इंटरनेशनल मुकाबला भी रहा, जिसे भारत ने यादगार बना दिया।

Leave a comment