IND W vs ENG W: इंग्लैंड महिला टीम को डबल झटका, भारत से करारी हार के बाद धीमी ओवर गति पर लगा जुर्माना

IND W vs ENG W: भारत से हारने के बाद इंग्लैंड महिला टीम पर स्लो ओवर रेट का जुर्माना लगा, डबल झटका लगा टीम को। जानें मैच की पूरी डिटेल और पेनल्टी की वजह

इंग्लैंड महिला टीम पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने भारत के खिलाफ खेले गए टी20 मैच में धीमी ओवर गति के कारण जुर्माना लगाया है। इंग्लैंड टीम पर मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है।

स्पोर्ट्स न्यूज़: इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम को भारत के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में शर्मनाक हार का सामना करने के बाद एक और तगड़ा झटका लगा है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने इंग्लैंड टीम पर धीमी ओवर गति के कारण मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया है। दरअसल शनिवार को नॉटिंघम में खेले गए पहले टी20 मैच में इंग्लैंड की टीम निर्धारित समय में दो ओवर कम फेंक पाई। 

इस कारण ICC ने खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के लिए बनाए गए आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 का हवाला देते हुए यह दंड लगाया। इस अनुच्छेद के मुताबिक, तय समय में गेंदबाजी नहीं करने पर हर ओवर के लिए 5 प्रतिशत जुर्माना लगाया जाता है। इंग्लैंड ने दो ओवर पीछे छोड़े, इसलिए कुल 10 प्रतिशत जुर्माना ठोका गया।

सिवर-ब्रंट ने माना गलती

IND W vs ENG W: इंग्लैंड महिला टीम को डबल झटका, भारत से करारी हार के बाद धीमी ओवर गति पर लगा जुर्माना

इंग्लैंड की कप्तान नेट सिवर-ब्रंट ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को स्वीकार कर लिया और सजा पर सहमति भी दी, जिसके चलते ICC को औपचारिक सुनवाई करने की जरूरत नहीं पड़ी। मैच रैफरी हेलेन पैक की निगरानी में मैदानी अंपायर जैकलीन विलियम्स, जेम्स मिडलब्रुक, तीसरे अंपायर सू रेडफर्न और चौथे अंपायर अन्ना हैरिस ने आरोप तय किए और जुर्माने की पुष्टि की।

ICC का सख्त संदेश

ICC ने अपने आधिकारिक बयान में कहा, खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के लिए आईसीसी आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के तहत निर्धारित समय में ओवर पूरे नहीं करने पर प्रति ओवर 5% का जुर्माना लगाया जाता है। इस बयान से साफ है कि ICC अब ओवर रेट में किसी भी तरह की ढिलाई को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेगा, चाहे वह पुरुष क्रिकेट हो या महिला।

मैच का पूरा हाल

IND W vs ENG W: इंग्लैंड महिला टीम को डबल झटका, भारत से करारी हार के बाद धीमी ओवर गति पर लगा जुर्माना

पहले टी20 में भारतीय महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। कप्तान स्मृति मंधाना की जबरदस्त शतकीय पारी की बदौलत भारत ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 210 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। मंधाना ने 68 गेंदों पर 112 रनों की पारी खेली जिसमें 14 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। जवाब में इंग्लैंड की टीम पूरी तरह बिखरी नजर आई। नेट सिवर-ब्रंट ने जरूर 66 रन बनाए, लेकिन बाकी बल्लेबाज टिक नहीं सकीं और पूरी टीम 14.5 ओवर में महज 113 रन पर सिमट गई। भारत की गेंदबाजी भी शानदार रही। 

श्री चरणी ने चार विकेट झटके, जबकि दीप्ति शर्मा और राधा यादव ने दो-दो विकेट लेकर इंग्लैंड की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। अमनजोत कौर और अरुंधति रेड्डी ने भी एक-एक विकेट लेकर भारत को 97 रनों की शानदार जीत दिलाई। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने पांच मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। 

अब अगला मुकाबला 1 जुलाई को ब्रिस्टल में खेला जाएगा, जहां इंग्लैंड की टीम वापसी की कोशिश करेगी और भारत सीरीज में बढ़त मजबूत करने के इरादे से उतरेगी।

Leave a comment