IND vs NZ ODI: भारत और न्यूजीलैंड में किसका रिकॉर्ड बेहतर? जानें Head to Head रिकॉर्ड

IND vs NZ ODI: भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे क्रिकेट में किस टीम का रिकॉर्ड बेहतर है? जानें दोनों टीमों के हेड टू हेड आंकड़े, कुल मैच, जीत और हार की

भारत और न्यूजीलैंड के बीच 4 नवंबर से पांच मैचों की वनडे सीरीज शुरू होगी। दोनों टीमें अब तक 123 वनडे खेल चुकी हैं। इनमें भारत ने 63 और न्यूजीलैंड ने 52 मुकाबले जीते हैं।

स्पोर्ट्स न्यूज़: भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 सीरीज खत्म होने के बाद अब वनडे मुकाबलों की तैयारी शुरू हो गई है। दोनों टीमों के बीच पांच मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला बुधवार, 4 नवंबर को ऑकलैंड में खेला जाएगा। भारतीय टीम में रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे अनुभवी बल्लेबाज भी शामिल हैं। इस बीच क्रिकेट फैंस के मन में सवाल है कि वनडे में दोनों टीमों का रिकॉर्ड कैसा रहा है। आंकड़े देखें तो अब तक भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड से ज्यादा मुकाबले जीते हैं।

123 वनडे में भारत ने जीते 63 मुकाबले

भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे क्रिकेट का इतिहास काफी पुराना है। दोनों टीमें पहली बार साल 1975 में वनडे मुकाबले में आमने-सामने आई थीं। इसके बाद से अब तक दोनों के बीच 123 मैच खेले जा चुके हैं। इन मुकाबलों में भारतीय टीम ने 63 बार जीत हासिल की है, जबकि न्यूजीलैंड ने 52 मैच अपने नाम किए हैं। दोनों के बीच एक वनडे टाई रहा है और सात मैचों का कोई नतीजा नहीं निकल सका।

इस हिसाब से कुल जीत के मामले में भारत न्यूजीलैंड से 11 मैच आगे है। हालांकि, न्यूजीलैंड की टीम ने भी कई बार भारत को बड़े मुकाबलों में हराया है. पिछले कुछ वर्षों में दोनों टीमों के बीच कई रोमांचक मैच देखने को मिले हैं। खासकर वनडे वर्ल्ड कप और आईसीसी टूर्नामेंट में भारत और न्यूजीलैंड की टक्कर हमेशा चर्चा में रही है।

न्यूजीलैंड में भारत का वनडे रिकॉर्ड कैसा रहा है?

भारत और न्यूजीलैंड के बीच अब तक खेले गए कुल वनडे मैचों में टीम इंडिया का पलड़ा भारी रहा है। लेकिन जब मुकाबले न्यूजीलैंड के मैदानों पर होते हैं, तो भारतीय टीम का रिकॉर्ड उतना अच्छा नहीं रहा। दोनों देशों के बीच न्यूजीलैंड में अब तक 45 वनडे मैच खेले गए हैं। इनमें से 26 मैच न्यूजीलैंड ने जीते हैं, जबकि भारत को सिर्फ 14 मुकाबलों में जीत मिली है। एक मैच टाई हुआ था और चार मैचों का कोई नतीजा नहीं निकल पाया।

न्यूजीलैंड में भारत अब तक सिर्फ दो बार द्विपक्षीय वनडे सीरीज जीत सका है। पहली जीत साल 2009 में मिली थी। उस समय महेंद्र सिंह धोनी टीम के कप्तान थे और भारत ने न्यूजीलैंड को 3-1 से हराया था। इसके दस साल बाद 2019 में विराट कोहली की कप्तानी में भारत ने फिर शानदार खेल दिखाया और पांच मैचों की सीरीज 4-1 से जीत ली। हालांकि, उस दौरे के बाद भारतीय टीम न्यूजीलैंड की धरती पर कोई वनडे मैच नहीं जीत पाई है। अब टीम के सामने इस रिकॉर्ड को सुधारने का मौका होगा।

भारत में न्यूजीलैंड का रिकॉर्ड कैसा है?

IND vs NZ ODI: भारत और न्यूजीलैंड में किसका रिकॉर्ड बेहतर? जानें Head to Head रिकॉर्ड

न्यूजीलैंड की टीम के लिए भारत में वनडे मैच जीतना आसान नहीं रहा है। दोनों देशों के बीच भारतीय मैदानों पर अब तक 43 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें टीम इंडिया ने 32 मैच जीते हैं, जबकि न्यूजीलैंड के हिस्से में केवल 10 जीत आई हैं। एक मुकाबला बिना नतीजे के खत्म हुआ था। हालांकि, जनवरी 2026 में न्यूजीलैंड ने भारतीय टीम को उसी के घर में हराकर बड़ा उलटफेर किया था। दोनों देशों के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली गई थी, जिसे न्यूजीलैंड ने 2-1 से अपने नाम किया।

सीरीज की शुरुआत भारत के लिए अच्छी रही थी। पहले मैच में टीम इंडिया ने चार विकेट से जीत दर्ज की थी। लेकिन इसके बाद मेहमान टीम ने जबरदस्त वापसी की। दूसरे वनडे में न्यूजीलैंड ने भारत को सात विकेट से हराया। फिर तीसरा मैच 41 रनों से जीतकर सीरीज भी अपने नाम कर ली। यह पहला मौका था, जब न्यूजीलैंड ने भारत में कोई द्विपक्षीय वनडे सीरीज जीती थी। अब भारतीय टीम के पास उस हार का जवाब देने का मौका है। हालांकि, न्यूजीलैंड को उसके घर में हराना आसान नहीं होगा।

रोहित शर्मा और विराट कोहली से रहेंगी बड़ी उम्मीदें

न्यूजीलैंड दौरे पर भारतीय टीम के दो अनुभवी बल्लेबाज रोहित शर्मा और विराट कोहली एक बार फिर मैदान पर दिखाई देंगे। दोनों खिलाड़ी टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह चुके हैं। अब वे सिर्फ वनडे मुकाबलों में भारत के लिए खेल रहे हैं। ऐसे में क्रिकेट फैंस की नजरें इन दोनों बल्लेबाजों पर रहेंगी। खासकर न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाजों के सामने रोहित और विराट किस तरह बल्लेबाजी करते हैं, यह देखना दिलचस्प होगा। 

दोनों के पास लंबे समय तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने का अनुभव है, जिसका फायदा भारतीय टीम को मिल सकता है। इस वनडे सीरीज के शुरुआती तीन मुकाबलों में शुभमन गिल भारतीय टीम की कप्तानी करेंगे। वहीं, आखिरी दो मैचों के लिए श्रेयस अय्यर को कप्तान बनाया गया है।

भारत-न्यूजीलैंड वनडे सीरीज कब और कहां होगी?

पांच मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 4 नवंबर को ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा वनडे 7 नवंबर को वेलिंगटन और तीसरा मैच 10 नवंबर को हैमिल्टन में होगा। चौथा मुकाबला 13 नवंबर और आखिरी वनडे 15 नवंबर को माउंट माउंगानुई के बे ओवल मैदान पर खेला जाएगा।

सभी पांच मैच भारतीय समय के अनुसार सुबह 7:30 बजे शुरू होंगे। भारत ने हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज 3-2 से जीती है। अब वनडे में टीम इंडिया के सामने न्यूजीलैंड के घरेलू रिकॉर्ड की चुनौती होगी।

Leave a comment