5 जुलाई 2025 का दिन जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, जापान में बाबा वेंगा रियो तात्सुकी की भविष्यवाणी को लेकर लोगों में चर्चा तेज हो गई है। मांगा कॉमिक्स के लेखक रियो तात्सुकी ने इस तारीख को जापान में एक भयंकर भूकंप और सुनामी आने की चेतावनी दी थी।
Japani Baba Vanga Prediction: जापान में इन दिनों एक अजीब तरह की बेचैनी देखी जा रही है। वजह है — ‘जापानी बाबा वेंगा’ कहे जाने वाले रियो तात्सुकी की 2025 को लेकर की गई भविष्यवाणी। रियो तात्सुकी, जो पेशे से मांगा कॉमिक्स लेखक हैं, उन्होंने साल 1999 में प्रकाशित अपनी किताब ‘द फ्यूचर आई सॉ’ में 5 जुलाई 2025 के दिन जापान में एक विनाशकारी भूकंप और सुनामी आने की बात लिखी थी। जैसे-जैसे 5 जुलाई नजदीक आ रहा है, लोगों में डर और जिज्ञासा दोनों बढ़ते जा रहे हैं।
कितनी खतरनाक है भविष्यवाणी?
तात्सुकी का दावा है कि यह भूकंप 2011 के तोहोकू आपदा से भी कहीं ज्यादा घातक होगा, जिसमें करीब 20 हजार लोगों ने अपनी जान गंवाई थी। किताब के मुताबिक, जुलाई 2025 में जापान और फिलीपींस के बीच समुद्र में एक गहरी दरार पड़ेगी, जिससे प्रशांत महासागर में विशाल लहरें उठेंगी और ये लहरें रिम (प्रशांत के चारों ओर बसे देशों) में भारी तबाही मचाएंगी।
यही नहीं, उन्होंने चेतावनी दी कि यह सुनामी जापानी द्वीपसमूह के बड़े हिस्से को पूरी तरह नष्ट कर सकती है। तात्सुकी की कुछ पूर्ववाणियां पहले भी सच साबित होने के दावे किए गए, जिसके चलते लोग इसे हल्के में नहीं ले पा रहे हैं।
2011 के भूकंप और कोविड की भविष्यवाणी भी कही थी
दिलचस्प बात यह है कि तात्सुकी की किताब 2020 में अचानक चर्चा में आई, जब लोगों ने गौर किया कि इसमें 2011 के भूकंप का जिक्र था। किताब में लिखा था, मैंने देखा कि जापान के दक्षिण में समुद्र का जलस्तर अचानक बढ़ गया और विशाल लहरें उठीं। यह विवरण 2011 के भूकंप और सुनामी से मेल खाता है, जिसने हजारों लोगों की जान ली थी।
सिर्फ इतना ही नहीं, तात्सुकी ने अपनी कॉमिक्स में 2020 में एक घातक वायरस (कोविड-19) के फैलने की भी भविष्यवाणी की थी। उन्होंने लिखा था कि यह वायरस भविष्य में दोबारा लौटेगा, जिससे लोग और सरकारें फिर से घबराहट में पड़ जाएंगी।
फ्रेडी मर्करी और कोबे भूकंप का सपना भी बताया था
रियो तात्सुकी ने अपनी किताब में मशहूर गायक फ्रेडी मर्करी की मौत का सपना भी आने का दावा किया था। किताब में लिखा था कि 24 नवंबर 1976 को उन्हें मर्करी की मृत्यु का पूर्वाभास हुआ, और सच में 1991 में ठीक उसी तारीख को मर्करी का निधन हुआ। इसी तरह 1995 के ग्रेट हानशिन भूकंप (कोबे भूकंप) की भी भविष्यवाणी तात्सुकी ने पहले ही की थी, जिसमें 5000 से ज्यादा लोगों की जान गई थी। ऐसे उदाहरणों के चलते लोग उनकी 2025 वाली भविष्यवाणी को लेकर भी घबराए हुए हैं।
जापान भूकंप के लिहाज से बेहद संवेदनशील देश है, लेकिन वहां के वैज्ञानिक और प्रशासनिक अधिकारी रियो तात्सुकी की भविष्यवाणी को पूरी तरह नकारते हैं। जापानी मौसम विज्ञान एजेंसी का कहना है कि भूकंप और सुनामी की सटीक भविष्यवाणी विज्ञान के मौजूदा साधनों से संभव नहीं है, और कॉमिक बुक या सपने के आधार पर डरने की जरूरत नहीं है।
एक अधिकारी ने कहा, लोगों को अफवाहों से घबराने की जगह वैज्ञानिक तथ्यों पर भरोसा करना चाहिए। जापान में मजबूत आपदा प्रबंधन प्रणाली है, और किसी भी इमरजेंसी का सामना करने की पूरी तैयारी है।
15 साल का चक्र और ‘अगर-लेकिन’ की शर्त
रियो तात्सुकी की भविष्यवाणी को लेकर एक दिलचस्प बात और कही जाती है। बताया जाता है कि उनकी भविष्यवाणियां 15 साल के चक्र पर आधारित होती हैं। यानी अगर 5 जुलाई 2025 को कुछ नहीं होता, तो यह भविष्यवाणी 15 साल के लिए आगे खिसक जाएगी — यानी 2040 तक। ठीक ऐसा ही उन्होंने कोविड-19 के दोबारा लौटने को लेकर लिखा कि अगर 2030 में महामारी वापस नहीं आती, तो 2045 तक दुनिया सुरक्षित रहेगी।
सोशल मीडिया पर रियो तात्सुकी के नाम की जबरदस्त चर्चा है। कुछ लोग इसे बाबा वेंगा की तरह मानते हैं, जिनकी भविष्यवाणियों में भी कई बार सटीकता देखी गई थी। वहीं, दूसरी तरफ वैज्ञानिकों की चेतावनी के बाद लोग संयम भी रख रहे हैं। जापान में प्रशासन ने आपातकालीन सेवाओं को एक्टिव मोड में रखा है ताकि कोई भी प्राकृतिक आपदा आए तो तुरंत राहत पहुंचाई जा सके।