जेल से बाहर आएंगे अमृतपाल सिंह? पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में पैरोल याचिका पर आज होगी सुनवाई

अमृतपाल सिंह की पैरोल याचिका पर पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में आज महत्वपूर्ण सुनवाई होने वाली है। कोर्ट यह तय करेगा कि उन्हें जेल से बाहर आने की अनुमति मिलेगी या

पंजाब में खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह ने बुधवार को पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय में याचिका दाखिल कर अपनी अस्थायी रिहाई/पैरोल की मांग की है। यह याचिका संविधान के अनुच्छेद 226/227 के तहत दायर की गई है।

चंडीगढ़: पंजाब के खडूर साहिब से निर्वाचित सांसद अमृतपाल सिंह की पैरोल याचिका पर आज पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट सुनवाई करेगा। राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत गिरफ्तार अमृतपाल वर्तमान में असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद हैं। उन्होंने संसद के आगामी शीतकालीन सत्र (1 दिसंबर – 19 दिसंबर) में शामिल होने के लिए अस्थायी रिहाई की मांग की है।

अमृतपाल सिंह, जो बीते वर्ष खडूर साहिब से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में लोकसभा पहुंचे, ने अदालत में याचिका दायर कर कहा है कि एक सांसद होने के नाते संसद सत्र में उपस्थिति उनका संवैधानिक और लोकतांत्रिक अधिकार है।

याचिका में क्या कहा गया है?

अमृतपाल ने अपनी याचिका संविधान के अनुच्छेद 226/227 के तहत दाखिल की है, जिसमें केंद्र सरकार, पंजाब सरकार और जिला मजिस्ट्रेट अमृतसर को प्रतिवादी बनाया गया है। याचिका में NSA Act 1980 की धारा 15 के अनुसार अस्थायी रिहाई की मांग की गई है। उन्होंने कहा है कि संसद सत्र में भाग लेने के लिए उनकी उपस्थिति आवश्यक है।

उनके वकीलों ने तर्क दिया है कि एक चुने हुए जनप्रतिनिधि को अपने संसदीय कर्तव्यों का निर्वहन करने का अवसर मिलना चाहिए। हाईकोर्ट आज इस मामले पर विस्तृत सुनवाई करेगा, जिससे यह स्पष्ट होगा कि अमृतपाल सिंह को शीतकालीन सत्र में शामिल होने की अनुमति मिलेगी या नहीं।

कौन हैं अमृतपाल सिंह?

अमृतपाल सिंह 2023 में तब सुर्खियों में आए जब वे “वारिस पंजाब दे” संगठन से जुड़े और खालिस्तान समर्थक रुख के चलते चर्चा में बने रहे।
23 फरवरी 2023 को अजनाला थाने में हुए एक बड़े विवाद ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर केंद्र में ला दिया। अमृतपाल सिंह और उनके समर्थक बड़ी संख्या में अजनाला थाने पहुंचे और अपने एक साथी की गिरफ्तारी के विरोध में हिंसक प्रदर्शन किया।

  • इस घटना में SP जुगराज सिंह
  • ASI जतिंदर सिंह
  • और एक होमगार्ड जवान गंभीर रूप से घायल हुए थे।

अजनाला थाना पुलिस ने अमृतपाल और उनके समर्थकों पर गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया। इसके बाद पंजाब सरकार ने उन पर राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) लगाया और उन्हें अप्रैल 2023 में डिब्रूगढ़ जेल भेज दिया गया।

NSA के तहत गिरफ्तारी और जेल में रहने के बावजूद, 2024 लोकसभा चुनाव में अमृतपाल सिंह ने पंजाब की खडूर साहिब सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा। राजनीतिक विश्लेषकों की उम्मीदों के विपरीत मजबूत राजनीतिक दलों को पछाड़ते हुए अमृतपाल सिंह ने उल्लेखनीय अंतर से जीत दर्ज की।

Leave a comment