IND vs NZ 4th T20: न्यूजीलैंड ने भारत को 50 रन से हराया, शिवम दुबे की धमाकेदार पारी बेकार

IND vs NZ 4th T20 Highlights: चौथे T20 में न्यूजीलैंड ने भारत को 50 रन से मात दी। शिवम दुबे की शानदार बल्लेबाज़ी भी टीम इंडिया को हार से नहीं बचा सकी। जानिए

IND vs NZ T20 Series 2026 के चौथे मुकाबले में भारतीय टीम को न्यूजीलैंड (New Zealand) के हाथों 50 रन से हार का सामना करना पड़ा। बुधवार को विशाखापत्तनम में खेले गए इस हाई-स्कोरिंग मुकाबले में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 215 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में टीम इंडिया 18.4 ओवर में 165 रन पर ऑलआउट हो गई।

स्पोर्ट्स न्यूज़: न्यूजीलैंड ने भारत को चौथे टी20 मुकाबले में 50 रन से हराकर मौजूदा सीरीज में अपनी पहली जीत दर्ज की। इससे पहले टीम इंडिया ने शुरुआती तीनों मुकाबले जीतकर सीरीज अपने नाम कर ली थी। बुधवार को विशाखापत्तनम में खेले गए इस मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड ने टिम सीफर्ट की अर्धशतकीय पारी की बदौलत 20 ओवर में सात विकेट पर 215 रन बनाए। 

लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम 18.4 ओवर में 165 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत की ओर से शिवम दुबे ने 65 रनों की शानदार पारी खेली, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके। इस हार के साथ सीरीज का स्कोर अब 3-1 हो गया है।

लक्ष्य का पीछा करते हुए लड़खड़ाई टीम इंडिया

216 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। पारी की पहली ही गेंद पर अभिषेक शर्मा आउट हो गए। इसके बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव भी जल्दी पवेलियन लौट गए, जिससे घरेलू टीम पर दबाव बढ़ गया। मध्यक्रम में रिंकू सिंह (39 रन) और संजू सैमसन (24 रन) ने पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन रन गति बढ़ाने में सफल नहीं हो सके। रिंकू एलबीडब्ल्यू आउट हुए, जबकि सैमसन क्लीन बोल्ड हो गए। हार्दिक पांड्या भी बड़ी पारी नहीं खेल पाए और 11 ओवर में भारत का स्कोर 82/5 हो गया।

शिवम दुबे की विस्फोटक पारी

मुश्किल हालात में शिवम दुबे ने एक छोर संभालते हुए शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर दबाव बनाया और खासतौर पर ईश सोढ़ी के एक ओवर में 29 रन बटोरकर मैच में रोमांच लौटा दिया। दुबे ने सिर्फ 15 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और 23 गेंदों में 65 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 7 छक्के शामिल थे। इस दौरान उन्हें DRS के जरिए जीवनदान भी मिला, जिसका उन्होंने भरपूर फायदा उठाया। हालांकि, दूसरे छोर से उन्हें पर्याप्त सहयोग नहीं मिला।

छठे विकेट के लिए हर्षित राणा के साथ 63 रन की साझेदारी जरूर हुई, लेकिन दुबे के दुर्भाग्यपूर्ण रनआउट होते ही भारत की जीत की उम्मीदें भी खत्म हो गईं। पूरी टीम 18.4 ओवर में 165 रन पर सिमट गई।

न्यूजीलैंड की पारी: टिम सीफर्ट का तूफान

इससे पहले, न्यूजीलैंड ने आक्रामक शुरुआत की। टिम सीफर्ट और डेवोन कॉनवे की सलामी जोड़ी ने भारतीय गेंदबाजों पर शुरू से ही दबाव बना दिया। सीफर्ट ने तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के एक ओवर में लगातार तीन चौके लगाए और बाद में बुमराह व हर्षित राणा के खिलाफ भी आक्रामक शॉट्स खेले।न्यूजीलैंड ने महज 4 ओवर में 50 रन पूरे कर लिए और पावरप्ले के अंत तक बिना विकेट गंवाए 71 रन बना लिए। सीफर्ट ने 36 गेंदों में 62 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 3 छक्के शामिल थे।

दूसरे छोर पर कॉनवे ने 44 रन बनाए और दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 100 रन की साझेदारी हुई। इस साझेदारी को कुलदीप यादव ने तोड़ा। मध्य ओवरों में भारतीय गेंदबाजों ने वापसी जरूर की, लेकिन अंत में डेरिल मिचेल ने शानदार फिनिशिंग की। उन्होंने 18 गेंदों में नाबाद 39 रन बनाकर न्यूजीलैंड को 200 के पार पहुंचाया। कीवी टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 215 रन बनाए। इस हार के बावजूद भारत IND vs NZ T20 Series में 3-1 से आगे है।

Leave a comment