IPL 2025: पंजाब ने रोमांचक मुकाबले में राजस्थान को 10 रन से हराया | प्लेऑफ की ओर बड़ा कदम

IPL 2025 में पंजाब किंग्स ने राजस्थान रॉयल्स को 10 रन से हराकर प्लेऑफ की ओर अपनी दावेदारी मजबूत की। जानिए मैच की रोमांचक झलकियां, हीरो खिलाड़ी और पॉइंट्स टेबल
IPL 2025: पंजाब ने रोमांचक मुकाबले में राजस्थान को 10 रन से हराया | प्लेऑफ की ओर बड़ा कदम

पंजाब किंग्स ने आईपीएल 2025 में अपने शानदार अभियान को जारी रखते हुए राजस्थान रॉयल्स को एक रोमांचक मुकाबले में पराजित कर दिया। इस महत्वपूर्ण जीत के साथ पंजाब किंग्स ने प्लेऑफ की ओर मजबूती से कदम बढ़ा लिए हैं। 

स्पोर्ट्स न्यूज़: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के अंतिम चरण में पंजाब किंग्स ने प्लेऑफ की दौड़ में अपनी स्थिति को और मजबूत कर लिया है। जयपुर में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में पंजाब किंग्स ने राजस्थान रॉयल्स को 10 रन से हराकर अंक तालिका में दूसरा स्थान हासिल कर लिया है। इस जीत के साथ पंजाब के 17 अंक हो गए हैं और वह अब प्लेऑफ से मात्र एक कदम दूर है।

नेहाल-वढेरा और शशांक सिंह की तूफानी पारियां

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब किंग्स की शुरुआत खराब रही। टीम ने महज़ 34 रनों पर अपने तीन अहम विकेट गंवा दिए। लेकिन नेहाल वढेरा ने कप्तान श्रेयस अय्यर के साथ मिलकर पारी को संवारना शुरू किया। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 67 रनों की साझेदारी हुई, जिसने टीम को संकट से बाहर निकाला।

IPL 2025: पंजाब ने रोमांचक मुकाबले में राजस्थान को 10 रन से हराया | प्लेऑफ की ओर बड़ा कदम

नेहाल ने अपनी बल्लेबाजी से सभी को प्रभावित किया। उन्होंने केवल 25 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और अंततः 37 गेंदों पर पांच चौके और पांच छक्कों की मदद से 70 रनों की तेजतर्रार पारी खेली। उनके आउट होने के बाद बल्लेबाजी की कमान शशांक सिंह ने संभाली, जिन्होंने अंतिम ओवरों में गेंदबाजों पर जमकर प्रहार किया।

शशांक सिंह ने 30 गेंदों में पांच चौके और तीन छक्के लगाकर नाबाद 59 रन बनाए। उनके साथ अजमातुल्लाह ओमरजई ने सिर्फ 9 गेंदों में 21 रन (3 चौके, 1 छक्का) बनाकर पंजाब को एक विशाल स्कोर तक पहुंचाया। अंततः पंजाब किंग्स ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 219 रन बनाए। राजस्थान की ओर से गेंदबाज़ी में तुषार देशपांडे ने दो विकेट चटकाए, जबकि क्वेना मफाका, रियान पराग और आकाश मधवाल को एक-एक विकेट मिला।

राजस्थान की तेज शुरुआत, लेकिन फिर लड़खड़ाई पारी

220 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स को यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी ने तूफानी शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए महज़ 4.5 ओवर में 76 रन जोड़ दिए। वैभव ने 15 गेंदों में चार चौकों और चार छक्कों की मदद से 40 रन बनाए, जबकि यशस्वी ने 25 गेंदों में 9 चौके और एक छक्के के साथ 50 रन की आकर्षक पारी खेली।

हालांकि, दोनों ओपनर्स के आउट होते ही राजस्थान की रन गति पर असर पड़ा। मध्यक्रम में कप्तान संजू सैमसन (20 रन) और रियान पराग (13 रन) भी कुछ खास नहीं कर सके। एक छोर से ध्रुव जुरेल ने उम्मीदें ज़रूर जगाईं और 31 गेंदों पर 53 रनों की पारी खेली जिसमें 3 चौके और 4 छक्के शामिल थे।

IPL 2025: पंजाब ने रोमांचक मुकाबले में राजस्थान को 10 रन से हराया | प्लेऑफ की ओर बड़ा कदम

आखिरी ओवर बना निर्णायक

राजस्थान को जीत के लिए अंतिम ओवर में 22 रन की ज़रूरत थी, लेकिन पंजाब के तेज़ गेंदबाज़ मार्को यानसेन ने शानदार गेंदबाज़ी कर मैच पंजाब की झोली में डाल दिया। उन्होंने पहले ही ओवर में ध्रुव जुरेल को आउट किया और अगली ही गेंद पर वानिंदु हसरंगा को खाता खोले बिना पवेलियन भेजा। यानसेन हैट्रिक से चूक गए, लेकिन ओवर में केवल 11 रन देकर जीत सुनिश्चित कर दी।

राजस्थान अंत में 7 विकेट पर 209 रन ही बना सकी और मुकाबला 10 रन से हार गई। पंजाब की ओर से हरप्रीत बरार ने तीन विकेट चटकाए, जबकि यानसेन और ओमरजई को दो-दो विकेट मिले।

Leave a comment