टी20 विश्व कप 2026 में भारत ने अपने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 61 रन से हराकर टूर्नामेंट में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की। यह हाई-वोल्टेज मुकाबला कोलंबो के प्रतिष्ठित आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला गया, जहां भारतीय टीम ने ऑलराउंड प्रदर्शन के दम पर एकतरफा जीत दर्ज की।
स्पोर्ट्स न्यूज़: ICC Men's T20 World Cup के तहत रविवार को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए रोमांचक मुकाबले में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को 61 रनों से हराया। टॉस जीतकर पाकिस्तान ने पहले गेंदबाज़ी करने का फैसला किया और भारत को बल्लेबाज़ी का न्योता दिया।
भारतीय टीम की ओर से ईशान किशन ने तूफानी अंदाज़ में अर्धशतक जमाया, जिसकी बदौलत टीम इंडिया ने निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर 175 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम भारतीय गेंदबाज़ों के सामने टिक नहीं सकी और मात्र 18 ओवर में 114 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।

ईशान किशन की धमाकेदार पारी
टॉस जीतकर पाकिस्तान ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन भारतीय बल्लेबाजों ने इस निर्णय को गलत साबित कर दिया। युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 40 गेंदों में 77 रन बनाए। उनकी पारी में 10 चौके और तीन छक्के शामिल रहे। शुरुआत में तेज रन गति बनाए रखते हुए उन्होंने पाकिस्तान के स्पिन आक्रमण को दबाव में रखा।
कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 29 गेंदों में 32 रनों का योगदान दिया और मध्यक्रम को मजबूती प्रदान की। शिवम दुबे (27) और तिलक वर्मा (25) ने उपयोगी पारियां खेलीं। अंत में रिंकू सिंह ने चार गेंदों में 11 रन बनाकर टीम को 20 ओवर में सात विकेट पर 175 रन तक पहुंचाया। पाकिस्तान ने इस मैच में रणनीतिक बदलाव करते हुए 18 ओवर स्पिन गेंदबाजों से कराए, लेकिन भारतीय बल्लेबाजों ने समझदारी से खेलते हुए रन गति बनाए रखी। पाकिस्तान की ओर से सईम अयूब ने तीन विकेट लिए, जबकि सलमान अली आगा, शाहीन अफरीदी और उस्मान तारिक को एक-एक सफलता मिली।

भारतीय गेंदबाजों का दबदबा
176 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। पहले ही ओवर में हार्दिक पांड्या ने साहिबजादा फरहान को बिना खाता खोले पवेलियन भेज दिया। दूसरे ओवर में जसप्रीत बुमराह ने सईम अयूब और कप्तान सलमान अली आगा को आउट कर पाकिस्तान को गहरे संकट में डाल दिया।
हार्दिक पांड्या और जसप्रीत बुमराह ने दो-दो विकेट लेकर पाकिस्तान के शीर्ष क्रम को तहस-नहस कर दिया। इसके अलावा अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती ने भी दो-दो विकेट लेकर मध्यक्रम को संभलने का मौका नहीं दिया। पाकिस्तान की ओर से उस्मान खान ने सबसे ज्यादा 44 रन बनाए, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से कोई ठोस समर्थन नहीं मिला।
टीम के सात बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके। पूरी टीम 18 ओवर में 114 रन पर सिमट गई। यह मौजूदा टूर्नामेंट में भारत की लगातार तीसरी जीत है।










