इंदौर मैराथन में दर्दनाक हादसा, कोलकाता निवासी आर्यन तोड़ी की दौड़ के दौरान मौत

इंदौर मैराथन में भाग ले रहे कोलकाता निवासी आर्यन तोड़ी की दौड़ के दौरान मौत हो गई। फिनिश लाइन से 100 मीटर पहले गिरने के बाद अस्पताल में मृत घोषित किया गया।

इंदौर मैराथन में भाग ले रहे कोलकाता निवासी आर्यन तोड़ी की दौड़ के दौरान मौत हो गई। फिनिश पॉइंट से 100 मीटर पहले वह गिर पड़ा। डॉक्टरों ने सीपीआर दिया, लेकिन अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया।

Madhya Pradesh: रविवार सुबह इंदौर में आयोजित मैराथन उस समय मातम में बदल गई, जब दौड़ में शामिल एक युवक की अचानक मौत हो गई। मृतक की पहचान आर्यन तोड़ी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से कोलकाता का रहने वाला था। आर्यन ने मैराथन के लिए विधिवत रजिस्ट्रेशन कराया था और पूरे उत्साह के साथ दौड़ में शामिल हुआ था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आर्यन मैराथन लगभग पूरी कर चुका था। नेहरू स्टेडियम स्थित फिनिश पॉइंट से महज 100 मीटर पहले उसकी अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह स्टेडियम के बाहर गिर पड़ा। उस समय मैराथन समाप्त हो चुकी थी और अन्य प्रतिभागी फिनिश लाइन पार कर चुके थे।

सीपीआर देकर बचाने की कोशिश

घटना के समय कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. भरत रावत भी वहीं मौजूद थे। उन्होंने तुरंत आर्यन को संभाला और उसे सीपीआर दिया। आसपास मौजूद लोगों ने भी मदद की और एम्बुलेंस को तुरंत बुलाया गया।

आर्यन को प्राथमिक उपचार के बाद एम्बुलेंस से एमवाय अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन और आयोजकों की सहमति से उसे बॉम्बे हॉस्पिटल भी ले जाया गया, लेकिन वहां भी डॉक्टरों ने मौत की पुष्टि कर दी।

हार्ट अटैक की आशंका

घटना की जानकारी मिलते ही आयोजन समिति के सदस्य और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। शुरुआती जांच में मौत की वजह हार्ट अटैक मानी जा रही है। हालांकि डॉक्टरों और पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

पुलिस ने बताया कि आर्यन के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। आगे की कानूनी प्रक्रिया पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर पूरी की जाएगी।

सवालों के घेरे में स्वास्थ्य जांच 

इस घटना के बाद मैराथन जैसे आयोजनों में प्रतिभागियों की स्वास्थ्य जांच को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि लंबी दूरी की दौड़ में भाग लेने से पहले स्वास्थ्य परीक्षण बेहद जरूरी है, खासकर युवाओं में बढ़ती हृदय संबंधी समस्याओं को देखते हुए।

हालांकि आयोजन समिति की ओर से अभी इस मामले में कोई औपचारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन इस दुखद घटना ने एक बार फिर खेल आयोजनों में मेडिकल सुविधाओं और सुरक्षा इंतजामों की अहमियत को उजागर कर दिया है।

Leave a comment