भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने मंगलवार को न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारतीय T20I और इंडिया ए टीम का ऐलान कर दिया है। वनडे और टेस्ट सीरीज के लिए टीम की घोषणा बाद में की जाएगी। अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की T20I टीम में वापसी हुई है।
स्पोर्ट्स न्यूज़: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारत की T20 इंटरनेशनल टीम का ऐलान कर दिया है। पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए 16 सदस्यीय टीम चुनी गई है। अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की लंबे समय बाद भारतीय T20I टीम में वापसी हुई है। वहीं, श्रेयस अय्यर को टीम की कप्तानी और तिलक वर्मा को उपकप्तानी की जिम्मेदारी दी गई है।
बीसीसीआई ने न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारत ए टीम की भी घोषणा की है। वनडे और टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान बाद में किया जाएगा। इस दौरे पर युवा और अनुभवी खिलाड़ियों के मिश्रण वाली टीम मैदान पर उतरेगी।
भुवनेश्वर कुमार की हुई वापसी
न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए सबसे बड़ा आकर्षण भुवनेश्वर कुमार की वापसी है। 36 वर्षीय तेज गेंदबाज ने हाल के दो आईपीएल सीजन में प्रभावी प्रदर्शन किया है। इसके बाद उनकी राष्ट्रीय टीम में वापसी की चर्चा लगातार तेज हो गई थी। भुवनेश्वर ने अपना पिछला T20I मुकाबला 2022 में न्यूजीलैंड के नेपियर में खेला था। वह भारतीय टीम के लिए 87 टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं, जिसमें उनके नाम 90 विकेट दर्ज हैं। नई टीम में उनकी मौजूदगी से तेज गेंदबाजी आक्रमण को अनुभव मिलने की उम्मीद है।
वहीं, स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को इस सीरीज के लिए आराम दिया गया है। स्पिनर वरुण चक्रवर्ती भी चोट से उबरने के बाद टीम में लौटे हैं। दूसरी ओर, रवि बिश्नोई को 16 सदस्यीय स्क्वॉड में जगह नहीं मिली है।
भारत की T20I टीम में कौन-कौन शामिल?
न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम इस प्रकार है:
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन, तिलक वर्मा (उपकप्तान), अक्षर पटेल, शिवम दुबे, नीतिश कुमार रेड्डी, नमन धीर, प्रिंस यादव, मयंक यादव, अर्शदीप सिंह, भुवनेश्वर कुमार, वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव।
इस टीम में युवा खिलाड़ियों को भी पर्याप्त अवसर दिया गया है। वैभव सूर्यवंशी, प्रिंस यादव और मयंक यादव जैसे खिलाड़ियों पर भी नजर रहेगी।

कब और कहां होंगे पांचों T20 मैच?
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की T20I सीरीज 22 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी। सीरीज का अंतिम मुकाबला 1 नवंबर को खेला जाएगा।
- 22 अक्टूबर 2026: पहला T20I – क्राइस्टचर्च
- 24 अक्टूबर 2026: दूसरा T20I – क्राइस्टचर्च
- 27 अक्टूबर 2026: तीसरा T20I – वेलिंगटन
- 30 अक्टूबर 2026: चौथा T20I – ऑकलैंड
- 1 नवंबर 2026: पांचवां T20I – हैमिल्टन
टी20 सीरीज के बाद भारत ए टीम भी न्यूजीलैंड दौरे पर तीन चार दिवसीय मुकाबले खेलेगी।
भारत A टीम की भी घोषणा
बीसीसीआई ने भारत A के 15 सदस्यीय स्क्वॉड का भी ऐलान किया है। इस टीम की कप्तानी विकेटकीपर-बल्लेबाज ध्रुव जुरैल करेंगे। ऋषभ पंत को फिटनेस के आधार पर टीम में शामिल किया गया है। यानी उनका दौरे पर खेलना उनकी फिटनेस पर निर्भर करेगा। भारत A टीम में यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, आर समरन, ऋषभ पंत, ध्रुव जुरैल, वॉशिंगटन सुंदर, आकिब नबी, आकाशदीप, अंशुल कंबोज, मानव सुथार, मुकेश चौधरी, साई सुदर्शन, यश राठौड़ और मुकेश कुमार शामिल हैं।
भारत A का न्यूजीलैंड दौरा
भारत A के तीन चार दिवसीय मुकाबलों का कार्यक्रम भी जारी कर दिया गया है।
- 24-27 अक्टूबर 2026: पहला चार दिवसीय मैच – लिंकन
- 31 अक्टूबर-3 नवंबर 2026: दूसरा मैच – क्राइस्टचर्च
- 7-10 नवंबर 2026: तीसरा मैच – लिंकन
न्यूजीलैंड दौरा भारतीय क्रिकेट के लिए कई मायनों में महत्वपूर्ण होगा। एक तरफ श्रेयस अय्यर की कप्तानी में T20 टीम नए संयोजन को आजमाएगी, वहीं भुवनेश्वर कुमार की वापसी अनुभवी तेज गेंदबाजी विकल्प को मजबूत करेगी।










